भूकंप आपदा को लेकर पटना में व्यापक तैयारी, 25-26 फरवरी को मॉक ड्रिल और टेबल टॉप एक्सरसाइज

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए), नई दिल्ली एवं आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार सरकार के निदेश पर जिला प्रशासन, पटना द्वारा भूकंप परिदृश्य पर मॉक एक्सरसाईज एवं टेबल टॉप एक्सरसाईज का आयोजन किया जा रहा है। दिनांक 25 फरवरी, 2026 को पटना समाहरणालय में 8ः00 बजे पूर्वाह्न से टेबल टॉप एक्सरसाईज आयोजित किया जाएगा। दिनांक 26 फरवरी, 2026 को सात चिन्हित सिमुलेशन स्थलों पर मॉक एक्सरसाईज का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी, पटना ने कहा कि इन अभ्यासों का मूल उद्देश्य भूकंप जैसी आपात स्थिति में जिले की तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया एवं विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा करना है। भूकम्प परिदृश्य पर आधारित टेबल टॉप एक्सरसाईज एवं मॉक एक्सरसाईज आम जनता को भूकंप की स्थिति में सुरक्षित रखने के लिए प्रशासनिक दृष्टिकोण से अत्यंत प्रभावकारी है। इन अभ्यासों के दौरान सभी स्टेकहोल्डर्स के बीच समन्वय की स्थिति की जाँच के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्यों का परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पटना भूकंप के दृष्टिकोण से संवेदनशील है। यह सिस्मिक जोन IV में स्थित है। अतः भूकंप जैसी स्थिति में जान-माल की सुरक्षा हेतु सुदृढ़ तैयारी आवश्यक है। मॉक ड्रिल एवं टेबल टॉप एक्सरसाईज इसी कड़ी का महत्वपूर्ण भाग है। जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के आदेश के आलोक में जिला प्रशासन, पटना द्वारा सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ नियमित तौर पर उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया जाता है ताकि भूकंप की स्थिति में इसकी विभीषिकाओं से लोगों को बचाया जा सके तथा क्षति का न्यूनीकरण किया जा सके। भूकम्प की स्थिति में Do's and Don'ts का वृहत स्तर पर प्रचार-प्रसार; प्रशिक्षण कार्यशाला, मॉकड्रिल एवं अन्य क्षमतावर्द्धन गतिविधियों का आयोजन कर आपदा जोखिम न्यूनीकरण, तैयारी एवं सुरक्षित व्यवहार के प्रति जनमानस को जागरूक करने सहित सभी स्टेकहोल्डर्स से सुदृढ़ समन्वय एवं सार्थक संवाद स्थापित कर अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया गया है।
जिलाधिकारी के निदेश पर मॉक ड्रिल एवं टेबल टॉप एक्सरसाईज के सफल आयोजन हेतु आज समाहरणालय स्थित सभागार में एक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, पटना एवं पुलिस अधीक्षक (विधि-व्यवस्था), पटना द्वारा सभी स्टेकहोल्डर्स को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) तथा आपदा प्रबंधन विभाग के दिशा-निदेशों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। 26 फरवरी को आहूत भौतिक मॉक अभ्यास से पूर्व 25 फरवरी को होने वाले टेबल टॉप एक्सरसाईज के बारे में अधिकारियों को बताया गया। मॉक अभ्यास के विभिन्न आयामों यथा विस्तृत योजना का सूत्रण, प्रभावी संचार व्यवस्था, संसाधनों की सटीक जानकारी, बेहतर समन्वय तथा उत्तरदायित्व के बोध के बारे में जानकारी दी गई। मॉक अभ्यास में भाग लेने वाले विभिन्न हितधारकों एवं एजेंसियों के कार्यों तथा दायित्वों के बारे में अधिकारियों को जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि 26 फरवरी को मॉक अभ्यास हेतु सात सिमुलेशन स्थलों का चयन किया गया है जो इस प्रकार है: पटना समाहरणालय, जेडी वीमेंस कॉलेज एवं जेडी वीमेंस कॉलेज छात्रावास, बिस्कोमान भवन, सिटी सेन्टर मॉल, जेपी सेतु, गाँधी मैदान एवं आईजीआईएमएस। सभी सिमुलेशन साईट्स पर वरीय नोडल पदाधिकारियों एवं प्रभारी पदाधिकारियों को तैनात करते हुए इनके कार्यों एवं दायित्वों का भी निर्धारण किया गया है। उप विकास आयुक्त, पटना को कमांड एवं कंट्रोल की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अधीक्षक यातायात को मॉक अभ्यास के दौरान चिन्हित स्थलों पर यातायात प्रबंधन हेतु आवश्यक व्यवस्था करने का निदेश दिया गया है। ज़िलाधिकारी ने कहा कि सिमुलेशन साईट पर विशिष्ट यथार्थवादी आपदा परिदृश्य का निर्धारण किया जाएगा। इन परिदृश्यों में संरचनात्मक क्षति, आग लगना, फंसे हुए पीड़ित, घायल लोग, राहत एवं बचाव कार्य इत्यादि दृश्य शामिल है।
जिलाधिकारी द्वारा आपदा प्रबंधन, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, अग्निशमन, पीएचईडी, यातायात, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, ग्रामीण विकास, नगर निकाय, पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य, पशुपालन सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को टेबल टॉप एक्सरसाईज एवं मॉक एक्सरसाईज की त्रुटिहीन तैयारी सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तैयारियों के साथ ही जिला प्रशासन द्वारा समन्वित प्रयासों के माध्यम से नागरिकों को भूकंप के दौरान अपनाए जाने वाले सावधानियों; क्या करें एवं क्या न करें तथा सामुदायिक स्तर पर आपदा प्रतिरोधक क्षमता के महत्व के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com