Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

रक्षाबंधन पर बिहार में महिलाओं के लिए 1075 बसों में निशुल्क यात्रा

रक्षाबंधन पर बिहार में महिलाओं के लिए 1075 बसों में निशुल्क यात्रा

पटना, 25 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बिहार सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की करीब 1075 बसों में महिलाएं 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 28 अगस्त की रात 10 बजे तक निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस दौरान महिलाओं को यात्रा के लिए टिकट लेने की आवश्यकता नहीं होगी।

परिवहन विभाग के अनुसार यह सुविधा निगम की ओर से संचालित एसी, नॉन-एसी, डीलक्स, पीएम ई-बसों और पीपीपी मोड सहित सभी श्रेणियों की बसों में उपलब्ध रहेगी। इस संबंध में सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
भाइयों तक पहुंचने में नहीं आएगी आर्थिक बाधा

सरकार की इस पहल का उद्देश्य बहनों को रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाइयों तक सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से पहुंचने में मदद करना है। निशुल्क यात्रा की सुविधा से महिलाओं को आने-जाने के खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और वे उत्साह के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मना सकेंगी।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा केवल राखी बांधने के लिए यात्रा करने वाली महिलाओं तक सीमित नहीं रहेगी। ऑफिस, कोचिंग, बाजार अथवा अन्य जरूरी कार्यों के लिए यात्रा करने वाली महिलाएं भी इसका लाभ उठा सकेंगी। इसके अलावा अंतरजिला और अंतरराज्यीय मार्गों पर संचालित निगम की बसों में भी महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
रोजाना एक लाख से अधिक यात्री करते हैं सफर

बीएसआरटीसी के अनुसार वर्तमान में निगम की एक हजार से अधिक बसें संचालित हो रही हैं। इनमें पीपीपी मोड पर चलने वाली बसें भी शामिल हैं। इन बसों से प्रतिदिन एक लाख से अधिक यात्री आवागमन करते हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या करीब आधी है। ऐसे में रक्षाबंधन के दौरान निशुल्क यात्रा की सुविधा से बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
महिलाओं के लिए पिंक बसों का भी संचालन

महिलाओं की सुरक्षा और सुविधाजनक आवागमन को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार की ओर से पिंक बस सेवा भी संचालित की जा रही है। परिवहन विभाग के मुताबिक महिलाओं ने इस सेवा को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया है। रक्षाबंधन पर निशुल्क यात्रा की व्यवस्था के साथ महिलाओं के लिए सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन को और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

परिवहन सचिव राजकुमार ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा हर वर्ष की तरह इस बार भी दी जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य बहनों को अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए बिना किसी आर्थिक बाधा के सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।रक्षाबंधन के अवसर पर राज्य सरकार की यह पहल त्योहार के दौरान महिलाओं की आवाजाही को आसान बनाने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की भागीदारी को भी बढ़ावा देने वाली मानी जा रही है।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ