विश्व-महाकाव्य
डॉ. मेधाव्रत शर्मा, डी•लिट•
(पूर्व यू.प्रोफेसर)
ब्रह्मा से महत्तर कोई महाकवि नहीं हुआ एवं जगत्प्रपञ्च ,संसार, से बृहत्तर कोई महाकाव्य न रचा गया। "कविरर्मनीषीपरिभूः सवयम्भूः (ईशावास्योपनिषद्,मन्त्र 9 ) --स्वयम्भू यानी ब्रह्मा (हिरण्यगर्भो लोकेशः स्यम्भूश्चतुराननः--अमरकोष)जगत्स्रष्टा को परिभू अर्थात् सबसे ऊपर,सर्वोत्कृष्ट,मनीषी (परम बुद्धिशाली)कवि कहा गया है।'कवि' का अर्थ है 'क्रान्तदर्शी '।क्रान्त =गत,अतीत ।यहाँ 'क्रान्त 'त्रिकाल (गत-आगत-अनागत)का उपलक्षण है। अतएव 'क्रान्तदर्शी ' का पर्यवसितार्थ हुआ त्रिकालदर्शी,त्रिकालाबाधितदृष्टिवान्। भगवत्पाद शंकराचार्य ने अपने भाष्य में इस आशय को स्पष्ट कर दिया है--"कविः क्रान्तदर्शी सर्वदृक्।"
जाहिर है,'कवि ' शब्द मूलभूत रूप में पारिभाषिकतया
हिरण्यगर्भ स्वयम्भू (ब्रह्मा ) के अर्थ में ज्ञेय है , लौकिक स्तर पर पद्य-रचयितामात्र के शिथिल अर्थ में नहीं ।
गोस्वामी तुलसीदास ने भव-सागर के निर्माता के रूप में विधाता स्ययम्भू (विधि)की वन्दना करते हुए कहा है--"बंदउँ बिधि पद रेनु भव सागर जेहिं कीन्ह जहँ।
संत सुधा ससि धेनु प्रगटे खल बिष बारुनी।।
(मानस,बाल. --14 )
संत-खल,सुधा-विष आदि विरूध्द द्वन्द्वों के तानों-बानों का अत्यन्त विलक्षण पट-विस्तार है यह संसार--अविज्ञेय रहस्यपूर्ण विधान।
ध्यातव्य है कि श्रीमद्भागवत के मङ्गलाचरणात्मक श्लोक में भी हिरण्यगर्भ ब्रह्मा को 'आदिकवि 'कहा है--
"तेने ब्रह्म हृदा य आदिकवये।'ब्रह्म'शब्द वेद-ज्ञान के अर्थ में और 'आदिकवि 'शब्द का प्रयोग चतुर्मुख स्ययम्भू
(ब्रह्मा)के अर्थ में है। जो वेदवान् है,वही यथार्थ विद्वान् और वही तत्त्वतः कवि-पदवाच्य है।
अस्तु,परमार्थ में स्वयम्भू ही आदिकवि हैं,वाल्मीकि
लौकिकार्थ में आदिकवि हैं।
क्रौंच -वध पर व्याध (निषाद)को "मा निषाद प्रतिष्ठां त्वमगमः " अभिशाप दे कर बैठे आप्तशोक वाल्मीकि को रामकथा को श्लोकबद्ध कर रामायण की रचना की प्रेरणा प्रथमतः ब्रह्मा से ही प्राप्त होती है। वे प्रत्यक्षतः वाल्मीकि का उद्बोधन करते हुए कहते हैं--"तुम्हारे मुँह से
निकला हुआ छन्दोबद्ध वाक्य श्लोकरूप ही होगा ।मेरे संकल्प अथवा प्रेरणा से ही तुम्हारे मुँह से ऐसी वाणी निकली है--"श्लोक एवास्त्वयं बद्धो नात्र कार्या विचारणा। मच्छन्दादेव ते ब्रह्मन् प्रवृत्तेयं सरस्वती(रामायण,बाल. 3/31) ।।"और यह भी अमोघ आश्वासन कि "न ते वागनृता काव्ये काचिदत्र भविष्यति" देते हैं (इस काव्य में अंकित कोई भी बात झूठी नहीं होगी)।"
दिव्य स्तर के महाकवि द्वारा लौकिक स्तर के महाकवि का उद्बोधन है।
निखिल विश्व महाकवि हिरण्यगर्भ स्वयम्भू द्वारा रचित महाकाव्य है और महाकाव्य भी परम रहस्यवादी है।
इस जगत्प्रपञ्च-रूपी महाकाव्य के पत्ते-पत्ते पर रहस्य-गाथा अंकित है,किंतु हाय!हमारी आँखें खुली रह कर भी बंद हैं,हमारे कान खुले रह कर भी कुंठित हैं।
ऋग्वेद की श्रुति (10/71/4)है--
"उत त्वः पश्यन् न ददर्श वाचम्
उत त्वः श्रृण्वन् न श्रृणोत्येनाम्।
उतो त्वस्मै तन्वं विसस्रे
जायेव पत्य उशती सुवासाः।।"
कोई भाषा को देखकर भी नहीं देखता,यानी उसका भाषा -दर्शन अपूर्ण है।कोई भाषा को सुनकर भी नहीं सुनता। यहाँ सुनने का अर्थ केवल श्रवण नहीं,अपितु समझना है। कुछ लोगों के मन में जिज्ञासा प्रबल होती है। वे अधूरे ज्ञान से संतुष्ट नहीं होते।अपने सामने खड़े प्रश्नों का उत्तर खोज निकालने के प्रयास में उन जिज्ञासुओं को भाषा संबन्धी अनेक तथ्यों का ज्ञान होता है।जिस प्रकार कोई भक्त अपनी तपस्या और साधना से भगवान् का साक्षात्कार कर लेता है,उसी प्रकार वे भाषा के यथार्थ स्वरूप का साक्षात्कार कर लेते हैं।'तन्वं विसस्रे '--भाषा ऐसे साधकों के सामने अपना स्वरूप वैसे ही खोलकर प्रकट कर देती है, जैसे कामयमाना स्त्री पुरुष के समक्ष अपने को निर्वस्त्र कर देती है,अपना अंग-प्रत्यंग खोल कर प्रत्यक्ष करा देती है,कोई रहस्य नहीं रहने देती।
इस सृष्टि के एक-एक पदार्थ में और एक-एक घटना में गूढ़ तात्पर्य निहित है। आप्त योगियों में तो पक्षियों की भाषा भी समझने की अद्भुत क्षमता होती है।
इस विभूति-विशेष का उद्घाटन महर्षि पतञ्जलि के इस सूत्र में देखें और गुनें--
"शब्दार्थप्रत्ययानमितरेतराध्यासात् संकरस्तत्प्रविभागसंयमात् सर्वभूतरुतज्ञानम् (3/17)।"
शब्द वाचक,अर्थ वाच्य और प्रत्यय ज्ञान।तीनों परस्पर मिले हुए-से रहते हैं योगी को संयम (धारणा,ध्यान और समाधि की एकत्रता)-अभ्यास से समाधि-प्रज्ञा प्राप्त होती है,अतएव शब्द,अर्थ और ज्ञान के विभाग में संयम द्वारा सब प्राणियों की बोली समझने में समर्थ होता है।
राजा जानश्रुति पौत्रायण को हंस द्वारा 'भल्लाक्ष -भल्लाक्ष 'सुन कर रैक्व ऋषि का संधान मिल जाता है।
पूरे प्रसंग को समझने के लिए छान्दोग्योपनिषद् (अध्याय 4,खण्ड 1 )संपूर्ण द्रष्टव्य है। संदर्भ-संकेत की शैली में मैं मुखातिब हूँ। विस्तार में जाने का यहाँ अवकाश नहीं।
दोस्तो! हिमालय से धैर्य सीखो,समुद्र से गांभीर्य और निर्झर से यह पढ़ो और गुनो कि निरन्तर गति ही जीवन है और रुक जाना ही मृत्यु है। एक कदम तभी सच है,जब उसके आगे दूसरा कदम हो।जिसके आगे दूसरा कदम नहीं होता,वह मौत का होता है। और नदी से सीखो--सुख-दुःख,जन्म-मरण के दो तटों के बीच जल की अनवरत परिवर्तनशीलता के बावजूद नदी के रूप में अक्षुण्ण रहता है।
जाओ,नदी के तट पर खड़े होकर नदी की निरन्तर
बहती धारा को गहरे ध्यान से निहारो ।और,हिन्दी के स्वनामधन्य कवि पन्त के --
"अस्थिर है जग का सुख दुख,
जीवन ही नित्य, चिरन्तन!
सुख दुख से ऊपर ,मन का
जीवन ही रे अवलम्बन !
---इस छन्द को गुनगुनओ और गुनो ।तब नदी के गूढ़ संदेश के साथ इस छन्द का मर्म तुम्हारे अंतरतम हृदय में समुच्छ्वसित होकर तुम्हें कृतार्थ
कर देगा। नदी को पढ़ो और इस छन्द को गुनो,धन्य हो
जाओगे।
मेघ के तबले की धुन पर मयूर का नृत्य देखो और सीखो। मयूर का इसी से कितना सुंदर अभिधान है-'मेघनादानुलासी '।
मधुमक्खियों द्वारा निर्मित छत्ते में जो अद्भुत- अपूर्व शिल्प-विधान व्यक्त है,क्या वैसा तुम कर सकते हो? नहीं। कहाँ गया तुम्हारा technology का अहंकार?
चिड़ियाँ कहाँ-कहाँ से अनुकूल तिनके चुन चुन कर लाती हैं और वृक्ष की ऊँची डाल पर खूबसूरत घोंसला बनाती है,तुम बना कर दिखा तो दो!
परम ज्ञानी अवधूत-शिरोमणि दत्तात्रेय महाराज ने अपने 24 गुरुओं की बात की है।उनके गुरुओं के नाम हैं--पृथ्वी,वायु,आकाश,जल,अग्नि,चन्द्रमा,सूर्य,कबूतर,अजगर,समुद्र,पतंग,भौंरा या मधुमक्खी,हाथी,मधुहा (शहद निकालने वाला),हरिण,मछली,पिंगला वेश्या,कुरर पक्षी,बालक,कुँआरी कन्या,शरकृत् (बाण बनाने वाला),सर्प,मकड़ी और भृंगकीट(श्रीमद्भागवत स्कन्ध 11,अध्याय 7 के अंतर्गत)।
महापण्डित चाणक्य का वचन है--इंसान को शेर और बगुले से एक-एक,मुर्गे से चार,कौए से पाँच,कुत्ते से छः और गधे से तीन गुण सीखने चाहिए। --
"सिंहादेकं बकदेकं शिक्षेच्चत्वारि कुक्कुटात्।
वायसात्पञ्च शिक्षेच्च षट्शनस्त्रीणि गर्दभात्।।"
"प्रभूतं कार्यमल्पं वा यन्नरः कर्तुमिच्छति।
सर्वारम्भेण तत्कार्यं सिंहादेकः प्रचक्षते।।"
इंसान जो भी छोटा -बड़ा काम करना चाहता है,उसे पूर्ण शक्ति से करे यह शिक्षा सिंह से लेनी चाहिए।
इन्द्रियाणि च संयम्य बकवत् पण्डितो नरः ।
देशकालबलं ज्ञात्व सर्वकार्याणि साधयेत्।।"
समझदार इंसान को चाहिए कि वह अपनी
इन्द्रियों को वश में करके एकाग्रचित्त होकर देश काल और अपने बल को अच्छी तरह जान कर बगुले के समान कार्यों को सिद्ध करे।
"प्रत्युत्थानं च युद्धं च संविभागं च बन्धुषु।
स्वयमाक्रम्य भुक्तं च शिक्षेच्चत्वारि कुक्कुटात्।।"
यथासमय जागना,युद्ध के लिए तैयार रहना
बन्धुओं को उनका हिस्सा देना और आक्रमण करके भोजन करना--इन चारों बातों को मुर्गे से सीखना चाहिए।
"गूढं च मैथुनं धार्ष्ट्यं च काले काले च संग्रहं।
अप्रमत्तमविश्वासं पञ्च शिक्षेच्च वायसात्।।"
छिप कर मैथुन करना,धृष्टता,समय-समय पर संग्रह करना,हर समय होशियार रहना और किसी पर भी विश्वास न करना-इन पाँच बातों को कौए से सीखना चाहिए।
"बह्वशी स्वल्पसंतुष्टः सुनिद्रो लघुचेतनः।
स्वामिभक्तश्च शूरश्च षडेते श्वानतो गुणाः।।"
अधिक खाने की शक्ति रखना,न मिले तो थोड़े से ही
संतोष करना,गहरी नींद में सोना,जरा-सी आहट पर भी जाग जाना,अपने मालिक से वफादारी और भक्ति,बहादुरी से शत्रु से युद्ध करना-ये छः गुण कुत्ते से सीखने चाहिए।
"सुश्रान्तोऽपि वहेद् भारं शीतोष्णं न च पश्यति।
संतुष्टश्चरति नित्यं त्रीणिशिक्षेच्च गर्दभात् ।।"
बहुत थक कर भी बोझ उठाना,गर्मी-सर्दी की परवाह न करना तथा सदा धैर्य और संतोष से जीवन-यापन करना--इन तीन गुणों को गधे से सीखना चाहिए।
इस जगत्प्रपञ्च-रूपी विधाता-रचित विराट् महाकाव्य का पत्ता-पत्ता और कण-कण अभेद्य रहस्यों से
भरा है। यह महाकाव्य अत्यन्त गूढ़,अनबूझ पहेली-सा है।
एक पत्ते का हिलना और झड़ जाना भी इशारे में बहुत- कुछ कह जाता है। सागर से मिलने के लिए व्याकुल दौड़ती हुई नदी का मरुभूमि में विलीन होकर रह जाना जीवन के अत्यन्त पीड़ादायक प्रकरण की गाथा है।
और कविकुलगुरु रवीन्द्रनाथ ठाकुर कहते हैं कुछ भी जो इस महारहस्यपूर्ण सृष्टि में घटित होता है अर्थपूर्ण है,व्यर्थ नहीं।
विष्णुप्रभाकर ने 'आवारा मसीहा '-नामक बंगभाषीय उपन्यास-सम्राट् शरच्चन्द्र की जीवनी में लिखा है कि रवीन्द्रनाथ के प्रति उनकी भक्ति की सीमा नहीं थी। उनसे बड़ा कोई कवि है वह मानने को तैयार न था। कहता था,दूसरे कवियों-जैसा होने की चेष्टा की जा
सकती है,पर रवि बाबू,देखो तो उनकी यह कविता!ऐसी सुन्दर कविता कोई लिख सकता है?
"जीवने यत पूजा हल ना सारा
जानि हे जानि ताओ हयनि हारा
जे फूल ना फूटिते झरेछे धरणी ते
जे नदी मरुपथे हारालो धारा
जानि हे जानि ताओ हयनि हारा
जीवने आजो जाहा रेयेछे पिछे
जानि हे जानि ताओ हयनि मिछे
आमार अनागत,आमार अनाहत
तोमार वीणातारे बाजिछे तारा
जानि हे जानि ताओ हयनि हारा।"
पढ़ते-पढ़ते रो पड़े शरच्चन्द्र। मेरे भाई,मैं भी यह लिखते हुए बुरी तरह फूट पड़ा हूँ,फफक पड़ा हूँ। अब मुझे हिम्मत नहीं हो रही कि आगे कुछ लिखूँ।
विश्व-महाकाव्य-नियन्ता के रहस्य को कवि-गुरु ने बेहद मार्मिक वाणी दी है।
कहा गया है, "अपारे काव्य-संसारे कविरेव प्रजापतिः।"यह कथन लौकिक कवियों के लिए है। परम दिव्य महाकवि हिरण्यगर्भ स्वयम्भू के लिए इस उक्ति को संशोधित कर मैं कहना चाहूँगा-
"अपारे महाद्भुते विश्व-महाकाव्ये स्वयम्भूरेव महाकविः।" (विपश्चित् सुधीजनों की सेवा में अर्पित है यह आलेख,जो अधिकतर अंगुलि-निर्देशात्मक शैली में ग्रथित है ।आशा है,मेरा यह तुच्छ प्रयास अंतर्दृष्टि को उन्मीलित करने में सहायक होगा। )
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews