चन्नी पर ही कांग्रेस ने लगाया दांव

चन्नी पर ही कांग्रेस ने लगाया दांव

(अशोक त्रिपाठी-हिन्दुस्तान समाचार फीचर सेवा)
बहुत सोच विचार के बाद कांग्रेस ने तय कर लिया कि पंजाब में सीएम चेहरा घोषित करने में ही भलाई है और दलितों को संदेश देने के लिए चरण जीत सिंह चन्नी को ही अगला मुख्यमंत्री बनाने की रणनीति से ही कांग्रेस की दुबारा सरकार बन सकती है।इसीलिए पार्टी ने राहुल गांधी के माध्यम से यह घोषित कराया है कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ही आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। लुधियाना में 6 फरवरी को एक वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक् राहुल गांधी ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा, “पंजाब का सीएम चेहरा चरणजीत सिंह चन्नी हैं। हमने पंजाब से पूछा और आपने हमें फैसला दिया। इसका निर्णय लेना बहुत कठिन था। पंजाब को एक ऐसे नेता की जरूरत है जो गरीबों को समझ सके, उनकी चिंता को महसूस कर सके।” राहुल ने घोषणा के बाद कुछ शब्द कहने के लिए चन्नी को आमंत्रित करते हुए कहा, “पूरी कांग्रेस अब पंजाब को बदलने की दिशा में काम करेगी।”इसके बाद चन्नी ने खुद पर भरोसा जताने के लिए कांग्रेस का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, ‘यह एक बड़ी लड़ाई है, मैं पंजाब का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे कांग्रेस के लिए आशावान मुख्यमंत्री चुना। मुझ पर भरोसा करने के लिए मैं कांग्रेस आला कमान और पंजाब के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। जैसा कि आपने हमें पिछले 111 दिनों में पंजाब को आगे ले जाने के लिए इतनी मेहनत करते देखा है, मैं आपको पंजाब और पंजाबियों को नए जोश और समर्पण के साथ प्रगति के पथ पर ले जाने का आश्वासन देता हूं। ध्यान रहे कि कांग्रेस ने सी एम पद के उम्मीदवार के लिए जनता के बीच सर्वे करवाया है। इस सूची में नवजोत सिंह सिद्धू, चरण जीत सिंह चन्नी और सुनील जाखड़ के नाम शामिल थे। जनता ने चन्नी को प्राथमिकता दी है। सिद्धू को भी जनता का फैसला मानना पड़ा है।

चन्नी ने खुद पर भरोसा जताने के लिए कांग्रेस का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने कहा, ‘यह एक बड़ी लड़ाई है। मैं पंजाब का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे कांग्रेस के लिए आशावान मुख्यमंत्री चुना। मुझ पर भरोसा करने के लिए मैं कांग्रेस आलाकमान और पंजाब के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। जैसा कि आपने हमें पिछले 111 दिनों में पंजाब को आगे ले जाने के लिए इतनी मेहनत करते देखा है, मैं आपको पंजाब और पंजाबियों को नए जोश और समर्पण के साथ प्रगति के पथ पर ले जाने का आश्वासन देता हूं।

ध्यान रहे कि राहुल गांधी ने चन्नी को जनता का सीएम बताया और कहा कि उनमें अहंकार नहीं है, वे जनता के बीच जाते हैं।

चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब की चमकौर साहिब सीट से कांग्रेस के विधायक हैं और 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने आम आदमी पार्टी के चरनजीत सिंह को करीब 12 हजार वोटों के मार्जिन से हराया था। वहीं 2012 के चुनावों में उन्होंने करीब 3600 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। चरणजीत सिंह चन्नी युवा कांग्रेस से भी जुड़े रहे हैं और इसी दौरान उनकी राहुल गांधी से करीबियां बढ़ी थीं। पंजाब में चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस के दलित नेताओं में से एक हैं। उन्हें गांधी परिवार का बेहद करीबी माना जाता है। भारत में सबसे ज्यादा दलित सिख पंजाब में हैं। राज्य में इनकी जनसंख्या लगभग 32 फीसदी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दलित सिख चेहरा होना चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाए जाने के पक्ष में रहा है। अभी वे युवा चेहरा हैं। 2 अप्रैल 1972 को चमकौर साहिब के पास मकरोना कलां गांव में जन्में चरणजीत सिंह चन्नी सरकारी स्कूल से प्राथमिक शिक्षा हासिल की। उनके पिता का नाम एस. हरसा सिंह और माता अजमेर कौर हैं। चरणजीत सिंह चन्नी का बचपन गरीबी में गुजरा, उनके पिता ने परिवार को आर्थिक सुरक्षा दिलाने के लिए बहुत मेहनत की। रोजगार की तलाश में वे मलेशिया भी गए और फिर वापस पंजाब लौटने पर उन्होंने टेंट हाउस का काम शुरू किया। कॉलेज में पढ़ाई के साथ-साथ चरणजीत सिंह चन्नी अपने पिता के टेंट हाउस में उनकी मदद करते थे। ग्रेजुएशन कंपलीट करने के बाद चन्नी ने घनौली में एक पेट्रोल पंप खोला। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत खरड़ नगर परिषद में पार्षद का चुनाव लड़कर की। पांच साल बाद चरणजीत सिंह चन्नी नगर परिषद के प्रधान बने और इस पद पर उन्होंने दो कार्यकाल पूरे किए। इसके बाद चन्नी ने चमकौर साहिब विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का मन बनाया और कांग्रेस से टिकट की दावेदारी की लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला था।अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लुधियाना में आयोजित एक वर्चुअल रैली में यह ऐलान किया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ही आगामी विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस के मुख्यमंत्री उम्मीदवार होंगे। इसके लिए नवजोत सिद्धू को भी मना लिया गया है।

इससे पहले पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट कर कांग्रेस हाईकमान के फैसले को मानने की बात कही थी। नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट कर कहा था ‘बिना किसी निर्णय के कभी भी कुछ भी महान हासिल नहीं होता है। पंजाब को स्पष्टता देने आ रहे राहुल जी का हार्दिक स्वागत है। हम सभी उनके फैसले का पालन करेंगे!!!’ बता दें कि सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के साथ-साथ नवजोत सिंह सिद्धू को भी मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार माना जा रहा था।

पंजाब में कौन होगा अगला मुख्यमंत्री, इसको लेकर पिछले दो महीनों से कयासबाजी लग रही थी। सिद्धू ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए कहा था बिना दूल्हे की बारात कैसी? उस समय राज्य के प्रभारी हरीश रावत ने कहा था कि पंजाब में विधान सभा चुनाव पार्टी के नाम पर लड़े जाएंगे। इसी के बाद कई चेहरे सामने आए। चरणजीत चन्नी को मुख्यमंत्री बनाने के साथ ही कांग्रेस ने दलित राजनीति शुरू कर दी थी लेकिन सिद्धू के बयान के बाद बसपा प्रमुख मायावती ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का दलित प्रेम सिर्फ दिखावा है। अब लुधियाना में आयोजित एक वर्चुअल रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंजाब के अगले मुख्यमंत्री के लिए वर्तमान सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के नाम का ऐलान किया। लुधियाना के दाखा में हुई रैली में जैसे ही पार्टी के अगले सीएम कैंडिडेट का ऐलान हुआ, नवजोत सिंह सिद्धू को निश्चित रूप से बड़ा झटका लगा

होगा लेकिन इस बार उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष की गरिमा का ध्यान रखा। सिद्धू पिछले काफी वक्त से खुद को सीएम चेहरे पर दावा ठोक रहे थे। राहुल गांधी के इस ऐलान के बाद अब सिद्धू ने हाईकमान के फैसले का समर्थन कर दिया है।

सीएम के नाम के ऐलान के साथ ही हालांकि राहुल गांधी ने नवजोत सिंह सिद्धू की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि पंजाब कांग्रेस में कई हीरे हैं, अगर मैं सबके बारे में बात करने लगा तो पूरा दिन ही निकल जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धू से मुलाकात के बारे में जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि क्या आप जानते हैं मैं सिद्धू जी से कब मिला था। कोई इसका जवाब दे सकता है। दून में खेल के दौरान राहुल ने सिद्धू की बालिंग का करिश्मा देखा था।

पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर 20 फरवरी को एक चरण में चुनाव होंगे, जबकि मतों की गिनती 10 मार्च को होगी। (हिफी)


हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ