शब्द दान सबसे महान
कुमार महेंद्रधन का वैभव क्षणिक जगत में,
अन्न तृप्ति दे कुछ ही काल।
किन्तु मधुर शुभ शब्द मनुज के,
बदलें जीवन की हर चाल।
मुरझाए मन-उपवन में ये,
भर दें नव उल्लास-विहान।
शब्द दान सबसे महान।।
पीड़ा से बोझिल हृदयों पर,
जब सहानुभूति बरसती है।
मधुर वचन की कोमल छाया,
हर संताप सहज हरती है।
सत्य, प्रेम, सद्भाव सने स्वर,
कर दें जीवन पथ आसान।
शब्द दान सबसे महान।।
ज्ञान-ज्योति से दीपित वाणी,
तम के बंधन तोड़ सके।
सूखे मन में आशा बोकर,
नव विश्वासों को जोड़ सके।
जो शुभ वचनों का धन बाँटे,
वही जग में सच्चा धनवान।
शब्द दान सबसे महान।।
शब्दों से ही अमर हुए हैं,
संत, ऋषि, मुनि और महात्मा।
वाणी ने ही जन-मन जीता,
जग में पाया पूज्य आत्मा।
मत रोको तुम शुभ वचनों को,
बाँटो इनका अमृत-दान।
शब्द दान सबसे महान।।
तन की शक्ति ढल जाती क्षण में,
रूप-विलास सभी मिट जाते।
पर हितकारी मधुर शब्द ही,
अंत समय तक साथ निभाते।
स्नेह-प्रेम के सरस सेतु बन,
करते जीवन को वरदान।
शब्द दान सबसे महान।।
कटुता, क्रोध, घृणा के वन में,
शब्द सुमन बन खिल सकते हैं।
बुझते मन के सूने दीपक,
फिर से प्राणों से मिल सकते हैं।
जिसकी वाणी सुख बरसाए,
वह बन जाता है भगवान।
शब्द दान सबसे महान।।
आओ ऐसी वाणी बोलें,
जिससे जग का मान बढ़े।
टूटे मन को बल मिल जाए,
सूना जीवन गान चढ़े।
मानवता के पावन पथ पर,
शब्द बनें शुभ यज्ञ-हवन।
प्रेम, दया, करुणा के मोती—
यही मनुज का सच्चा धन।
इससे बढ़कर दान न कोई,
न इससे बढ़कर और सम्मान।
शब्द दान सबसे महान।।
कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews