हमारा मंत्र जय जगत उद्घोष के साथ बिहार राज्य आचार्य कुल सम्मेलन सम्पन्न

मुजफ्फरपुर, 31 मई। आचार्य कुल बिहार प्रांत का दो दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन 30 एवं 31 मई 2026 को मुजफ्फरपुर स्थित श्री नवयुवक समिति ट्रस्ट, सरैयागंज टावर के समीप, आचार्य कुल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कुलपति आचार्य डॉ. धर्मेंद्र के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। सम्मेलन का मूल विषय था— "अहिंसक समाज रचना के लिए निर्भय, निष्पक्ष विचारकों के व्यासपीठ को व्यवस्थित एवं व्यावहारिक स्वरूप प्रदान करना"।
सम्मेलन में "हमारा मंत्र – जय जगत, हमारा तंत्र – ग्राम स्वराज और हमारा लक्ष्य – विश्व शांति" के उद्घोष के साथ सर्वोदय, ग्राम स्वराज और विश्व मानवता के आदर्शों को व्यवहारिक धरातल पर उतारने के लिए व्यापक चिंतन-मंथन किया गया। बिहार के 22 जिलों से आए प्रतिनिधियों के साथ-साथ झारखंड एवं उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने विचार रखे।
छह प्रमुख विषयों पर हुआ व्यापक विमर्श
सम्मेलन में स्वस्थ एवं समरस समाज निर्माण के लिए निम्नलिखित विषयों पर गहन चर्चा की गई-
- स्वस्थ समाज रचना के लिए शिक्षा
- स्वस्थ समाज रचना एवं स्वावलंबन
- स्वस्थ समाज रचना एवं पंचशक्ति सहयोग
- स्वस्थ समाज रचना एवं स्त्री शक्ति
- स्वस्थ समाज रचना एवं तरुण शक्ति
- ग्रामसभा सहयोग अभियान एवं ग्राम स्वराज की दृष्टि से "ग्रामें-ग्रामें शुभ कथा" कार्यक्रम
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, संस्कार, स्वावलंबन, महिला सशक्तिकरण और युवाशक्ति के समन्वय से ही एक स्वस्थ, अहिंसक एवं आत्मनिर्भर समाज की स्थापना संभव है। ग्राम स्वराज की अवधारणा को धरातल पर उतारने के लिए ग्राम स्तर पर जनजागरण और नैतिक शिक्षा अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
संगठन को सशक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय
सम्मेलन में आचार्य कुल को बिहार सहित देश के अन्य राज्यों में अधिक संगठित, प्रभावी एवं गतिशील स्वरूप देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
डॉ. उषा श्रीवास्तव को बिहार प्रांत अध्यक्ष की जिम्मेदारी
प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सर्वोदय और ग्राम स्वराज की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शिक्षाविदों, साहित्यकारों, पत्रकारों, आध्यात्मिक साधकों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन को मजबूत बनाया जाए।
इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए डॉ. उषा श्रीवास्तव को बिहार राज्य आचार्य कुल का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनसे आग्रह किया गया कि वे अपनी सुविधा अनुसार राज्य स्तरीय कार्यसमिति का गठन कर संगठन को सुदृढ़ एवं क्रियाशील स्वरूप प्रदान करें।
अन्य राज्यों में विस्तार हेतु रूपरेखा तैयार होगी
सम्मेलन में यह भी महसूस किया गया कि बिहार के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी आचार्य कुल के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए समर्पित संदर्भ व्यक्तियों की आवश्यकता है।
इस संदर्भ में झारखंड के देवघर के प्रसिद्ध सर्वोदय कार्यकर्ता कुमार रंजन तथा सुपौल (बिहार) के मानवीय शिक्षा एवं संस्कार आंदोलन के प्रबोधक चंद्रशेखर झा से अनुरोध किया गया कि वे एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर आगे की कार्रवाई हेतु पहल करें।
"ग्रामें-ग्रामें शुभ कथा" अभियान को मिलेगा व्यापक स्वरूप
सम्मेलन में सर्वोदय ग्राम स्वराज की स्थापना के लिए परिवार शिक्षण एवं ग्राम शिक्षण को अत्यंत आवश्यक बताया गया। इसी उद्देश्य से "ग्रामें-ग्रामें शुभ कथा" कार्यक्रम को संगठित एवं व्यापक रूप से संचालित करने का निर्णय लिया गया।
इस अभियान के संचालन की जिम्मेदारी सर्वसम्मति से श्री चंद्रशेखर झा को सौंपी गई। सम्मेलन में उपस्थित अनेक प्रतिनिधियों तथा स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य डॉ. धर्मेंद्र ने इस अभियान के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
राष्ट्रव्यापी चेतना निर्माण का संकल्प
अपने उद्बोधन में आचार्य डॉ. धर्मेंद्र ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को भयमुक्त, मूल्यनिष्ठ और विचारवान नेतृत्व की आवश्यकता है। आचार्य कुल का उद्देश्य केवल वैचारिक चर्चा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए बौद्धिक और व्यावहारिक दोनों स्तरों पर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि सर्वोदय, ग्राम स्वराज और विश्व शांति के आदर्शों को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी को समर्पण भाव से कार्य करना होगा।
सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार
दो दिवसीय सम्मेलन के सफल आयोजन में मुजफ्फरपुर की डॉ. उषा श्रीवास्तव, डॉ. संगीता सागर, नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों, विद्वानों, समाजसेवियों, नगर निगम के लोकसेवकों तथा श्री नवयुवक समिति ट्रस्ट का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
सम्मेलन का समापन "जय जगत" के सामूहिक उद्घोष और विश्व शांति, ग्राम स्वराज तथा मानवीय मूल्यों की स्थापना के संकल्प के साथ हुआ।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews