जिन्होंने बिहार को अंधेरे में छोड़ा, वे आज रोशनी पर सवाल उठा रहे हैं? - डाॅ0 निहोरा प्रसाद यादव

12 मार्च 2026, पटना।
जद (यू0) प्रदेश प्रवक्ता डा0 निहोरा प्रसाद यादव ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला और कहा कि आरजेडी नेता तेजस्वी यादव द्वारा बिहार की स्थिति को लेकर लगाए गए आरोप न केवल तथ्यहीन और भ्रामक हैं, बल्कि यह भी दर्शाते हैं कि वे या तो बिहार के वास्तविक बदलाव से अनभिज्ञ हैं या फिर जानबूझकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि जिन समस्याओं को आज वे मुद्दा बना रहे हैं, उन्हीं समस्याओं की जड़ उनके परिवार के 15 वर्षों के शासनकाल में पड़ी थी। वर्ष 2005 से पहले बिहार की पहचान देश में कानून व्यवस्था के संकट, जर्जर सड़कों, अंधेरे में डूबे गांवों और ठप पड़े विकास कार्यों के कारण होती थी।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले दो दशकों में बिहार ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है। राज्य की अर्थव्यवस्था ने लगातार राष्ट्रीय औसत से अधिक दर से वृद्धि दर्ज की है। बिहार की विकास दर जो साल 2004-05 में महज 7.78 फीसदी थी वो वर्तमान समय में 13.09 प्रतिशत के आसपास है, जो देश के कई बड़े राज्यों से बेहतर है। वर्ष 2005 में बिहार का बजट जहां लगभग 23 हजार करोड़ रुपये था, वहीं आज यह बढ़कर तीन लाख 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है, जो राज्य की आर्थिक क्षमता और विकास की गति को दर्शाता है। वर्तमान में राज्य की प्रति व्यक्ति आय देश के कुछ राज्यों से भी ज्यादा है। साल 2004-05 में राबड़ी देवी के शासनकाल में बिहार की प्रति व्यक्ति आय महज 7 हजार 449 रुपए थी जो मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के शासन के दौरान बढ़कर 69 हजार 321 रुपए हो गई है।
बिहार में अपराध का ग्राफ न केवल नियंत्रण में है, बल्कि कई श्रेणियों में राज्य की स्थिति देश में बेहतर है। फिरौती के लिए अपहरण के मामले में बिहार का स्थान 35वां, डकैती में 31वां, यौन उत्पीड़न में 35वां, बलात्कार में 30वां तथा बच्चों से बलात्कार में 32वां स्थान है। पाॅक्सो मामलों में राज्य 23वें स्थान पर है, जबकि हत्या के मामलों में बिहार 11वें स्थान पर है। महिलाओं पर हमले के मामलों में भी राज्य का स्थान 5वां है। ये आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि बिहार अनेक गंभीर अपराध श्रेणियों में देश के कई राज्यों की तुलना में बेहतर स्थिति में है।
जहां तक गरीबी की बात है, साल 2004-05 के आरजेडी शासनकाल के दौरान ये 54.40 प्रतिशत थी जो मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के शासनकाल में साल 2024-25 में घटकर 33.76 प्रतिशत पर आ गई। राज्य सरकार की सात निश्चय योजनाओं और रोजगारोन्मुख कार्यक्रमों ने गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
तेजस्वी यादव को यह भी याद रखना चाहिए कि आज जिन मुद्दों पर वे बयानबाजी कर रहे हैं, उन्हीं समस्याओं से बिहार को बाहर निकालने का काम मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने किया है। उनके परिवार के शासनकाल में बिहार में निवेश, उद्योग, शिक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी, जिसके कारण बड़े पैमाने पर पलायन हुआ। आज राज्य सरकार उद्योग, कौशल विकास, कृषि और बुनियादी ढांचे पर लगातार काम कर रही है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। साल 2004-05 के आरजेडी शासनकाल के दौरान कृषि क्षेत्र की वृद्धि की दर नकारात्मक थी जो मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के शासनकाल के दौरान साल 2024-25 में बढ़कर 9.45 प्रतिशत हो गई।
बिजली की उपलब्धता के मामले में भी बिहार ने लंबी छलांग लगाई है। वर्ष 2005 में जहां राज्य में औसतन शहरों में केवल 7-8 घंटे बिजली मिलती थी, वहीं आज लगभग सभी गांवों तक बिजली पहुंच चुकी है और प्रतिदिन औसतन 22 से 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी हजारों किलोमीटर नई सड़कों और पुलों का निर्माण हुआ है, जिससे ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री साइकिल योजना, पोशाक योजना, छात्रवृत्ति योजना और विद्यालयों में बड़े पैमाने पर लाखों शिक्षक नियुक्ति के कारण विद्यालयों में नामांकन में भारी वृद्धि हुई है। जहां वर्ष 2005 के आसपास बिहार की साक्षरता दर लगभग 47 प्रतिशत थी, जो कि वर्तमान समय में बढ़कर 79 प्रतिशत हो गई और इसके बाद भी इसमें लगातार सुधार हो रहा है। स्कूल ड्राॅपआउट दर में भी उल्लेखनीय कमी आई है और वर्तमान समय में वो 1 प्रतिशत से भी कम है।
स्वास्थ्य सेवाओं में भी राज्य ने व्यापक सुधार किया है। वर्ष 2005 में जहां सरकारी अस्पतालों में प्रतिमाह 39 मरीज ही आते थे, वहीं आज यह संख्या लाखों में पहुंच चुकी है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक डाॅक्टरों, दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ी है।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ , https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews