जीबीएम कॉलेज में एड्स जागरूकता को लेकर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित
- एनएसएस एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं ने दिए जागरूकता के संदेश

प्रतियोगिता में कॉलेज की एनएसएस स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए एड्स के कारण, बचाव, निवारण और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दर्शाते हुए आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर बनाए। रंग-बिरंगे पोस्टरों के माध्यम से छात्राओं ने समाज को एड्स के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

इस प्रतियोगिता में दिव्यांशी सिन्हा, पूर्णिमा शर्मा, माही, ज्योति कुमारी, समरीन परवीन, श्रेया हनी सहित कई छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। निर्णायक मंडल द्वारा पोस्टरों का गहन मूल्यांकन किए जाने के बाद पूर्णिमा शर्मा को प्रथम, ज्योति कुमारी को द्वितीय तथा माही को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेता छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।.jpeg)
.jpeg)
कार्यक्रम का संयोजन एवं समन्वयन एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को एड्स के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि एड्स “एक्वायर्ड इम्यूनोडेफिशिएंसी सिंड्रोम” का संक्षिप्त रूप है, जो एचआईवी वायरस के कारण होने वाली गंभीर बीमारी है। इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है और छोटी-सी बीमारी भी गंभीर रूप ले सकती है।
निर्णायक मंडल में सेहत केंद्र की नोडल अधिकारी डॉ. प्रियंका कुमारी, एनसीसी केयर टेकर ऑफिसर डॉ. नगमा शादाब तथा डॉ. अमृता कुमारी घोष शामिल थीं। डॉ. प्रियंका कुमारी ने छात्राओं को एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए निःशुल्क एड्स हेल्पलाइन नंबर 1097 के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस हेल्पलाइन पर मिलने वाली सलाह पूरी तरह गोपनीय होती है और जरूरतमंदों को उचित परामर्श एवं दवाइयों की जानकारी भी दी जाती है।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्या डॉ. सीमा पटेल ने कहा कि एड्स को लेकर समाज में फैली मिथ्या धारणाओं को दूर करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि असुरक्षित यौन संबंधों के अलावा संक्रमित रक्त, दूषित सुई या सिरिंज के उपयोग तथा गर्भावस्था, प्रसव या स्तनपान के दौरान माँ से बच्चे में भी एचआईवी संक्रमण फैल सकता है। उन्होंने छात्राओं को एड्स से पीड़ित लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सहानुभूति रखने तथा रक्तदान के लिए आगे आने की भी अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. राम कुमार सिंह, डॉ. प्यारे मांझी, प्रीति शेखर, डॉ. रुखसाना परवीन, डॉ. दीपिका, डॉ. प्रमिला कुमारी, अभिषेक कुमार भोलू सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews