Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

मदर प्राइड स्कूल में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चि का हुआ भव्य सम्मान

मदर प्राइड स्कूल में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चि का हुआ भव्य सम्मान

  • नन्हे बच्चों के हस्तनिर्मित शुभकामना कार्ड बना समारोह का मुख्य आकर्षण
रिपोर्ट डॉ अनमोल कुमार

गया। मदर प्राइड स्कूल, चाणक्यपुरी, गया में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समाज की सेवा में निरंतर समर्पित चिकित्सकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार ने उनका पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, आत्मीयता और सम्मान का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने प्रेरणादायक भाषण, कविता, मनमोहक नृत्य एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से चिकित्सकों के प्रति अपना सम्मान एवं आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

समारोह का सबसे भावुक एवं आकर्षक क्षण तब आया जब मदर प्राइड प्ले ग्रुप के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने हाथों से बनाए गए सुंदर हस्तनिर्मित शुभकामना कार्ड डॉक्टरों को भेंट किए। बच्चों की मासूम मुस्कान, स्नेह और रचनात्मकता से सजे इन कार्डों ने सभी चिकित्सकों का हृदय जीत लिया। चिकित्सकों ने बच्चों के इस स्नेहपूर्ण प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय पल है।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. भोला भाई, डॉ. अनीता कुमारी, डॉ. कुमार गौतम, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. क्रांति किशोर, डॉ. यू. एस. अरुण, डॉ. सुनीता शर्मा, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. आलोक कुमार, डॉ. ज्योति रॉय डॉ. पी. के. वर्मा ,एवं डॉ. उमेश कुमार उपस्थित रहे। सभी चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा मानव सेवा की भावना को जीवन का सर्वोच्च मूल्य मानने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के सचिव एवं गया जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री रजनीश कुमार ‘झुन्ना’ भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभी सम्मानित चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि चिकित्सक अपने ज्ञान, सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं से समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने का महान कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मदर प्राइड स्कूल द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में सेवा, संवेदनशीलता, कृतज्ञता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करते हैं।

विद्यालय के निदेशक श्री विनीत कुमार ने अपने संबोधन में कहा, “चिकित्सक मानवता के सच्चे प्रहरी हैं। उनका समर्पण, सेवा और त्याग हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। समाज के इन महान सेवकों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।” उन्होंने सभी सम्मानित चिकित्सकों का विद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मध्यमेश्वर सिंह ने कहा, “राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस हमें उन कर्मयोगी चिकित्सकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है, जो दिन-रात मानव जीवन की रक्षा के लिए समर्पित रहते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से चिकित्सकों के सेवा-भाव, अनुशासन और समर्पण से प्रेरणा लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित चिकित्सकों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए तथा समूह छायाचित्र के साथ समारोह का समापन हुआ। इसके उपरांत सभी चिकित्सकों ने मदर प्राइड प्ले स्कूल की नवीन शाखा का भ्रमण किया। विद्यालय की आधुनिक एवं बाल-अनुकूल शैक्षणिक व्यवस्था, सुरक्षित वातावरण तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध सुविधाओं की उन्होंने सराहना की। चिकित्सकों ने कहा कि मदर प्राइड प्ले स्कूल की यह नई शाखा छोटे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा ऐसे संस्कारित, प्रतिभाशाली और जिम्मेदार नागरिक तैयार करेगी, जो भविष्य में राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देंगे।

यह आयोजन न केवल चिकित्सकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक बना, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता, मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला एक प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय अवसर भी सिद्ध हुआ।

हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ