"मन के रंग"
पंकज शर्माअपने जीवन के पट पर मैं,
स्वप्निल रेखा स्वयं बनाऊँ।
अश्रु-कणों की नील स्याही से,
अंतर का आकाश सजाऊँ॥
जग ने जितने रंग दिए हैं,
सब मेरे अनुरूप न होंगे।
कुछ क्षणभंगुर धूलि-चित्र से,
कुछ चिर शांति-स्वरूप न होंगे॥
मैं चुन लूँगा वही छटाएँ,
जिनमें करुणा का जल बहता।
जिनकी मृदु आलोक-लहर में,
मन का निर्जन वन हँसता॥
क्यों भरूँ चित्रों में वह ज्वाला,
जो केवल दाह बढ़ाती है?
रंग वही शुभ, जो तम हरकर,
अंतर में प्रभात जगाती है॥
जीवन कोई रिक्त तख्ती नहीं,
भाग्य जहाँ सब लिख जाता है।
यह तो वह वीणा है, जिस पर
स्वर अपना ही झंकृत गाता है॥
पीड़ा भी एक रंग है गहरा,
जिससे चेतन रूप निखरता।
किन्तु वही दुःख वरण योग्य है,
जो मानव को मानव करता॥
जब मन अपने केंद्र पहुँचकर
मौन सिंधु में डूब जाता है,
तब सुख कोई वस्तु नहीं रह—
स्वयं प्रकाश बन जाता है॥
इसलिए, हे पथ के साधक,
तूलिका अपने हाथ धरो।
जीवन-चित्र अपूर्व रचो तुम,
और शांति के रंग भरो॥
. स्वरचित, मौलिक एवं अप्रकाशित
✍️ "कमल की कलम से"✍️ (शब्दों की अस्मिता का अनुष्ठान)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8


0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews