Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

हे गंगा मैया, मेरे पापा का रखना ध्यान

हे गंगा मैया, मेरे पापा का रखना ध्यान

कुमार महेंद्र

विगत दिवस की मधुर स्मृतियाँ,
अश्रु बन नयनों से झरती हैं।
पिता-प्रेम की अंतिम निशानियाँ,
आज अंजलि में महकती हैं।
छूट गए सब सांसारिक बंधन,
अब अमर धाम का हो प्रस्थान।
हे गंगा मैया, मेरे पापा का रखना ध्यान।।


काँप रहे हैं हाथ आज ये,
अस्थि-कलश को थामे हुए।
मन में उमड़े शोक-समंदर,
मौन अधर हैं थामे हुए।
कल-कल करती पावन धारा,
कर देना उनका कल्याण।
हे गंगा मैया, मेरे पापा का रखना ध्यान।।


तेरे निर्मल, पावन जल में,
जीवन का आधार समर्पित।
धुल जाएँ सब कर्म-विपाक,
हो हर बंधन आज विसर्जित।
मोक्ष-पथ की दिव्य डगर पर,
करना उनको मोक्ष प्रदान।
हे गंगा मैया, मेरे पापा का रखना ध्यान।।


जिनकी उँगली थामे मैंने,
जीवन जीने का ज्ञान लिया।
अपने हिस्से धूप सँजोई,
मुझको सदा आसमान दिया।
ऐसे पुण्यात्मा पिताश्री को,
अपने श्रीचरणों में देना स्थान।
हे गंगा मैया, मेरे पापा का रखना ध्यान।।


मेरे हर दुःख को अपनाकर,
अपने अधरों पर मुस्कान रखी।
मेरे सुख की खातिर जीवन भर,
अपने सुख की चिंता न की।
ऐसे त्यागमूर्ति जनक को माँ,
देना अमर शांति का वरदान।
हे गंगा मैया, मेरे पापा का रखना ध्यान।।


मैं तो अब अनाथ हुआ माँ,
टूट गया जीवन का संबल।
सूना-सूना आँगन लगता,
मौन हुआ घर का हर पल।
तुम ही अब वात्सल्य की छाया,
रखना उन पर कृपा महान।
हे गंगा मैया, मेरे पापा का रखना ध्यान।।


जब-जब यादों की पुरवाई,
मन-वीणा को छेड़ जाएगी।
तेरी पावन लहरों में माँ,
उनकी छवि मुस्काती आएगी।
इतना सा वर मुझको देना,
उनकी सीख बने मेरी शान।
हे गंगा मैया, मेरे पापा का रखना ध्यान।।


अंत नहीं यह प्रेम हमारा,
तन जाता है, स्नेह नहीं।
पिता सदा संतानों के मन में,
होते केवल देह नहीं।
जहाँ कहीं भी रहें पिताश्री,
मिले उन्हें नित अमर सम्मान।
हे गंगा मैया, मेरे पापा का रखना ध्यान।।


कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ