Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

समर्पण, संकल्प और समान अवसर की मिसाल है “दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026”

समर्पण, संकल्प और समान अवसर की मिसाल है “दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026”

दिव्य रश्मि के उपसम्पादक जितेन्द्र कुमार सिन्हा की कलम से |

बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ अमितेश कुमार ने बताया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं होता है, वह आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और समाज को नई दिशा देने का माध्यम भी होता है। इसी सोच के साथ बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित “दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026” का आगाज 11 फरवरी से ऊर्जा स्टेडियम, पटना में होने जा रहा है। आयोजन सचिव के रूप में इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को निभाना मेरे लिए गर्व और प्रेरणा, दोनों का विषय है।
उन्होंने बताया कि 8 फरवरी को पटना के अंगीठी रेस्टोरेंट एवं बैंक्वेट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब इस टूर्नामेंट की औपचारिक घोषणा की गई, तो यह स्पष्ट था कि यह आयोजन केवल दो दिनों का क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, संघर्ष और आत्मबल का उत्सव है।


उन्होंने बताया कि हमारा उद्देश्य साफ है कि दिव्यांग खिलाड़ियों को ऐसा मंच देना, जहाँ वे बिना किसी सहानुभूति के, केवल अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर पहचाने जाएँ। खेल के माध्यम से समाज में यह संदेश देना कि दिव्यांगता कमजोरी नहीं, बल्कि अलग तरह की शक्ति है।


बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के आयोजन सचिव डॉ. प्रभात चंद्रा ने बताया कि इस टूर्नामेंट में बिहार, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेगी। अलग-अलग भौगोलिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से आने वाले ये खिलाड़ी जब एक मैदान पर उतरेंगे, तो खेल के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भी शानदार तस्वीर देखने को मिलेगी।


डॉ. चंद्रा ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 11 फरवरी को सुबह 8:00 बजे ऊर्जा स्टेडियम में होगा। दो दिनों तक रोमांचक मुकाबलों के बाद 12 फरवरी को शाम 6:00 बजे फाइनल मैच खेला जाएगा। इसके बाद रात 9:30 बजे से पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता, उपविजेता सहित सभी भाग लेने वाली टीमों को सम्मानित किया जाएगा। हमारा मानना है कि सम्मान केवल जीतने वालों को नहीं, बल्कि मैदान में उतरने वाले हर खिलाड़ी को मिलना चाहिए।


उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट को और अधिक जीवंत बनाने के लिए दर्शकों के लिए भी एक अनूठी घोषणा की गई है। प्रत्येक मैच के दौरान यदि कोई दर्शक बाउंड्री लाइन के बाहर कैच पकड़ता है, तो उसे बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन की ओर से ₹200 नकद इनाम दिया जाएगा। यह पहल दर्शकों को खेल से जोड़ने और खिलाड़ियों के उत्साह को दोगुना करने की दिशा में एक छोटा लेकिन सार्थक प्रयास है।
दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 के लिए बिहार टीम की घोषणा भी की जा चुकी है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी धर्मेंद्र कुमार को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि हाल ही में भारतीय दिव्यांग टीम के लिए पदार्पण करने वाले जितेंद्र कुमार यादव उपकप्तान की भूमिका निभाएँगे। टीम में अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलन है, जो निश्चित रूप से शानदार प्रदर्शन का आधार बनेगा।


डॉ. प्रभात चंद्रा ने बताया कि इस आयोजन को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया बंधुओं को सम्मानित कर हमने उनके सहयोग के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। साथ ही, मैं एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार, सचिव उज्ज्वल कुमार सिन्हा, संयुक्त सचिव अजय कुमार, कोषाध्यक्ष उदय कुमार सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का धन्यवाद करता हूँ, जिनके सामूहिक प्रयास से यह आयोजन संभव हो पाया है।


मैं शहरवासियों, खेल प्रेमियों और समाज के सभी वर्गों से अपील करता हूँ कि वे बड़ी संख्या में ऊर्जा स्टेडियम पहुँचकर इन खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। आपका एक ताली बजाना, एक मुस्कान देना, इन खिलाड़ियों के लिए किसी ट्रॉफी से कम नहीं होता।
दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 हमारे लिए एक आयोजन नहीं, बल्कि एक आंदोलन है, समान अवसर, सम्मान और सशक्तिकरण का आंदोलन। मुझे विश्वास है कि यह टूर्नामेंट न केवल खिलाड़ियों के जीवन में, बल्कि समाज की सोच में भी सकारात्मक बदलाव लाएगा।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ