Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

पटना जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: PMCH समेत तीन अस्पतालों में रेड, 8 वाहनों पर ₹72,000 जुर्माना

पटना जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: PMCH समेत तीन अस्पतालों में रेड, 8 वाहनों पर ₹72,000 जुर्माना

जिलाधिकारी, पटना के निदेश पर आज फ्लाइंग स्क्वायड (धावा दल) द्वारा पीएमसीएच, न्यू गार्डिनर अस्पताल एवं लोकनायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल का औचक निरीक्षण (रेड) किया गया। 08 वाहनों एवं एम्बुलेंस का चालान काटते हुए ₹ 72,000/- रुपये दंड की वसूली की गई। अस्पताल प्रशासन को सरकार के निदेशों के अनुसार पारदर्शी एवं उत्तरदायी तरीके से मरीजों के लिए उत्तम सुविधा उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया। लोगों को भी दलालों एवं बिचौलियों के झाँसे में नहीं आने हेतु जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के आदेश के आलोक में जिला प्रशासन, पटना द्वारा सभी स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित रूप से औचक जांच कराई जा रही है ताकि अस्पतालों में अवैध गतिविधियों को रोका जा सके। जांच टीम में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण एवं अन्य शामिल हैं। आज पीएमसीएच, आयकर गोलंबर स्थित न्यू गार्डिनर अस्पताल एवं लोकनायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल, राजबंशी नगर में अधिकारियों की टीम द्वारा रेड किया गया। अपर जिला दंडाधिकारी (नगर व्यवस्था) के नेतृत्व में वरीय उप समाहर्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य), जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों एवं मजिस्ट्रेट की टीम द्वारा रेड किया गया। जाँच दलों द्वारा ओपीडी, दवा वितरण केन्द्र, पैथोलॉजी सेंटर, इमरजेंसी वार्ड, ब्लड बैंक, स्टोर इत्यादि का निरीक्षण किया गया।
जाँच दल सर्वप्रथम पीएमसीएच पहुँचा जहाँ निजी एम्बुलेंस एवं अन्य वाहन, जो बिना एम्बुलेंस के रूप में संचालित थे, की जाँच की गई। 08 वाहनों एवं एम्बुलेंस का तत्काल चालान काटते हुए कुल 72,000/- रुपये का फाईन लगाया गया। वहाँ उपस्थित अन्य वाहनों की जाँच कर सही पाए जाने पर चालकों/ वाहन स्वामियों को अवैध पार्किंग नहीं करने हेतु चेतावनी दी गई। इसके बाद जाँच दल ने पीएमसीएच के आकस्मिक विभाग, दवा वितरण केन्द्र, ब्लड बैंक, पैथोलोजी आदि का भ्रमण कर जाँच किया एवं लोगों को दलालों एवं बिचौलियों के झाँसे में नहीं आने हेतु जागरूक किया। जाँच टीम उसके बाद आयकर गोलम्बर स्थित न्यू गार्डिनर अस्पताल (NGR) पहुँची। वहाँ पर जाँच के दौरान कोई बाहरी संदिग्ध व्यक्ति नहीं पाया गया। जाँच टीम ने Medical Representative की उपस्थिति पर निदेशक को सूचित किया। जाँच टीम ने लोकनायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल, राजवंशी नगर का भी निरीक्षण किया एवं निदेशक की उपस्थिति में भ्रमण कर सभी उपस्थित सुविधाओं का जायजा लिया। दलालों/बिचौलियों पर कार्रवाई कर प्रतिवेदन देने का निदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पीएमसीएच की पहले भी जांच कराई गई थी जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति को अवैध कार्यों में लिप्त पाये जाने, मरीजों एवं परिजनों से अवैध वसूली करने तथा उनका दोहन करने के आरोप में धावा दल द्वारा पकड़ कर विधिसम्मत कार्रवाई हेतु स्थानीय थाना को सौंप दिया गया था। अस्पताल प्रशासन द्वारा इस व्यक्ति के विरूद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। चार फरवरी को पीएमसीएच में ही एक महिला सफाई कर्मी मरीजों/परिजनों से पैसा लेते हुए पकड़ी गई थी । इन्हें तत्काल प्रभाव से सेवामुक्त कर दिया गया था । ज़िलाधिकारी ने कहा कि बाहरी एम्बुलेंस का परिसर में प्रवेश निषिद्ध है । अस्पताल प्रशासन को सख़्त हिदायत दी गई है कि बिचौलियों/ दलालों की गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रोकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि चार फरवरी को एनएमसीएच में अवैध गतिविधियों में संलग्न दो व्यक्तियों के विरूद्ध प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अस्पतालों में अस्पताल प्रशासन को सरकार के निदेशों के अनुसार पारदर्शी एवं उत्तरदायी तरीके से मरीजों के लिए उत्कृष्ट सुविधा उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार सभी नागरिकों को उत्तम स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। जिला प्रशासन को समय-समय पर ऐसी सूचनाएं प्राप्त हो रही थी कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के परिसर में निजी नर्सिंग होम, निजी जांच घर/एक्स रे, निजी मेडिसिन प्रतिष्ठानों के कर्मी जांच के लिए आने वाले मरीजों को निजी नर्सिंग होम में इलाज कराने, जांच कराने तथा दवा खरीदने हेतु गुमराह करते हैं। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध आम जनता को सरकारी चिकित्सा सुविधा से वंचित करने एवं सरकार की लोक–कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा पहुंचाने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त सरकारी कर्मियों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ज़िलाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधा उपलबध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पदाधिकारीगण इसके प्रति सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहें। किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध विधिसम्मत सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ