संकट आत्मीयता का

संकट आत्मीयता का

डॉ. मेधाव्रत शर्मा, डी•लिट•
(पूर्व यू.प्रोफेसर)
अधुना आत्मीयता भीषण संकट के दौर से गुजर रही है और मैं मानता हूँ कि यह मानवता की अत्यन्त शोचनीय त्रासदी (tragedy)है। परस्पर विश्वसनीयता विरलतर है। आदमी आदमी से भयभीत है। साधु के छद्म वेष में दरिंदों का दौरदौरा है ।आज की युवा-पीढ़ी अवसादग्रस है और है दिशाहीन। प्यार दरिंदगी का पर्याय हो गया है ।फलतः हत्या,आत्महत्या,अपहरण का दुरन्त सिलसिला और सेक्स कुत्तेपन की अन्वर्थता होकर रह गया है। आदमी आदमी तलाश में भटक रहा है और उसे आदमी मिल नहीं रहा-यह कैसी विकट विडम्बना है। फिराक गोरखपुरी ने गलत.नहीं कहा है--
"आदमीयों से भरी है यह भरी दुनिया मगर,
आदमी को आदमी होता नहीं है दस्तयाब ।
लैटिन डिक्टम,"Homo homini lupus "(Man is a wolf to man) दुर्द्धर्ष रूप में चरितार्थ है। जहाँ तक आज के युवजन का सवाल है,उस पर आलबेयर कामू के 'outsider 'की यह उक्ति घटित है-
"Hostile to the past,impatient of the present and cheated of future "बाजाब्ता लागू है।
आज के ऐसे त्रासदीय परिप्रेक्ष्य में सौहार्द और सच्ची आत्मीयता लुप्तप्राय है ।आदमी प्रेम का भूखा है ।
व्यावसायिकता के स्तर पर पहुँच कर प्रेम पाशविक वासना के कीचड़ का छद्म नाम होकर रह गया है। जीवन जीव्य नहीं,यान्त्रिक हो गया है।
वह आदमी सबसे भाग्यशाली है ,जिसे इस भरी दुनिया में एक भी सच्चा आत्मीय या प्रेमी मिल जाए ।याद आती है महाकवि भवभूति के 'उत्तररामचरितम् 'की एक पंक्ति--"भद्रं प्रेम सुमानुषस्य कथमप्येकं हि तत् प्राप्यते।"कभी कभी ऐसा अनुभव क्यों और कैसे घटित हो जाता है कि सर्वथा कोई अपरिचित व्यक्ति सामने आता है और आँखें चार होते ही यह अनुभूति दुर्निवारता से हावी हो उठती है,मानो वह जन्मों का परिचित हो। फलतः उससे स्वतःस्फूर्त्त रूप में परम आत्मीयता स्थापित हो जाती है। और इसके विपरीत कोई सामने आता है,तो उस पर नजर पड़ते घोर वितृष्णा से मन विजड़ित हो उठता है,उसके प्रति निबिड़ विरक्ति उद्भूत हो जाती है,जैसे वह जन्मों का दुर्दांत शत्रु हो।
इसी तरह का भाव Alfred Tennyson की एक कविता में व्यक्त हुआ है-- Oh friend when I first looked upon your face,Our thoughts gave ansers each to each so true .like opposed mirrors each reflecting each. "
कुछ इसी प्रकार का भाव महकवि जयशंकर प्रसाद के 'आँसू 'काव्य के निम्नांकित छन्द में भी अनुसंधेय है--
"मधु राका मुस्क्याती थी
पहले देखा जब तुमको ।
जाने कब के परिचित-से,
तुम लगे उसी क्षण मुझको ।"
प्राण-प्राण एकात्म हों,तभी यथार्थ प्रेम का आविर्भाव संभव है।
हाँ,और जो हठात् वा आकस्मिक प्रतीत होता है,वह मोह किंवा अज्ञानताजन्य है ।आकस्मिक कुछ नहीं होता। उसके पीछे जन्मों के कर्माशय -संचित संस्कारों की परिनिष्पन्न पृष्ठभूमि होती है।पूर्वजन्मों के संबन्ध-संस्कार का वस्तुतः जागरित परिणाम होता है यह ।
महाकवि कालिदास के अभिज्ञानशाकुन्तलम् की इस पंक्ति "भावस्थिराणि जननान्तरसौहृदानि " में यह तात्पर्य सहज ही परिस्फुट हो उठा है। पूर्वजन्म का भाव जो हृदय में संस्कार-रूप से बना रहता है,वही जाग उठता है और आत्मीयता की गूढ़ प्रतीति प्रत्यक्ष हो उठती है। कोई अपरिचित जन्मों का अपना-सा लगने लगता है।
यहाँ एक बात मैं स्पष्ट कर दूँ कि "आदमी "शब्द का प्रयोग मैंने उपलक्षणात्मक किंवा प्रतीकात्मक रुप में स्त्री-पुरुष,दोनों के लिए किया है।
स्थूल शरीर (चर्मदेह)के भीतर सूक्ष्म देह है जिसके लिए शास्त्रों में लिंगदेह,पुर्यष्टक आदि शब्दों का भी प्रयोग हुआ है। पुर्यष्टक के आठ घटक(constituents) हैं-मन,बुद्धि,अहंकार तथा पाँच तन्मात्र (शब्द,स्पर्श,रूप,रस और गन्ध)।स्वामी विवेकानंद ने सूक्ष्म शरीर को मन,बुद्धि और अहंकार--इन्हीं तीनों से घटित माना है--"Finer body consisting of mind,intellect and ego ("what Religion Is "p.86 )।
सूक्ष्म शरीर (subtle body)के लिए मैंने 'भावदेह 'शब्द का प्रयोग किया है। सूक्ष्म शरीर किंवा भावदेह ही कर्माशय का अधिष्ठान है ।महायोगी पूर्वजातिस्मर (जाति=जन्म) होते हैं।उन्हें अपने पूर्व जन्मों के संस्कारों का साक्षात्कार रहता है ।
महर्षि पतञ्जलि ने सुतरां व्यक्त किया है "योगसूत्र "में -
"संस्कारसाक्षात्करणात् पूर्वजातिज्ञानम्।(जाति =जन्म)।"शास्त्रीय जगड्वाल में आपको उलझाना मुझे अभीष्ट नहीं। अतएव इस पर स्वामी विवेकानंद के "राजयोग "से व्याख्यात्मक उद्धरण यथेष्ट होगा--
"
Each experience that we have,comes in the form of a wave in the Chitta,and this subsides and becomes finer and finer,but is never lost. It remains there in minute form,and if we can bring this wave up again,it becomes memory. So if the yogi can make a Samyam (संयम)on these past impressions (संस्कार)in the mind,he will begin to remember all his past lives (p.226)."
(स्पष्ट कर देना चाहता हूँ कि मैं सुपठित बौद्धिकों के लिए लिखता हूँ,पृथग्जनों (laymen)के लिए नहीं,अतः हिन्दी-रूपान्तरण अनावश्यक है।)
प्रेम-पंथ की सबसे बड़ी बाधा है मिथ्या अहंकार। इस पथ पर पड़ी इस चट्टान को हटाए बिना प्रेम-देवता के मन्दिर में प्रवेश असंभव है--चाहे प्रेम लौकिक हो या आध्यात्मिक। संत कबीर ने अपनी सधुक्कड़ी में इस विषय पर सुष्ठु प्रकाश डाल दिया है--
"यह तो घर है प्रेम का खाला का घर नाहिं।
मूँड़ उतारे भुईं धरे सो पइठे तेहि माँहि ।।"
यहाँ मूँड़ (मुण्ड)अहंकार का प्रतीक है। यानी,जो अहंकार का सर्वात्मना त्याग कर दे,वही सच्चा प्रेम करने का अधिकारी है। प्रेम दो को एक कर देता है और किंबहुना,प्रेम के आलम्बन और आश्रय में पूर्ण साम्य-भाव होता,कोई एक-दूसरे से छोटा या बड़ा नहीँ होता--"समधृततुलापुटन्याय।"शक्तिशक्तिमतोरभेदः "-तन्त्रमत का basic tanet है। शक्ति और शक्तिमान् (उमा-महेश्वर)में पूर्ण अभेद होता है। अत्यधिक समुपबृंहण अनावश्यक है।
प्रेम चाहे लौकिक स्त्री-पुरुष का हो अथवा आध्यात्मिक आत्मा-परमात्मा का,सत्य तभी हो सकता है,जब उपर्युक्त अनुबन्ध समयक्-सुष्ठु चरितार्थ हो।
अब मैं लेखनी को विराम देने की आज्ञा चाहूँगा--
"कैफीयते चश्म उसकी मुझे याद है 'सौदा ', साग़र को मेरे हाथ से लेना कि चला मैं।"


हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ