एक से नौ सितंबर तक द्वारका मंदिर में होगी संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा
एक से नौ सितंबर तक द्वारका मंदिर में होगी संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा

- एक सितंबर को राजपुर से निकलेगी भव्य शोभा-कलश यात्रा
- श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं छठी महोत्सव रहेगा विशेष आकर्षण
पटना। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आनन्दपुरी, बोरिंग कैनाल रोड स्थित द्वारका मंदिर प्रांगण में एक से नौ सितंबर तक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है तथा व्यासपीठ को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
यह जानकारी कथा के संयोजक एवं बिल्डर सुनील कुमार तिवारी ने आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि श्रीधाम वृंदावन के सुप्रसिद्ध कथाव्यास आचार्य श्री त्रिपुष्कर शास्त्री जी महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को नौ दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। कथा प्रतिदिन संध्या 4 बजे से आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि एक सितंबर को प्रातः 7 बजे राजपुर स्थित श्री सिया बिहारी कुंज ठाकुरबाड़ी से श्रीमद्भागवत कथा अनुष्ठान की भव्य शोभा-कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए द्वारका मंदिर पहुंचेगी।
आयोजन से जुड़े समर्पित वैष्णव भक्त नीरज कुमार ने बताया कि नौ दिवसीय इस भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर उनके विभिन्न प्रसंगों एवं भक्त चरित्रों का संगीतमय एवं भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।
कथाव्यास आचार्य श्री त्रिपुष्कर शास्त्री जी महाराज के अनुसार कथा के प्रथम दिन श्रीमद्भागवत माहात्म्य एवं हिरण्याक्ष वध की कथा सुनाई जाएगी। दूसरे दिन शुकदेव जन्म तथा कुंती-भीम चरित्र, तीसरे दिन राजा परीक्षित को श्रृंगी ऋषि का श्राप, जड़भरत चरित्र एवं सती चरित्र का वर्णन होगा।
चौथे दिन भक्त ध्रुव, प्रह्लाद एवं वामन चरित्र के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का भव्य प्रसंग श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। इस अवसर पर कथा के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की जीवंत झांकी भी प्रस्तुत की जाएगी।
पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण के बाल चरित्र एवं माखन चोरी लीला का वर्णन होगा। छठे दिन कालिय मर्दन, गोवर्धन पूजा एवं रुक्मिणी विवाह की कथा सुनाई जाएगी। सातवें दिन भगवान श्रीकृष्ण के अन्य विवाह तथा राजा परीक्षित के मोक्ष का प्रसंग होगा।
आठवें दिन सम्पूर्ण श्रीमद्भागवत कथा का सारांश प्रस्तुत किया जाएगा। नौवें एवं अंतिम दिन हवन, भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की छठी पूजन, भजन-कीर्तन तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा, बैठने, प्रसाद एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में सिया बिहारी कुंज ठाकुरबाड़ी के महंत नागेन्द्र दास, आयोजक लाला राय, उद्घोषक सह प्रधान पुजारी पंडित मुकेश पाठक, पुजारी पंडित रुपेश पाठक, व्यवस्थापक भरत प्रसाद यादव, रामनन्दन प्रसाद, सुरेन्द्र राय, शंकर तिवारी, रंजन तिवारी, अवधेश सिंह, मणिकांत, कमलेश कुमार, मुन्ना सिंह, हरेराम यादव, मुकेश सिंह, ब्रजेश सिंह, आलोक यादव, कुणाल यादव, सोनू तिवारी, राकेश किशोर सहित महिला कार्यकर्ता नीलम तिवारी, रंजू तिवारी, गीता तिवारी, श्वेता तिवारी, माया वाजपेयी, छाया कुमारी, वंदना एवं रानी सिंह उपस्थित रहीं।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews