विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के लिए बिहार में शुरू हुई व्यापक तैयारी
- छह चरणों में होगी युवा प्रतिभाओं की खोज, 9.90 लाख पंजीकरण का लक्ष्य; 9 सितंबर तक 35,220 युवाओं ने कराया पंजीकरण
पटना। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय युवा दिवस के क्रम में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027’ (VBYLD-2027) का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं को विकसित भारत @2047 के विजन से जोड़ना तथा उन्हें अपने विचार, नवाचार और नेतृत्व क्षमता प्रस्तुत करने का अवसर देना है।
पिछले संस्करण VBYLD-2026 में देशभर से 50 लाख से अधिक उत्साही युवाओं ने भाग लिया था। युवाओं ने ‘MY Bharat’ और ‘MY Gov’ पोर्टल के माध्यम से विकसित भारत क्विज में सहभागिता की। मेरिट आधारित बहु-चरणीय प्रक्रिया के माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 3,000 ऊर्जावान युवाओं का चयन विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2026 के लिए किया गया था।
छह प्रमुख क्षेत्रों में युवाओं को मिलेगा मंच
VBYLD-2027 को छह प्रमुख ट्रैक पर आधारित किया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं की अलग-अलग प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है।
पहला-विकसित भारत चैलेंज ट्रैक।
इसमें युवाओं को विकसित भारत @2047 के विजन के अनुरूप अपने नए और अनोखे विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। तीन चरणों वाली प्रक्रिया में क्विज, निबंध और प्रेजेंटेशन शामिल होंगे। वर्ष 2027 के संस्करण के लिए इस ट्रैक को 10 क्षेत्रीय समूहों में पुनर्गठित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके तथा क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और युवा नेतृत्व की पहचान बेहतर ढंग से हो सके।
दूसरा-सांस्कृतिक ट्रैक।
इस ट्रैक का उद्देश्य भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का जश्न मनाना, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना और युवाओं की रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना है। जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लोक नृत्य, लोकगीत, पेंटिंग, भाषण और कविता लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इससे युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
तीसरा-डिजाइन फॉर भारत।
यह राष्ट्रीय डिजाइन चुनौती वास्तविक दुनिया की विकास संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए युवा डिजाइनरों की रचनात्मक क्षमता का उपयोग करेगी। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में निर्धारित नोडल डिजाइन संस्थानों के माध्यम से प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतिभागी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप नए और यूजर-सेंट्रिक समाधान विकसित करेंगे। प्रत्येक राज्य/केंद्रशासित प्रदेश की शीर्ष टीम राष्ट्रीय दौर के लिए क्वालीफाई करेगी।
चौथा-हैक फॉर सोशल गुड।
तकनीक आधारित इस इनोवेशन चैलेंज में युवा टेक्नोलॉजिस्ट, विद्यार्थी और इनोवेटर्स गंभीर सामाजिक एवं विकास संबंधी समस्याओं के लिए बड़े पैमाने पर लागू किए जा सकने वाले डिजिटल समाधान विकसित करेंगे। प्रतियोगिता में नवाचार, व्यवहार्यता और सामाजिक प्रभाव पर विशेष जोर रहेगा। राष्ट्रीय फिनाले में विशेषज्ञों के समक्ष चयनित टीमें कार्यशील प्रोटोटाइप प्रस्तुत करेंगी।
पांचवां-यूथ एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज।
वर्ष 2027 में युवा प्रोफेशनल्स के लिए नया ट्रैक शुरू किया गया है। इसमें ‘विकसित भारत’ की प्राथमिकताओं के अनुरूप स्टार्टअप पिच और बिजनेस प्लान आमंत्रित किए जाएंगे। इसके लिए विस्तृत दिशानिर्देश और मूल्यांकन के मानदंड अलग से जारी किए जाएंगे।
छठा-यूथ पार्लियामेंट।
वर्ष 2027 के लिए यूथ पार्लियामेंट को भी विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग से जोड़ा गया है। इसके फाइनलिस्ट VBYLD के राष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। हालांकि पिछले संस्करणों के फाइनलिस्ट बाद के वर्षों में आयोजित होने वाले यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रमों में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।
छह चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
VBYLD-2027 की चयन प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से होगी।
चरण-1 डिजिटल:
‘विकसित भारत क्विज’ का आयोजन MY Bharat पोर्टल पर कई भाषाओं में किया जाएगा। इसमें अलग-अलग प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। क्विज राउंड में चयनित प्रतिभागी दूसरे चरण यानी निबंध राउंड में जाएंगे। सभी जिलों से उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
चरण-2 डिजिटल-निबंध प्रतियोगिता:
पहले चरण में चयनित प्रतिभागी MY Bharat पोर्टल के माध्यम से निर्धारित विषय पर 500 शब्दों का निबंध जमा करेंगे। निबंधों का मूल्यांकन संबंधित राज्य/केंद्रशासित प्रदेश सरकार द्वारा नियुक्त विषय-विशेषज्ञों के माध्यम से किया जाएगा।
चरण-3-जिला चैंपियनशिप:
जिला स्तर पर PPT राउंड के लिए प्रत्येक जिले से शीर्ष 50 निबंधों का चयन किया जाएगा। जिला स्तरीय विषय संबंधित क्षेत्रीय थीम पर आधारित होंगे, जिन्हें राज्य के संदर्भ में लागू किया जाएगा। प्रत्येक जिले के शीर्ष दो प्रस्तोताओं को राज्य संस्करण यानी State VBYLD के लिए पात्रता मिलेगी।
चरण-4-राज्य/केंद्रशासित प्रदेश VBYLD:
राज्य स्तर पर चुने गए प्रतिभागी राज्य मुख्यालय में व्यक्तिगत प्रस्तुतियां देंगे। राष्ट्रीय दौर के लिए राज्य टीम का गठन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। पिछले वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर भाग ले चुके प्रतिभागियों को इस वर्ष के कार्यक्रम के लिए पात्र नहीं माना जाएगा।
चरण-5-राष्ट्रीय संवाद:
10 क्षेत्रीय विषयों के अंतर्गत चुने गए प्रतिभागी VBYLD के राष्ट्रीय दल का हिस्सा बनेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर वे अपने विषय की जानकारी सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों के सामने प्रस्तुत करेंगे। प्रत्येक क्षेत्र की एक टीम प्रधानमंत्री के सामने भी अपनी प्रस्तुति देगी।
अगस्त 2026 से जनवरी 2027 तक चलेगी प्रक्रिया
कार्यक्रम की प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार-
- चरण-1 विकसित भारत क्विज (डिजिटल): 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026
- चरण-2 विकसित भारत निबंध प्रतियोगिता: 5 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026
- निबंध मूल्यांकन: 22 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026
- चरण-3 जिला चैंपियनशिप: 10 नवंबर से 16 नवंबर 2026
- चरण-4 राज्य संस्करण: 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026
- चरण-5 VBYLD राष्ट्रीय संवाद, नई दिल्ली: 10 से 12 जनवरी 2027
बिहार में 9.90 लाख पंजीकरण का लक्ष्य
बिहार के लिए इस कार्यक्रम में 9,90,000 युवा प्रतिभागियों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत प्रतिदिन बिहार से 66,000 युवा प्रतिभागियों का ऑनलाइन पंजीकरण कराने का लक्ष्य रखा गया है।
दस्तावेज के अनुसार 9 सितंबर 2026 तक बिहार में 35,220 पंजीकरण हो चुके थे। लक्ष्य को पूरा करने के लिए MY Bharat स्वयंसेवक और जिला युवा अधिकारी लगातार शैक्षणिक संस्थानों-विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, स्कूलों और कोचिंग संस्थानों-में जाकर छात्रों के बीच क्विज प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण करा रहे हैं।
विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से सहयोग की अपील
बिहार में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए राज्य स्तर से विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों से अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण कराने का आग्रह किया गया है। दस्तावेज में बताया गया है कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्तर से भी राज्यपाल के स्तर पर विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को अधिकाधिक पंजीकरण के लिए निर्देशित करने का अनुरोध किया गया है।
राज्य स्तर पर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि निर्धारित अवधि के भीतर बिहार के लिए तय लक्ष्य पूरा किया जा सके।
युवाओं के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व का अवसर
VBYLD-2027 केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को विचार से नेतृत्व और नेतृत्व से नीति-निर्माण तक जोड़ने की एक बहुस्तरीय प्रक्रिया के रूप में सामने आता है। क्विज और निबंध से शुरू होने वाली यात्रा जिला चैंपियनशिप, राज्य स्तरीय प्रस्तुति और अंततः राष्ट्रीय संवाद तक पहुंचती है।
खास बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया में केवल अकादमिक प्रतिभा ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक रचनात्मकता, डिजाइन सोच, तकनीकी नवाचार, सामाजिक समस्या समाधान और उद्यमिता जैसी क्षमताओं को भी महत्व दिया गया है। इस दृष्टि से VBYLD-2027 युवाओं को विकसित भारत @2047 के लक्ष्य से जोड़ने के लिए एक व्यापक मंच तैयार करता है।बिहार में 9.90 लाख युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य इस अभियान को राज्य के स्तर पर भी महत्वपूर्ण बनाता है। अब चुनौती यह है कि निर्धारित समय-सीमा में पंजीकरण की गति को बढ़ाते हुए अधिकाधिक युवाओं को इस राष्ट्रीय संवाद से जोड़ा जाए।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews