मेगा परियोजनाओं को समयसीमा में पूरा करने का निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नहीं : भवन निर्माण विभाग के सचिव

पटना, 25 अगस्त 2026। भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार ने विभाग की विभिन्न मेगा परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। निर्धारित अवधि में कार्य पूरा नहीं करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
विश्वेश्वरैया भवन स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सचिव ने संरचना उपभाग के सभी प्रमंडलों, विद्युत प्रमंडल सहित, की परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में बिहार विधान सभा परिसर में डिजिटल संग्रहालय, बिहार लोक भवन परिसर की निर्माणाधीन परियोजनाएं, संयुक्त कार्यालय भवन, जीविका मुख्यालय भवन, एसडीआरएफ बिहटा के शेष कार्य तथा बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक में विभाग के अपर सचिव, अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।
बिहार लोक भवन परिसर में निर्माण कार्य तेज
बिहार लोक भवन, पटना परिसर में निर्माणाधीन राजेन्द्र भवन, राज्यपाल सचिवालय एवं अतिथि गृह के कार्यों की भी समीक्षा की गई। अतिथि गृह का G+1 भवन निर्माण के अग्रिम चरण में है और इसे शीघ्र पूरा करने की दिशा में कार्य चल रहा है। वहीं राजेन्द्र भवन B+G+1 तथा राज्यपाल सचिवालय B+G+2 संरचना में विकसित किया जा रहा है।
डिजिटल संग्रहालय में दिखेगा बिहार विधानसभा का गौरवशाली इतिहास
बिहार विधान सभा परिसर में लगभग 1.74 एकड़ भूखंड पर डिजिटल संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में प्लिंथ से प्रथम तल तक कॉलम की शटरिंग एवं आरसीसी ढलाई तथा ग्राउंड फ्लोर की छत की शटरिंग का कार्य प्रगति पर है।
भू-तल समेत एक मंजिला इस डिजिटल संग्रहालय में बिहार विधानसभा के गठन से लेकर अब तक के सभी मुख्यमंत्रियों, विधानसभा अध्यक्षों, विधान परिषद के सभापति एवं विधायकों से संबंधित जानकारी डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी। इसके साथ ही पिछले 100 वर्षों के बिहार विधानमंडल के गौरवशाली इतिहास को भी डिजिटल स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय का निर्माण लगभग पूर्ण
पटना में लगभग 5 एकड़ भूखंड पर विकसित किए जा रहे बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। परिसर में कुछ आवश्यक कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय का मुख्य भवन G+4 संरचना में विकसित किया गया है, जिसमें आधुनिक प्रशासनिक आवश्यकताओं के साथ छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।
संयुक्त कार्यालय भवन और जीविका मुख्यालय की भी समीक्षा
पटना के पूर्वी गार्डिनर रोड पर निर्माणाधीन संयुक्त कार्यालय भवन का कार्य भी अग्रिम चरण में है। भवन में प्लास्टर एवं पुट्टी का कार्य चल रहा है। सचिव ने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। इस भवन के निर्माण से विभिन्न कार्यालयों के संचालन एवं प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बैठक में लगभग 0.92 एकड़ भूखंड पर बनने वाले जीविका मुख्यालय भवन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रस्तावित जीविका मुख्यालय भवन G+7 संरचना का होगा।
बांका अभियंत्रण महाविद्यालय में अतिरिक्त भवनों का निर्माण
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, बांका परिसर में अतिरिक्त भवनों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। इसके अंतर्गत प्रशासनिक भवन, बालक एवं बालिका छात्रावास तथा गेस्ट हाउस सहित अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
इसके अलावा एसडीआरएफ, बिहटा में बचे हुए कार्यों को भी तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
स्थल निरीक्षण और गुणवत्ता पर विशेष जोर
सचिव श्री प्रणव कुमार ने परियोजनाओं के निर्माण में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर करने पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित स्थल निरीक्षण करने को कहा। सचिव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि परियोजनाओं के निर्माण में लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा गुणवत्ता में कमी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि समयबद्धता और गुणवत्तापूर्ण निर्माण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews