फादर्स डे ( पितृ दिवस )
जय प्रकाश कुवंर
आज २१ जून सन् २०२६ , रविवार को दुनिया भर में फादर्स डे मनाया जा रहा है। यह दिन दुनिया भर में पिताओं के नि:स्वार्थ प्रेम, त्याग और परिवार के लिए उनके योगदान को सम्मानित करने तथा उनके प्रति आभार व्यक्त करने के लिए मनाया जाता है।
फादर्स डे हर साल जून महीने के तीसरे रविवार को ही मनाया जाता है। आज सन् २०२६ के जून महीने का तीसरा रविवार है। यह जरूरी नहीं है कि हर साल फादर्स डे मनाने के लिए जून महीने का २१ तारीख ही हो, बल्कि जरूरी यह है कि वह दिन जून महीने का तीसरा रविवार ही हो।
वैसे तो फादर्स डे पश्चिमी सभ्यता की पहचान है, क्योंकि सबसे पहले फादर्स डे की शुरुआत १९ जून सन् १९१० को अमेरिका में वाशिंगटन के स्पोकेन शहर में वहाँ की एक नागरिक सोनोरा स्मार्ट डाॅड ने अपने पिता की स्मृति में इस दिन की शुरुआत की थी। इसके बाद सन् १९१६ में अमेरिकी राष्ट्रपति वुडरो विल्सन ने इस दिवस को मनाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी। फिर सन् १९२४ में अमेरिकी राष्ट्रपति कैल्विन कुलिज ने इसे राष्ट्रीय आयोजन घोषित किया। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति लिंडन जाॅनसन ने सन् १९६६ में पहली बार इसे जून महीने के तीसरे रविवार को मनाये जाने का फैसला किया। तबसे फादर्स डे दुनिया भर में हर साल जून महीने के तीसरे रविवार को मनाया जाता है ।
सोनोरा स्मार्ट को फादर्स डे मनाने की प्रेरणा उनके पिता के मृत्यु के पश्चात उनके पिता द्वारा अपने बच्चों के लिए किये गए त्याग और कर्तव्य के भाव से मिली। सोनोरा के पिता विलियम जैक्सन स्मार्ट अमेरिकी गृह युद्ध के एक अनुभवी सैनिक थे। सोनोरा की माँ के मृत्यु के पश्चात सोनोरा के पिता ने अकेले ही सोनोरा और उसके पांच भाई बहनों की परवरिश की। साल १९०९ में एक चर्च में मदर्स डे का उपदेश सुनने के बाद सोनोरा स्मार्ट को यह महसूस हुआ कि माताओं की तरह पिताओं के त्याग और योगदान के लिए उनके लिए भी एक विशेष दिन दुनिया में होना चाहिए। और इसी भावना के चलते सोनोरा ने १९ जून, १९१० को फादर्स डे मनाने की शुरुआत की।
जहाँ तक भारतवर्ष में फादर्स डे यानि पितृ दिवस मनाने का प्रश्न है तो भारतीय संस्कृति में पिता को ईश्वर का रुप माना जाता है। पिता की आज्ञा का पालन करना भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों में सबसे बड़ा कर्तव्य माना जाता है। पिता की डांट में भी अपने बच्चों के लिए उनका प्यार और सीख छुपा रहता है।
पिता का स्थान हमारे जीवन में सर्वोच्च एवं अतुलनीय है। पिता अपने बच्चों के लिए बरगद के पेड़ जैसा है, जो उन्हें धूप वर्षा और अनेक आपदाओं से रक्षा करता है। पिता को बरगद की छांव उनके द्वारा परिवार और अपने बच्चों को दी जाने वाली सुरक्षा, त्याग और असीम प्रेम के कारण कहा जाता है। पिता का साया और पिता की मौजूदगी बच्चों के लिए एक अद्रिश्य ढाल की तरह होती है। एक पिता किसी भी तरह की आर्थिक अथवा मानसिक परेशानी अपने बच्चों के पास आने नहीं देता है । वह ऐसी परेशानियां उसके बच्चों तक आए इससे पहले ही वह एक संरक्षक और आधार स्तंभ बनकर खुद झेल लेता है और अपने बच्चों तक उन्हें पहुँचने ही नहीं देता।
पिता अपने बच्चों के लिए एक मार्गदर्शक होता है, जो सदैव उनका मार्गदर्शन करता है। पिता से अच्छा कोई दोस्त नहीं होता है। पिता हमें उचित अनुचित का बोध करवाते हैं। पिता अपने उपर अनगिनत कष्ट सहकर अपने बच्चों के सपनों को पूरा करता है।
पिता की आज्ञा का पालन करने से बच्चों में अच्छे संस्कार और विनम्रता आती है। हमारे ग्रंथों में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान् राम का उदाहरण दिया गया है, जिन्होंने पिता की आज्ञा का पालन करते हुए निंसंकोच १४ साल का वनवास स्वीकार कर लिया था।
पौराणिक कथाओं में भगवान् परशुराम अपनी पितृभक्ति और कर्तव्यपरायणता के सबसे बड़े प्रतीक माने जाते हैं। उन्होंने पिता की वचनों का पालन करने के लिए अपने पिता के आज्ञा देने पर अपनी माता का सिर बिना किसी मोह या संकोच किये अपने परसे से काट डाला था। हालांकि भगवान् परशुराम के अपने पिता से अनुरोध पर उन्होंने परशुराम की माता को अपने योग शक्ति से पुनः जीवित कर दिया था।
तो ये है हम भारतीय लोगों के लिए फादर्स डे यानि पितृ दिवस का महत्व एवं उसे मनाने के लिए प्रेरणा, जो हमारे पुर्वजों, धर्म ग्रंथों एवं हमारे संस्कार से प्राप्त हुआ है।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8


0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews