भारतीय संस्कृति में रक्षा बंधन का विशेष महत्व, संस्कार और सामाजिक समरसता का संदेश दिया आर.सी. सेंट्रल स्कूल ने

- राखी निर्माण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाई सृजनात्मक प्रतिभा, रक्षा सूत्र बांधकर लिया सुरक्षा और सम्मान का संकल्प
पटना, 27 अगस्त। भारतीय संस्कृति के पावन पर्व रक्षा बंधन के अवसर पर राजधानी पटना के एजी कॉलोनी स्थित आर.सी. सेंट्रल स्कूल में भव्य रक्षा बंधन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय संस्कार, पारिवारिक मूल्य, भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ख्यातिप्राप्त शिक्षाविद्, समाजसेविका एवं राष्ट्र सेविका समिति दक्षिण बिहार प्रांत की सह कार्यवाहिका श्रीमती निवेदिता सिन्हा तथा भारतीय जनता पार्टी, शास्त्री नगर मंडल की मंडल महामंत्री श्रीमती गुड़िया कुमारी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती अमृता सिन्हा ने किया, जबकि विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राकेश कुमार मिश्र ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया।
रक्षाबंधन प्रेम, सम्मान और सामाजिक समरसता का पर्व : गुड़िया कुमारी
.jpeg)
कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए श्रीमती गुड़िया कुमारी ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन का त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में प्रेम, आत्मीयता, परस्पर सम्मान और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व समाज को एक सूत्र में बांधने और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।
विद्यार्थियों में भारतीय संस्कार जागृत करना ही ऐसे आयोजनों का उद्देश्य : निवेदिता सिन्हा
मुख्य अतिथि श्रीमती निवेदिता सिन्हा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के आयोजन केवल राखी बनाने तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का विकास करने का माध्यम बनते हैं।
उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन हमें यह संकल्प दिलाता है कि हम एक-दूसरे की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहें। उन्होंने रक्षा बंधन की ऐतिहासिक एवं पौराणिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए इस पर्व की सांस्कृतिक महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
राखी निर्माण प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता
उत्सव के दौरान विद्यालय में राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह और सृजनशीलता के साथ सुंदर, आकर्षक और प्रेरणादायी राखियां तैयार कीं। उत्कृष्ट राखी बनाने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अतिथियों ने बच्चों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि रक्षा बंधन केवल एक धागा बांधने का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, जिम्मेदारी, सुरक्षा, स्नेह और संस्कारों का उत्सव है।
रक्षा सूत्र बांधकर लिया सुरक्षा और सहयोग का संकल्प
विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने वर्ग शिक्षकों के मार्गदर्शन में पंक्तिबद्ध होकर एक-दूसरे को रक्षा सूत्र बांधा और पारस्परिक सुरक्षा, सम्मान, सहयोग तथा सुख-दुःख में साथ निभाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर पूरे समय उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।
रक्षाबंधन का वास्तविक संदेश बताया विद्यालय परिवार ने
आभार ज्ञापन करते हुए शिक्षिका श्रीमती सरिता कुमारी ने कहा कि विद्यालय परिवार ने इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि रक्षाबंधन का वास्तविक अर्थ केवल भाई द्वारा बहन की रक्षा का संकल्प लेना नहीं, बल्कि समाज में एक-दूसरे के सम्मान, विश्वास, सहयोग और मानवीय रिश्तों को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लेना है।
कार्यक्रम में श्री शिव कुमार साहू, श्री नरेश प्रसाद, श्री धर्मेन्द्र कुमार सुधांशु, श्रीमती ज्योति कुमारी, श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव, सुश्री सुरभि कुमारी, सुश्री रुचि कुमारी, सुश्री ऋचा तिवारी, सुश्री दीक्षा कुमारी, श्रीमती मधु कुमारी सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
दिव्य रश्मि न्यूज़ (पटना ब्यूरो)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews