“अंत:प्रज्ञा की तलाश”
पंकज शर्मापाषाणमयी इस जगत में,
मृदुल स्पर्श की तलाश कहाँ?
कंटक-पथ की निष्ठुर गति में,
अमलतास-सी सुवास कहाँ?
हृदय हुआ जड़ शैल-खण्ड-सा,
करुणा की अनुगूंज कहाँ?
संवेदना की शिथिल शिराएँ—
स्पंदन का वह राग कहाँ?
निशि का यह अभेद्य आवरण,
तम की अनिर्वचनीय व्यथा,
अरुणिमा की मूक प्रतीक्षा में,
किससे पूछे मन की कथा?
भटक रही चेतना स्वयं में,
उजियारे की तलाश लिए,
अंतःस्थ गहन गर्तों में,
स्वयं से ही संन्यास लिए।
रिसता है जो न दिखता घाव,
अवचेतन की गूढ़ दरार,
पीड़ा की निःशब्द नदी में,
डूबा हर एक आत्म-विचार।
स्मृति-वन में शूल पले हैं,
औषधि का कोई बोध नहीं,
तलाश रही है व्याकुल सत्ता—
परिभाषा भी शेष नहीं।
मिथ्या हँसी के आवरणों में,
छिपा हुआ अस्तित्व विकल,
मुख पर उजली रेखाएँ हैं,
भीतर अनाम अंधकार विकट।
अश्रु, चेतना के गर्भस्थ,
दुख का असीम विस्तार लिए,
किससे पूछे यह रिक्त हृदय—
स्वर भी अपने पार लिए?
यह जीवन—एक अनुत्तर प्रश्न,
मरुस्थल की मृगतृष्णा-सा,
तलाश रहा जो सत्य स्वयं को,
वह भी लगता सपना-सा।
रेतिल स्मृतियों के पृष्ठों पर,
लिखा हुआ क्षणभंगुर नाम,
कौन पढ़ेगा इस शून्य को—
कौन समझेगा इसका धाम?
पर सुन, ओ चंचल अंत:सत्ता!
तलाश में भी एक बोध है,
तिमिर-घनत्व के उस पार कहीं,
स्वयं प्रकाश का ही शोध है।
बाह्य दिशाओं में मत भटको,
दीपक अंतर में ही जले,
अज्ञेय सत्य की उस लय में,
स्वर अपने आप ही ढले।
परिवर्तन के इस प्रवाह में,
अपरिवर्तन का मौन निवास,
सत्-चित्-आनंद का स्पर्श लिए,
वह आत्मा—निरुपाधि प्रकाश।
तलाश उसी की कर, जो नित्य,
जो न विकल, न ही विनाश,
जिसकी छवि में जग प्रतिबिंबित,
जो स्वयं में ही है प्रकाश।
त्याग दे बाह्याभासों का मोह,
अंतर का संबल पहचान,
तलाश नहीं जो बाहर फैला—
वह तेरे ही भीतर गुमान।
जब आत्मतत्त्व का बोध जगे,
भंग हो अज्ञान का बंधन,
तब पाषाण भी कंचन होगा,
और मौन बनेगा स्पंदन।
. स्वरचित, मौलिक एवं अप्रकाशित
✍️ "कमल की कलम से"✍️ (शब्दों की अस्मिता का अनुष्ठान)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8


0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews