27 अगस्त को 22 प्रमुख शिक्षण संस्थानों में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, प्रधानमंत्री करेंगे देशभर के युवाओं को संबोधित

पटना। 29 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देशभर में युवाओं की खेलों के प्रति सहभागिता, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बिहार के विभिन्न जिलों में 27 अगस्त 2026 को ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
यह आयोजन महान हॉकी खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती को समर्पित राष्ट्रीय खेल दिवस की भावना के अनुरूप किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेतृत्व से सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के तहत बिहार के 22 प्रमुख शिक्षण संस्थानों में युवा संवाद आयोजित किए जाने की योजना है। इन कार्यक्रमों में युवाओं को माननीय सांसद, मंत्री, विधायक/पार्षद तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में खेल विकास, राष्ट्र निर्माण और पिछले 12 वर्षों में देश के खेल क्षेत्र में हुए बदलावों तथा उभरते स्पोर्ट्स इकोसिस्टम पर चर्चा की जाएगी।
प्रधानमंत्री के संबोधन से जुड़ेंगे देशभर के युवा
कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह होगी कि 27 अगस्त को प्रधानमंत्री देशभर के 1600 से अधिक अलग-अलग स्थानों पर उपस्थित युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। इसके माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों के युवाओं को एक साझा राष्ट्रीय मंच से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम का फोकस स्थानीय स्तर पर युवाओं के साथ बातचीत और संवाद पर रहेगा। ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवकों तथा स्थानीय खिलाड़ियों के बीच भी युवा संवाद आयोजित किया जाएगा।
बिहार के 22 संस्थानों में होगा आयोजन
प्राप्त कार्यक्रम विवरण के अनुसार बिहार के पटना, पश्चिम चंपारण, भागलपुर, भोजपुर, गया, सहरसा, पूर्वी चंपारण, नालंदा, मुजफ्फरपुर, रोहतास, जहानाबाद, वैशाली, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, सुपौल, सिवान, लखीसराय, बेगूसराय, मुंगेर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और बांका सहित विभिन्न जिलों के शिक्षण संस्थानों को कार्यक्रम से जोड़ा गया है।
पटना में NIT पटना, पटना विमेंस कॉलेज और ए.एन. कॉलेज सहित प्रमुख संस्थानों में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। वहीं अन्य जिलों में सरकारी एवं निजी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों तथा प्रमुख शिक्षण संस्थानों में युवा संवाद आयोजित होंगे।
खेल और राष्ट्र निर्माण पर होगी चर्चा
कार्यक्रम में युवाओं को खेलों से जोड़ने, स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मंच देने तथा देश के बदलते खेल परिदृश्य से परिचित कराने पर विशेष जोर रहेगा। आयोजन का संदेश स्पष्ट है कि देश का युवा, देश का खिलाड़ी और देश का भविष्य-इन तीनों को एक साझा राष्ट्रीय मंच पर जोड़ा जाए।
आयोजकों के अनुसार पिछले वर्षों में भारतीय खेल व्यवस्था में हुए बदलावों और भारत में विकसित हो रहे खेल इकोसिस्टम पर भी युवाओं से चर्चा की जाएगी। स्थानीय स्तर पर सांसद, मंत्री, विधायक/पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि युवाओं से संवाद करेंगे तथा उनकी बातों और सुझावों को सुनेंगे।कार्यक्रम में सभी अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों से सुबह 10 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहने की अपेक्षा की गई है। उपलब्ध कार्यक्रम दस्तावेज के अनुसार इस पहल के माध्यम से बिहार के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के खेल एवं युवा संवाद से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews