7468 नवनियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री ने सौंपा नियुक्ति पत्र
- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी शुभकामनाएं, कहा— ईमानदारी और निष्ठा से निभाएं दायित्व
पटना, 07 जुलाई 2025:
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में एक भव्य समारोह के दौरान 7468 नवनियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एएनएम) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से पांच चयनित अभ्यर्थियों— सुश्री मोना कुमारी, श्रीमती नीलू कुमारी, श्रीमती अमृता कुमारी, श्रीमती प्रिया सिन्हा एवं श्रीमती रीमा कुमारी — को स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नवचयनित महिलाएं पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम की शुरुआत में विकास आयुक्त सह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडे, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री अमृत लाल मीणा, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक श्री सुहर्ष भगत, बिहार स्वास्थ्य सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री निलेश देवरे सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित नवनियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया। नियुक्ति पत्र पाकर सभी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया और राज्य के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जाहिर की।
बिहार सरकार का यह कदम न केवल राज्य में स्वास्थ्य सेवा को गति देगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक प्रभावी पहल के रूप में देखा जा रहा है।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com