Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

PMFME योजना में सर्वाधिक स्वीकृतियों के लिए बिहार को मिला ‘बेस्ट स्टेट’ सम्मान

PMFME योजना में सर्वाधिक स्वीकृतियों के लिए बिहार को मिला ‘बेस्ट स्टेट’ सम्मान

नई दिल्ली/पटना, 25 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के प्रभावी क्रियान्वयन और सर्वाधिक स्वीकृतियाँ प्राप्त करने के लिए बिहार को ‘बेस्ट स्टेट’ के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। नई दिल्ली में आयोजित पीएमएफएमई कॉन्क्लेव में बिहार को यह सम्मान सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को बढ़ावा देने और छोटे उद्यमियों को संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।

यह सम्मान बिहार में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के औपचारिकीकरण, उद्यमिता को प्रोत्साहन तथा स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन की दिशा में राज्य की बढ़ती सक्रियता को रेखांकित करता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार सूक्ष्म, लघु एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को रोजगार और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान ने बिहार को प्राप्त ‘बेस्ट स्टेट’ सम्मान प्रदान किया। बिहार की ओर से यह सम्मान उद्योग विभाग के निदेशक, एमएसएमई एवं खाद्य प्रसंस्करण, श्री अमन समीर ने ग्रहण किया।

इस अवसर पर श्री चिराग पासवान ने कहा कि PMFME योजना का उद्देश्य देशभर के छोटे खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ना तथा उन्हें आवश्यक वित्तीय और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराना है। बिहार द्वारा सर्वाधिक स्वीकृतियाँ प्राप्त कर ‘बेस्ट स्टेट’ का सम्मान हासिल करना राज्य में उद्यमिता और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की बढ़ती संभावनाओं का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बिहार के उद्यमियों के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने जताई खुशी


बिहार की इस उपलब्धि पर उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि PMFME योजना के तहत मिला ‘बेस्ट स्टेट’ सम्मान राज्य के सूक्ष्म उद्यमियों तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में कार्य कर रहे उद्यमियों की क्षमता और मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छोटे उद्यमियों को वित्तीय सहायता, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार से जुड़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान बिहार में स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमिता को नई गति देने के साथ-साथ युवाओं और छोटे कारोबारियों को खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में नए उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगा।

खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा


PMFME योजना का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों का औपचारिकीकरण और उन्नयन करना है। इसके तहत उद्यमियों को तकनीकी उन्नयन, आधारभूत संरचना, ब्रांडिंग, क्षमता निर्माण और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।

बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य में इस योजना का महत्व और बढ़ जाता है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण, पैकेजिंग और ब्रांडिंग कर उन्हें बड़े बाजार तक पहुंचाने से किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों की आय बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होती हैं।बिहार को मिला ‘बेस्ट स्टेट’ सम्मान इसी दिशा में राज्य की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है। इससे प्रदेश में सूक्ष्म उद्यमिता, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन को गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही, यह सम्मान छोटे एवं सूक्ष्म उद्यमियों को आगे बढ़ने तथा नए उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ