फिजी की धरती पर राष्ट्रकवि ‘दिनकर’ की गूंज हिन्दी को सशक्त बनाने में न्यू मीडिया अर्थात सोशल मीडिया की अहम भूमिका : डॉ. विपिन कुमार

फिजी की धरती पर राष्ट्रकवि ‘दिनकर’ की गूंज हिन्दी को सशक्त बनाने में न्यू मीडिया अर्थात सोशल मीडिया की अहम भूमिका : डॉ. विपिन कुमार

दिव्य रश्मि संवाददाता  जितेन्द्र कुमार सिन्हा, 
12वां विश्व हिन्दी सम्मेलन 15-17 फरवरी के बीच फिजी में आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश-विदेश के अनेक विद्वान एवं सरकारी प्रतिनिधि सम्मिलित हुए हैं। सम्मेलन के प्रथम दिन ‘हिन्दी एवं मीडिया का विश्वबोध’ विषय पर बोलते हुए विश्व हिन्दी परिषद के महासचिव डॉ. विपिन कुमार ने अपनी बात रखी। समयावधि का ध्यान रखते हुए उन्होंने अपने वक्तव्य में ‘गागर में सागर’ भर दिया। उन्होंने वक्तव्य की शुरुआत राष्ट्रकवि दिनकर की काव्य पंक्तियों से की, जिसका उपस्थित श्रोता समूह ने तालियों से स्वागत किया।


डॉ. विपिन कुमार ने हिन्दी को वैश्विक धरातल पर लाने एवं उसे गर्व का विषय बनाने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि हिन्दी आज ज्ञान-विज्ञान के साथ साथ प्रौद्योगिकी की भाषा भी बन रही है।


डॉ. विपिन कुमार ने हिन्दी एवं मीडिया की वैश्विक भूमिका पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस देश का मीडिया जितना सशक्त होगा, उस देश की भाषा एवं संस्कृति उतनी ही मजबूत होगी। 21वीं सदी भारत की है। आज से 20-25 सालों बाद हम विश्व की श्रेष्ठ अर्थव्यवस्था होंगे। हम न केवल तकनीकी दृष्टि से, बल्कि भाषा एवं संस्कृति की दृष्टि से भी सर्वकालिक महान देश होंगे। इसमें जितना योगदान मीडिया का होगा, उतना ही योगदान भाषा का भी होगा। बोली जाने वाली भाषाओं में मंदारिन के बाद हिन्दी विश्व की सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है। हिन्दी आज विश्व के लगभग 20 से अधिक देशों में बोली जाती है, इनमें अमेरिका, दक्षिण अफ्रीका, यमन, यूगांडा, न्यूजीलैंड जैसे देश शामिल हैं।


उन्होंने कहा कि भारत में भारत की कुल आबादी का लगभग 44% शुद्ध हिन्दी बोलने वाले लोग हैं, अर्थात 53 करोड़ से अधिक लोग शुद्ध हिन्दी का प्रयोग करते हैं। बंगाली, मराठी का नंबर उसके बाद आता है।


डॉ. विपिन कुमार ने अपने वक्तव्य में ‘न्यू मीडिया’ की सकारात्मक भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हिन्दी को सशक्त बनाने में न्यू मीडिया अर्थात सोशल मीडिया की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि जब हम मीडिया की बात करते हैं तो वह महज न्यूज चैनल नहीं है, वह टेलीविजन, सिनेमा और आजकल का न्यू मीडिया भी है। हिन्दी भाषा के विकास में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। मीडिया की इस भूमिका से हिन्दी वैश्विक भाषा बन चुकी है। भारत एवं भारत से बाहर हिन्दी कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार में मीडिया ने महती भूमिका निभाई है। आजकल बहुराष्ट्रीय कंपनियां अपना उत्पाद बाजार में स्थापित करने के लिए हिन्दी मीडिया का भरपूर इस्तेमाल कर रहे हैं। हिन्दी में प्रचार का अर्थ है, भारत की 50% से ज्यादा जनता तक अपने उत्पाद की पहुँच बनाना। हिन्दी अब बाजार की भाषा बन चुकी है। यहाँ तक कि राजभाषा हिन्दी भी अपनी सीमाओं से बाहर निकलने लगी है। वह भी विकास, बाजार एवं मीडिया की भाषा बन रही है। फिल्म, टीवी एवं समाचार माध्यमों ने हिन्दी की शक्ति को समृद्ध करने, उसके प्रचार-प्रसार में अपनी भूमिका स्थापित की है। यह कहने में संकोच नहीं है कि वर्तमान युग हिन्दी मीडिया का है। यह बात न केवल भारत के संदर्भ में बल्कि विश्व के संदर्भ में भी कही जा सकती है। हिन्दी एवं हिन्दी मीडिया का विश्व में प्रभाव बढ़ा है।


डॉ.विपिन कुमार ने हिन्दी एवं मीडिया के बीच है अन्योन्याश्रित संबंध एवं मीडिया के बीच है अन्योन्याश्रित संबंध एवं मीडिया के बीच अन्योन्याश्रित संबंध बताया। दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। इस गठबंधन से विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। जहां मीडिया भाषा निर्माण का कार्य कर रहा है वहीं भाषा मीडिया को बाजार दे रही है। इंटरनेट एवं मोबाइल से हिंदी का प्रचार प्रसार और अधिक हुआ है। हिन्दी यूनिकोड ने हिन्दी को वैश्विक रूप प्रदान किया। है। गूगल ने अपना ‘सर्च इंजिन’ हिन्दी में भी उपलब्ध करा दिया है। ‘न्यू मीडिया’ के माध्यम से हजारों मील दूर बैठा व्यक्ति अपनी मातृभाषा हिंदी में लिख कर अपना संदेश अपने लोगों तक पहुंच सकता है।


डॉ. विपिन कुमार ने कहा कि भारतीयों के लिए हिन्दी एवं हिन्दी मीडिया दोनों ने आत्म गौरव एवं आत्म विश्वास का माहौल बनाया है। हमारे प्रधानमंत्री संयुक्तराष्ट्र में हिन्दी में अपना भाषण देकर उस गौरव को और बढ़ाते हैं। हर भारतीय अपनी मातृभाषा से जुड़कर सुदूर देशों में पराया या अकेलापन महसूस नहीं करता है।


विश्व हिन्दी सम्मेलन में बोलते हुए डॉ विपिन कुमार ने कहा कि 21 वीं सदी ने जहाँ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के संबंध में कई भाषाओं के अस्तित्व पर संकट ला खड़ा किया है, हिन्दी अपनी अंतर्निहित शक्ति एवं सामर्थ्य से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की भाषा बन चुकी है और आज पूरे विश्व की प्रेरणास्रोत भाषा के रूप में उभरकर सामने आई है। आज हिन्दी और हिन्दी मीडिया विश्व समाज एवं राजनीति दोनों को गहराई से प्रभावित कर रहे हैं। यह वर्तमान भारत की पहचान है।


डॉ. विपिन कुमार ने विश्व हिन्दी परिषद के संकल्प-2035 का लक्ष्य, 12वें विश्व हिन्दी सम्मेलन के प्रतिनिधियों के सम्मुख रखा। उन्होंने कहा कि 2035 तक हिन्दी को विश्व भाषा बनाने का लक्ष्य है। उनका कहना है कि लॉर्ड मैकाले ने 1835 में अंग्रेजी भाषा थोपी थी, इसके मद्देनज़र रखते हुए विश्व हिन्दी परिषद ने 2035 तक हिन्दी को विश्व भाषा बनाने का संकल्प लिया है।


अंत में, डॉ. विपिन कुमार ने राष्ट्रकवि ‘दिनकर’ की निम्नलिखित पंक्तियों से अपने वक्तव्य का समापन करते हुए 2035 के लक्ष्य को पूरा करने हेतु विश्व हिंदी सम्मेलन के प्रतिनिधियों में जोश भरा-


“वह प्रदीप जो दीख रहा है झिलमिल, दूर नहीं है!

थक कर बैठ गये क्या भाई, मंजिल दूर नहीं!!”
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ