गुजरात में कांग्रेस का थरूर इफेक्ट

गुजरात में कांग्रेस का थरूर इफेक्ट

(अशोक त्रिपाठी-हिन्दुस्तान फीचर सेवा)
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुके थरूर ने गुजरात में चुनाव प्रचार करने से इनकार कर दिया है। पार्टी के नेता इस बात को बहुत हल्के में ले रहे हैं लेकिन संदेश दूर तक जाता है। गुजरात में इस बार आम आदमी पार्टी ने मुकाबला त्रिकोणात्मक कर दिया है। इससे कांग्रेस के ही वोट बैंक में सेंध लगेगी। इसके अलावा हार्दिक पटेल जैसे पाटीदार समुदाय के नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये। तीन विधायकों ने दल-बल के साथ पार्टी छोड़ी है। इसलिए कांग्रेस को एकजुट होने की जरूरत थी। सभी जानते हैं कि शशि थरूर हाईकमान की पसंद के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़े थे। खड़गे की जीत भी हुई लेकिन उस समय भी शशि थरूर ने चुनाव को लोकतांत्रिक बताते हुए कहा था कि वे नवनिर्वाचित अध्यक्ष खड़गे के निर्देश पर ही कार्य करेंगे। शशि थरूर को अच्छा समर्थन भी मिला था, इसलिए कांग्रेस हाईकमान को उनके लिए गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपना चाहिए था। गुजरात चुनाव के स्टार प्रचारकों में शशि थरूर का नाम ही शामिल नहीं किया गया है, इससे थरूर के समर्थकों में ही नहीं गुजरात के युवा वर्ग में भी गलत संदेश गया है। गुजरात के छात्रों ने शशि थरूर को चुनाव प्रचार के लिए आमंत्रित किया था।

इस बार गुजरात चुनाव में शशि थरूर प्रचार नहीं करेंगे। इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। एक चर्चा है कि कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कथित तौर पर पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर किए जाने के बाद गुजरात में अगले महीने होने वाले चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार अभियान से खुद को अलग कर लिया है। शशि थरूर को कांग्रेस के छात्र संगठन ने गुजरात में प्रचार करने के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। उधर कांग्रेस ने थरूर को दरकिनार करने से इनकार किया है। इतना जरूर कहा कि वह तो स्टार कैंपेनरों की लिस्ट में ही नहीं थे। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में एक और पांच दिसंबर को मतदान होगा। पहले चरण में 89 सीटों पर और दूसरे चरण में साणंद सहित 93 सीटों पर मतदान होगा।

कांग्रेस ने गत दिनों गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए अपने स्टार कैंपेनर्स की सूची जारी की थी। पहले चरण के प्रचार के लिए कांग्रेस ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, सचिन पायलट, तारिक अनवर, बीके हरिप्रसाद, अशोक चव्हाण, शक्ति सिंह गोहिल, रघु शर्मा, मोहन प्रकाश सहित कई प्रमुख नेता शामिल हैं। स्टार प्रचारकों की सूची में संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा, भरत सिंह सोलंकी, उषा नायडू, कन्हैया कुमार, कांतिलाल भूरिया, इमरान प्रतापगढ़ी, अमरिंदर सिंह राजा बरार, अर्जुन मोधवाडिया, सिद्धार्थ पटेल आदि के नाम भी शामिल हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। पार्टी ने 40 चुनाव प्रचारकों की सूची जारी की जिनमें ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर भी शामिल हैं। ठाकोर हाल ही में कांग्रेस से जुड़े हैं। पंजाब के मंत्री और पूर्व क्रिक्रेटर नवजोत सिंह सिद्धू तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर, अभिनेत्री से नेता बनी नगमा मोराजी आदि अन्य हस्तियां भी पार्टी के लिए प्रचार करेंगी लेकिन शशि थरूर को दूर रखा गया।

गुजरात मामलों के प्रभारी पार्टी महासचिव अशोक गहलोत, सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और गुजरात कांग्रेस के प्रमुख भरत सिंह सोलंकी भी पार्टी के पक्ष में प्रचार अभियान में शामिल होंगे।

दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में चुनाव प्रचार 19 नवम्बर से शुरू करेंगे। वे तीन दिनों में आठ चुनाव रैलियों को संबोधित करेंगे। चुनाव अभियान दक्षिण गुजरात से शुरू होगा। सबसे पहले शनिवार शाम 7.30 बजे पीएम मोदी वलसाड़ में जनसभा को संबोधित करेंगे, रात को वे वहीं रुकेंगे। अगले दिन रविवार सुबह 10.15 बजे सोमनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। इसके बाद वरावल, धौराजी, अमरेली और बोटाड में चार चुनावी सभाएं होंगी। वरावल में सुबह 11 बजे, धौराजी में 12.45 बजे, अमरेली में दोपहर 2.30 बजे और बोटाड में 6.15 बजे जनसभा होगी। प्रधानमंत्री मोदी इसके बाद गांधी नगर आएंगे। रात्रि विश्राम राजभवन में होगा। सोमवार को फिर वे चुनाव अभियान पर निकलेंगे, इस दिन पीएम की तीन चुनावी सभाएं होंगी। वे दोपहर 12 बजे सुरेंद्र नगर, दोपहर दो बजे जंबुसार और शाम 4 बजे नवसारी में चुनावी सभा होगी। शनिवार 19 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश का दौरा भी पीएम करेंगे। शनिवार सुबह 9.30 बजे वे अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इसके बाद उत्तर प्रदेश में अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी जाएंगे। दोपहर दो बजे काशी तमिल संगमम के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे। पीएम इसके बाद गुजरात के चुनाव प्रचार के लिए निकल जाएंगे। तीन दिनों तक गुजरात में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी ने पिछले विधानसभा चुनाव में गुजरात में 34 जन सभाएं की थी, इस बार वे कम से कम 25 चुनावी सभाएं करेंगे।

गुजरात चुनाव से पहले कांग्रेस को 2 दिन में तीसरा झटका लगा। एक और विधायक ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। झालोड़ के कांग्रेस विधायक भावेश कटारा ने पार्टी से इस्तीफा दिया है। इससे पहले कांग्रेस विधायक मोहन सिंह राठवा और भगवान बराड़ पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं । इस बीच बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में करीब सौ नामों को मंजूरी दी गई है। पहले दौर की सभी 89 सीटों पर उम्मीदवार तय कर लिये गए हैं। गुजरात में 182 सीटों वाली विधानसभा का चुनाव दो चरणों में होगा। पहले चरण के तहत 1 दिसंबर और दूसरे चरण के तहत 5 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं, नतीजों का ऐलान हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम के साथ 8 दिसंबर को किया जाएगा। गुजरात में वर्तमान में कुल 4.90 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से 2.53 करोड़ पुरुष, 2.37 करोड़ महिला और 1,417 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। 3.24 लाख नए वोटर हैं। मतदान के लिए कुल 51,782 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, 182 मॉडल पोलिंग स्टेशन होंगे। 50 फीसदी मतदान केंद्रों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। 33 पोलिंग बूथों पर युवा पोलिंग टीम होगी। गुजरात विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 18 फरवरी को समाप्त हो रहा है। गुजरात में कुल 182 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 92 है। 182 में से 13 विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति के प्रत्याशियों के लिए आरक्षित हैं, तथा 27 विधानसभा सीटें अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखी गई हैं। कांग्रेस के नेता भले ही अंडर करंट की बात कह रहे हों लेकिन जनता की नजर में उसका प्रचार भी कमजोर है।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ