Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

पुरुषार्थ हो, लेकिन निस्वार्थ हो

पुरुषार्थ हो, लेकिन निस्वार्थ हो

लेखक: आनन्द हठीला
एक सन्त बड़े निस्पृह, सदाचारी एवं लोक सेवी थे । जीवन भर निस्वार्थ भाव से दूसरों की भलाई में लगे रहते। एक बार विचरण करते हुए देवताओं की टोली उनकी कुटिया के समीप से निकली । सन्त साधनारत थे, साधना से उठे । देखा, देवगण खड़े हैं । आदर सम्मान किया, आसन दिया ।

देवतागण बोले - "आपके लोकहितार्थ किए गए कार्यों को देखकर हमें प्रसन्नता हुई । आप जो चाहें वरदान माँग लें ।"

सन्त विस्मय से बोले - “सब तो है, मेरे पास । कोई इच्छा भी नहीं है, जिसे मांगा जाये ।“

देवगण एक स्वर में बोले - “आप को मांगना ही पड़ेगा, अन्यथा हमारा बड़ा अपमान होगा ।“

सन्त बड़े असमंजस में पड़े कि कोई तो इच्छा शेष नहीं है । मांगें भी तो क्या मांगें ? बड़े विनीत भाव से बोले - “आप सर्वज्ञ हैं, स्वयं समर्थ हैं । आप ही अपनी इच्छा से दे दें, मुझे स्वीकार होगा ।“

देवता बोले - “तुम दूसरों का कल्याण करो ।"

सन्त बोले - "क्षमा करें देव ! यह दुष्कर कार्य मुझसे न बन पड़ेगा ।“

देवता बोले - “इसमें दुष्कर क्या है ?"

सन्त बोले - “माफ करना, मैंने तो आज तक किसी को दूसरा समझा ही नहीं । सभी तो मेरे अपने हैं, फिर दूसरों का कल्याण कैसे बन पड़ेगा ?”

देवतागण एक-दूसरे को देखने लगे कि सन्तों के बारे में बहुत सुना था । आज वास्तविक सन्त के दर्शन भी हो गये । देवताओं ने सन्त की कठिनाई समझकर अपने वरदान में संशोधन किया । “अच्छा आप जहाँ से भी निकलेंगे और जिस पर भी आपकी परछाई पड़ेगी, उसका कल्याण होता चला जाएगा ।“

सन्त ने बड़े विनम्र भाव से प्रार्थना की - “हे देवगण ! यदि एक कृपा और कर दें तो बड़ा उपकार होगा । वो यह कि मेरी छाया से किसका कल्याण हुआ, कितनों का उद्धार हुआ, इसका भान मुझे न होने पाए, अन्यथा मेरा अहंकार मुझे ले डूबेगा ।“

देवतागण सन्त के विनम्र भाव सुनकर नतमस्तक हो गए । कल्याण सदा ऐसे ही सन्तों के द्वारा सम्भव है । अहंकारी इन्सान को चापलूस बहुत अधिक पसंद आते हैं । जो उसकी चापलूसी करके उसको दीमक की तरह खोखला करते रहते हैं ।

आलोचकों की सत्य बोलने वाली कड़वी वाणी उनके अहंकार को चोट पहुँचाती है । इसलिए आलोचक उन्हें शत्रु के समान दिखाई देते हैं । अहंकारी इन्सान से सच्चे मित्र एंव शुभचिंतक मानसिक तौर से दूर हो जाते हैं । क्योंकि अहंकारी को अपने वार्तालाप में किसी की मर्यादा भंग करने तथा उसे द्रवित करने वाले वचनों का ध्यान नहीं रहता ।


अहंकार को सदा मुँह की खानी पड़ती है । वह चाहे रावण का अहंकार हो या दुर्योधन का । अहंकार के उत्पन्न होने से विवेक नष्ट होता है एवं विवेकहीन व्यक्ति सम्मान पाने लायक नहीं होते । सम्मान पाने के लिए विवेक पूर्ण कार्यों की आवश्यकता होती है और जरुरी नहीं कि धन से सम्मान मिले, अधिकतर धन से धोखा ही मिलता है ।〰️〰️🌼〰️〰️🌼〰️〰️🌼〰️〰️🌼〰️〰️🌼〰️〰️
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ