क्या जर्मन अंतिम संरक्षक होंगे संस्कृत के और इसके कीमती विरासत व संस्कृति के?
संकलन अश्विनीकुमार तिवारीएक लेख पढ़ रहा था जिसकी शुरुआत कुछ इस तरह होती है .. "Will Germans be the eventual custodians of Sanskrit, its rich heritage and culture?"
हिंदी में "क्या जर्मन अंतिम संरक्षक होंगे संस्कृत के और इसके कीमती विरासत व संस्कृति के??"
मतलब क्या है कि जर्मनी जिस तरह से संस्कृत को लेकर गम्भीर है वैसा और कहीं नहीं है और इस आधार पे ही बोला जा रहा कि क्या जर्मनी ही इसका अंतिम संरक्षक होगा ??
जर्मनी के 14 टॉप यूनिवर्सिटियों में संस्कृत की पढ़ाई हो रही है व रिसर्च भी।
साउथ एशिया इंस्टीट्यूट और हैडलबर्ग यूनिवर्सिटी समर (summer) में स्पोकन कोर्स ऑर्गेनाइज करती है जिसमें एडमिशन लेने के लिए दुनिया भर से होड़ लगा हुआ होता है.. एप्लिकेशन की बाढ़ आ जाती है विश्व भर से जिसमें कि छंटाई करने की नौबत आ जाती है और छंटाई करना भी पड़ता है।
ये यूनिवर्सिटी केवल जर्मनी में ही नहीं बल्कि स्विट्जरलैंड, इटली और आप यकीन नहीं मानोगे भारत में भी संस्कृत स्पोकन का समर स्कूल ऑर्गेनाइज करती है। बताइये कि भारत की चीज भारत को ही बेचा जाता है। किस कारण ??
Professor Dr. Axel Michaels, head of classical Indology (University of Heidelberg) कहते है कि " आज से 15 साल पहले जब हम इसका शुरुआत किये थे तो शुरुआती के दो साल में ही बंद करने की स्थिति में थे लेकिन हमने ऐसा नहीं किया बल्कि इसको और मजबूत बनाने पे ध्यान दिया और अन्य युरोपियन कंट्री के लिए भी कोर्स के लिए ओपन किया!"
आज जर्मनी में 14 यूनिवर्सिटी हैं जहां संस्कृत की पढ़ाई चल रही और ब्रिटेन के 4 यूनिवर्सिटी में। प्रत्येक वर्ष हम समर में एक महीने के लिए समर स्कूल रन करते हैं जिसमें दुनिया भर के एप्लिकेशन आते हैं।.. अब तक 254 स्टूडेंट इसमें पार्टिशिपेट हो चुके हैं 34 अलग-अलग देशों से.. और प्रत्येक साल इसमें गज्जब का इज़ाफ़ा हो रहा है जिसमें कि हमें एप्लिकेशन को रिजेक्ट भी करना पड़ रहा है।
जर्मनी के बाद अमेरिका से सबसे ज्यादा स्टूडेंट होते हैं उसके बाद ब्रिटेन इटली और अन्य यूरोपीय देश।
आगे प्रोफेसर कहते है कि "किसी पोलिटिकल आइडियोलोजी के तहत संस्कृत को धर्म के साथ जोड़ना सबसे स्टुपिड और विघातक बात है.. जो इनके महान विरासत को दाग लगाते है! .. यहां तक कि बुद्धीज्म का जो मूल विचार है वो संस्कृत में है..अगर हम शुरुआती दर्शन,इतिहास,भाषा,विज्ञान व संस्कृति के उत्पत्ति को बेहतर ढंग से जानना व समझना चाहते है तो हमें ओरिजिनल संस्कृत टेक्स्ट पढ़ने पड़ेंगे जो कि सबसे पुराने विचार व अनुसंधान का नतीजा है!"
Francesca Lunari एक मेडिकल की छात्रा है जो हैडलबर्ग यूनिवर्सिटी में संस्कृत का अध्ययन कर रही है.. वो कहती है कि "मैं साइको एनालिसिस में ज्यादा इंटरेस्टेड हूँ और इसके लिए ये जानना जरूरी है कि कैसे मानवीय विचार ग्रंथ,संस्कृति और समाज से होते हुए निकला .. और इसको समझने के लिए जो सबसे शुरुआती स्टेप है वो है संस्कृत है।.. मुझे बांग्ला के प्रसिद्ध मनोचिकित्सक गिरीन्द्र बॉस के मनोविज्ञान को पढ़ना है जो कि बांग्ला में है और भारत में भी लोग इनको नहीं पढ़ते जिन्होंने बहुत कमाल का कार्य किया है इस क्षेत्र में.. मुझे उनके कार्य को डेसिफर करना है और उसके लिए संस्कृत ही शुरुआती स्टेप है।"
ये आगे कहती है कि "हम एक महान वैश्विक संस्कृति व विरासत को पूर्णतः विलुप्त होते हुए देखेंगे यदि हिंदी बांग्ला जैसे मेजर लैंग्वेज को यूं ही इंडियन इंग्लिश के सामने घुटने टेकते हुए पाते है तो .. जो कि दिनों दिन कमजोर ही होता जा रहा है.. यही आज संस्कृत के साथ हुआ है .. और ये चिंता का विषय है क्योंकि इंडियन परिवार अपने बच्चों को अपने लैंग्वेज में न पढ़ा के इंग्लिश पे ज्यादा जोर देते हैं और दे रहे हैं।"
डॉ. माइकल कहते है कि "पॉलिटिक्स व इकोनॉमिक्स के क्रमिक विकास को वह बेहतर समझ सकता है जो चाणक्य के अर्थशास्त्र का अध्ययन करता हो"
आने वाले सेमेस्टर में ‘human physiology and psychology in the early Upanishads’ भी पढ़ाया जाएगा।
आईआईटी के मैथेमेटिसियन आनंद मिश्रा कहते है कि "जब हमने पाणिनि के संस्कृत व्याकरण का स्टडी किया तो पाया कि ये कम्प्यूटिंग लैंग्वेज के हिसाब से सबसे सूटेबल लैंग्वेज है।" .. और इसके ऊपर काम भी शुरू है।
जर्मनी हमेशा से संस्कृत विद्वानों के लिए संरक्षक व भंडार रहा है.. जितने भी हार्वर्ड,कैलिफोर्निया व ब्रिटेन के यूनिवर्सिटी में संस्कृत विद्वान हैं वे सभी के सभी जर्मन हैं .. ऐसा क्यों है तो इसके जवाब में डॉ माइकल कहते है कि " ऐसा इसलिए है कि हमने कभी इंडिया को उपनिवेश नहीं बनाया जैसा कि ब्रिटेन ने किया और हमने हमेशा इनके ऊपर रोमांटिक व्यू ही रखा है!"
लेकिन यहाँ जब लंबे समय तक मुगलों व अंग्रेजों के अधीन सबकुछ रहा तो संस्कृत आज सेकुलरिज्म का दुश्मन घोषित हो गया है।
नरेंद्र मोदी जब जर्मनी यात्रा पे जाते है तो यही बात कहते है कि "आज देश में कोई संस्कृत न्यूज बुलेटिन नहीं है क्योंकि ऐसा लगता है कि इससे सेकुलरिज्म खतरे में पड़ जाएगा!"
ये बातें 2015 की है ... आज त्रिभाषा की बात हो रही .. नई शिक्षा नीति की बात हो रही है तो सबसे ज्यादा मरोड़ या परेशानी किससे हो रही है तो वो है संस्कृत .. पता नहीं क्यों इन्हें संस्कृत के नाम से जुलाब होने लगता है.. दस्त रुकते नहीं रुकते हैं.. हिचकोले मार-मार के उबाल मारता है.. रह-रह के उबाल मारता है.. जबकि साफ कह दिया है कि संस्कृत विकल्प में है.. अगर आपको पढ़ना है तो पढ़े नहीं तो विकल्प के रूप में अन्य भारतीय भाषा भी है.. लेकिन नहीं सारा मुड़फुटौवल इसी पे करना है.. पिछले दो दिन से गली-गली से महान भाषाविद के नाना सब उफिया के माफिक बाहर निकल रहे हैं.. जो हिंदी भी ढंग से टाइप नहीं कर पाते वे संस्कृत के एक्सपर्ट बन के बैठे हुए हैं। .. इन्हें विरोध करना ही करना है क्योंकि सेकुलरिज्म की बात जो आ जाती है न।
तुम्हें नहीं पढ़ना है तो मत पढ़ न .. लेकिन जहां संस्कृत का ओरिजिन है वहां गर देश-विदेश से स्कॉलर आ के ज्ञान अर्जित करेंगे तो किनका फायदा है ??? तुम्हें पैसे कमाने है तो तुम पढ़ो न जर्मन,फ्रेंच,पुर्तगाली,रूसी,इटालियन .. तुम्हें कौन मना किया है .. सरकार ने व्यवस्था भी किया हुआ है.. लेकिन जो स्कॉलर लोग हैं उन्हें क्यों तुम अपनी बचकानी सेकुलरिज्म की आड़ में उपहास उड़ा रहे हो ??? क्या ये नहीं होना चाहिए कि जहां विश्व के टॉप यूनिवर्सिटीज में जर्मन स्कॉलर विराजमान हैं वहाँ कोई भारतीय हो ?? क्या ये नहीं हो सकता ?? क्यों नहीं हो सकता.. जब यहां एक्सपर्ट तैयार होंगे तभी तो वो विश्व भर में जाएंगे न .. नहीं तो ऐसा न हो कि हमें संस्कृत पढ़ाने वाले जर्मन लोग ही आगे होंगे। मने हमारी चीज हमें ही पढ़ाएँगे।
कुछ ऐसा ही विरोध रहा तो हिंदी भी हिन्दू के साथ जुड़ जायेगा और सेकुलरिज्म का दुश्मन घोषित हो जाएगा तब भी कोई फॉरेनर ही हमें हिंदी सीखा रहा होगा।
कुछ तो शर्म करो रे।
जो एक आम भारतीय को बोलना चाहिए वो एक जर्मन प्रोफेसर बोल रहा है.. जो कि मैं ऊपर ही कोट किया हूँ और पुनः इधर भी कर रहा हूँ जो इन शेखुलरों को समर्पित है..
"किसी पोलिटिकल आइडियोलोजी के तहत संस्कृत को धर्म के साथ जोड़ना सबसे स्टुपिड और विघातक बात है.. जो इनके महान विरासत को दाग लगाते है!"
(इसको आप अपने तरीके से भी बोल सकते है.. मने कि सभ्य तरीके से।)😊
✍🏻गंगवा, खोपोली से।
मैं अभी वाराणसी में था तो मैं चौखम्भा प्रकाशन पहुंच गया पूछते पूछते। रिक्शे से उतरा तो पूछने लगा चौखम्भा कहां है तो एक पान वाले ने पूछा किताब लेनी है? हमने कहा हां तो उसने कहा कि वो जो रेमंड का बोर्ड लगा है उसके बगल में देखिए, वहीं किताबें मिल जाएंगी। हम उसे धन्यवाद देकर किताब देखने चल पड़े और पहुंच गए दुकान पर। दुकान पर कुछ बीएचयू के छात्र चिकित्सा के ग्रंथ खरीद रहे थे और उसी समय मैने पूछ लिया, "तन्त्र पर ग्रन्थ हैं?"
"हां, उधर लगे हैं देख लीजिए"
मैं जूते निकाल कर पहुंच गया देखने। सब देखने के बाद हमने सौन्दर्यलहरी, त्रिपुरा रहस्य का ज्ञान खण्ड और तन्त्रसार नामक ग्रन्थ निकाल लिए। ग्रंथों का दाम जोड़ा जा रहा था और तभी हमने जिज्ञासावश पूछ लिया, "श्रीधरी टीका होगी?"
"हां है"
"कितने की है लगभग इस समय?"
"20000 की है 16000 की पड़ेगी"
"अच्छा, अगली बार ले जाऊंगा अभी ले जाने की व्यवस्था नही है" मैं पैसे गिनते हुए बोल रहा था, "अच्छा बिक्री तो अधिक होगी नही इसकी?"
"नही ऐसा नहीं है, विदेश से लोग आते हैं खरीदने"
"विदेश से? अच्छा और भारत वाले?"
"भारत वाले नही लेते, एक दो साल में कभी कभार कोई आता है तो आता है नही तो नही"
ये बात सुनकर मुझे एकदम धक्का लगा। पुरी पीठ के पूर्वाचार्य श्रीधरस्वामी जी जिन्होंने श्रीमद्भागवतमहापुराण पर टीका लिखी और ऐसी टीका जिसपर स्वयं नारायण के अवतार श्री चैतन्यमहाप्रभु भी लट्टू हुए बिना नहीं रह सके उसका महत्त्व भारत के लिए शून्य है? आखिर किसके लिए श्रम किया था आचार्य ने? अमेरिका के लिए? रूस के लिए अथवा सनातनियो के लिए? पुरी मठ के ही पूर्वाचार्य श्री भारती कृष्ण तीर्थ जी ने वैदिक गणित पर जो शोध किया वह किसके लिए था?
क्या रक्षा करेगा हिंदू धर्म की? फेसबुक पर हो हल्ला करने से रक्षा हो जाएगी अथवा अमुक दल का प्रचार करने और उसके लिए लड़ने से हो जाएगी? अमुक दल को धर्म की बागडोर थमा के आप निश्चिंत हो जाएंगे तो धर्म की रक्षा होगी? अपने ही शास्त्रों के प्रति आपकी अरुचि है, आप उनसे कतराते हैं और पुनः कहते हैं कि आचार्य करते क्या हैं? क्या आचार्य आपकी तरह टुच्ची भाषा का प्रयोग करते हुए सबसे लड़ें? गाली गलौज करें अथवा किसी स्वघोषित हिंदूवादी के जेल जाने पर मुकदमा लड़ें? लज्जा आती है आपको? एक आचार्य वृद्धावस्था में भी भ्रमण कर कर के धर्म की अलख जगाने के लिए तत्पर हैं और आप उनपर ही प्रश्न कर देते हैं? आपको भान है कि कितने शास्त्र लुप्त हो चुके हैं और कितने लुप्तप्राय हैं?
चौखम्भा जैसे प्रकाशनों को जीवित रखने से ही धर्म की रक्षा होगी अन्यथा सोशल मिडिया के हिंदुत्व का झुनझुना आप तहमद पहन कर बजाते रह जाएंगे।
बुरा लगा हो तो अपनी खोपड़ी किसी दीवार पर पटक लीजिएगा। चलते हैं।
✍🏻पण्डित शुचिव्रत मिश्र
एक बार किसी सेमिनार में हिस्ट्री के एक परफेसर साहेब यह बता रहे थे,कि महाभारत काल के लोग कृषि से अनभिज्ञ थे...पर,जैसे ही उनके बाद वाले वक्ता ने श्रीमद्भागवत गीता के 18वें अध्याय का 44 वां श्लोक उद्धृत किया -
कृषिगोरक्ष्यवाणिज्यं वैश्यकर्म स्वभावजम् |
परिचर्यात्मकं कर्म श्रूद्रस्यापि स्वभावजम् ||
....परफेसर साहेब चुपचाप हाल से बाहर चले गए...जब महाभारत काल के लोग कृषिकर्म से अनभिज्ञ थे,फिर यह शब्द कैसे आया???
....सेमिनार के बाद एक दिन,जिस वक्ता ने यह श्लोक उद्धृत किया था...उन्होने अपने घर के पास एक पुजारी से जब यह पूछा कि क्या महाभारत काल के लोग कृषि से अनभिज्ञ थे??यह सुनते ही पुजारी ने जो कि दसवीं या बारहवीं पास थे तुरंत ही उपरोक्त श्लोक को उद्धृत किया...
साभार......
भारत में कई सदियों पहले एक किताब (मेरुतुंगाचार्य रचित प्रबन्ध चिन्तामणि) आई थी जिसमें महान लोगों के बारे में कई हस्तलिखित कहानियाँ थी। कोई कहता है किताब १३१० के दशक में आई तो कोई उसे १३६० के दशक का मानता है, १३१० वाले ज़्यादा लोग हैं। खैर मुद्दा वो नहीं है, किताब का १४ वीं सदी का होना ही काफी है। उसमें राजा भोज पर भी कई कहानिया है जिसमें से एक ये है, जिसे थोड़ा ध्यान से पढ़ा जाना चाहिए -
एक रात अचानक आँख खुल जाने से राजा भोज ने देखा कि चाँदनी के छिटकने से बड़ा ही सुहावना समय हो रहा है, और सामने ही आकाश में स्थित चन्द्रमा देखने वाले के मन मे आल्हाद उत्पन्न कर रहा है। यह देख राजा की आँखें उस तरफ अटक गई और थोड़ी देर में उन्होने यह श्लोकार्ध पढ़ा -
यदेतइन्द्रान्तर्जलदलवलीलां प्रकुरुते।
तदाचष्टे लेाकः शशक इति नो सां प्रति यथा॥
अर्थात् - "चाँद के भीतर जो यह बादल का टुकड़ा सा दिखाई देता है लोग उसे शशक (खरगोश) कहते हैं। परन्तु मैं ऐसा नहीं समझता।"
संयोग से इसके पहले ही एक विद्वान् चोर राज महल मे घुस आया था और राजा के जाग जाने के कारण एक तरफ छिपा बैठा था। जब भोज ने दो तीन वार इसी श्लोकार्ध को पढ़ा और अगला श्लोकार्ध उनके मुँह से न निकला तब उस चोर से चुप न रहा गया और उसने आगे का श्लोकार्ध कह कर उस श्लोक की पूर्ति इस प्रकार कर दी-
अहं त्विन्दु मन्ये त्वरिविरहाक्रान्ततरुणो।
कटाक्षोल्कापातव्रणशतकलङ्काङ्किततनुम्॥
अर्थात् - "मै तो समझता हूं कि तुम्हारे शत्रुओ की विरहिणी स्त्रियो के कटाक्ष रूपी उल्काओं के पड़ने से चन्द्रमा के शरीर में सैकड़ों घाव हो गए हैं और ये उसी के दाग़ हैं।"
अपने पकड़े जाने की परवाह न करने वाले उस चोर के चमत्कार पूर्ण कथन को सुनकर भोज बहुत खुश हुये और सावधानी के तौर पर उस चोर को प्रातःकाल तक के लिये एक कोठरी मे बंद करवा दिया। परंतु उस समय विद्वता की पूछ परख ज्यादा थी सो अगले दिन प्रातः उसे भारी पुरस्कार देकर विदा किया गया।
लगभग 250 साल के लंबे अंतराल के बाद, गेलेलियों ने ३० नवंबर सन १६०९ को पहली बार टेलिस्कोप से चंद्रमा देखा और अपनी डायरी में नोट किया कि, "चंद्रमा की सतह चिकनी नहीं है जैसी कि मानी जाती थी (क्योंकि केवल आंखो से वह ऐसी ही दिखती है), बल्कि असमतल और ऊबड़-खाबड़ है।" वहाँ उन्हे पहाड़ियाँ और गढ़हों जैसी रचनाएँ नज़र आई थी। उन्होने टेलिस्कोप से खुद के देखे चंद्रमा एक स्केच भी अपनी डायरी में बनाया।
कहानी का सार बस इतना है कि जिस समय चर्च यह मानता था कि रात का आसमान एक काली चादर है, जिसमें छेद हो गए और उसमे से स्वर्ग का प्रकाश तारों के रूप में दिख रहा है, उस समय भारत के एक चोट्टे को भी ये पता था कि चंद्रमा की सतह समतल नहीं है और उस पर जो दाग हैं वो उल्काओं के गिरने से बने हैं। बात खतम।
अब ये अलग बात है कि स्वयंभू वामपंथी इतिहासकारों, सेक्युलरता के घातक रोग से पीड़ित लिबरलों, और खुद पर ही शर्मिंदा कुछ भारतीय गोरों को यह बात आज भी नहीं पता, क्योंकि ना तो उन्हे इतिहास का अध्ययन करना आता है और ना ही उनमें इतनी क्षमता ही है।
- ✍🏻अनिमेष तिवारी
🎋"भूतपूर्व वैयाकरणज्ञ 🔥भव्य-भारत"🎋
एक समय था, जब भारत सम्पूर्ण विश्व में प्रत्येक क्षेत्र सबसे आगे था । प्राचीन काल में सभी भारतीय बहुश्रुत,वेद-वेदाङ्गज्ञ थे । राजा भोज को तो एक साधारण लकडहारे ने भी व्याकरण में छक्के छुडा दिए थे ।व्याकरण शास्त्र की इतनी प्रतिष्ठा थी की व्याकरण ज्ञान शून्य को कोई अपनी लड़की तक नही देता था ,यथा :- "अचीकमत यो न जानाति,यो न जानाति वर्वरी।अजर्घा यो न जानाति,तस्मै कन्यां न दीयते"
यह तत्कालीन लोक में ख्यात व्याकरणशास्त्रीय उक्ति है 'अचीकमत, बर्बरी एवं अजर्घा इन पदों की सिद्धि में जो सुधी असमर्थ हो उसे कन्या न दी जाये" प्रायः प्रत्येक व्यक्ति व्याकरणज्ञ हो यही अपेक्षा होती थी ताकि वह स्वयं शब्द के साधुत्व-असाधुत्व का विवेकी हो,स्वयं वेदार्थ परिज्ञान में समर्थ हो, इतना सम्भव न भी हो तो कम से कम इतने संस्कृत ज्ञान की अपेक्षा रखी ही जाती थी जिससे वह शब्दों का यथाशक्य शुद्ध व पूर्ण उच्चारण करे :-
यद्यपि बहु नाधीषे तथापि पठ पुत्र व्याकरणम्।
स्वजनो श्वजनो माऽभूत्सकलं शकलं सकृत्शकृत्॥
अर्थ : " पुत्र! यदि तुम बहुत विद्वान नहीं बन पाते हो तो भी व्याकरण (अवश्य) पढ़ो ताकि 'स्वजन' 'श्वजन' (कुत्ता) न बने और 'सकल' (सम्पूर्ण) 'शकल' (टूटा हुआ) न बने तथा 'सकृत्' (किसी समय) 'शकृत्' (गोबर का घूरा) न बन जाय। "
भारत का जन जन की व्याकरणज्ञता सम्बंधित प्रसंग "वैदिक संस्कृत" पेज के महानुभव ने भी आज ही उद्धृत की है जो महाभाष्य ८.३.९७ में स्वयं पतञ्जलि महाभाग ने भी उद्धृत की हैं ।
सारथि के लिए उस समय कई शब्द प्रयोग में आते थे । जैसे---सूत, सारथि, प्राजिता और प्रवेता ।
आज हम आपको प्राजिता और प्रवेता की सिद्धि के बारे में बतायेंगे और साथ ही इसके सम्बन्ध में रोचक प्रसंग भी बतायेंगे ।
रथ को हाँकने वाले को "सारथि" कहा जाता है । सारथि रथ में बाई ओर बैठता था, इसी कारण उसे "सव्येष्ठा" भी कहलाता थाः----देखिए,महाभाष्य---८.३.९७
सारथि को सूत भी कहा जाता था , जिसका अर्थ था----अच्छी प्रकार हाँकने वाला । इसी अर्थ में प्रवेता और प्राजिता शब्द भी बनते थे । इसमें प्रवेता व्यकारण की दृष्टि से शुद्ध था , किन्तु लोक में विशेषतः सारथियों में "प्राजिता" शब्द का प्रचलन था ।
भाष्यकार ने गत्यर्थक "अज्" को "वी" आदेश करने के प्रसंग में "प्राजिता" शब्द की निष्पत्ति पर एक मनोरंजक प्रसंग दिया है । उन्होंने "प्राजिता" शब्द का उल्लेख कर प्रश्न किया है कि क्या यह प्रयोग उचित है ? इसके उत्तर में हाँ कहा है ।
कोई वैयाकरण किसी रथ को देखकर बोला, "इस रथ का प्रवेता (सारथि) कौन है ?"
सूत ने उत्तर दिया, "आयुष्मन्, इस रथ का प्राजिता मैं हूँ ।"
वैयाकरण ने कहा, "प्राजिता तो अपशब्द है ।"
सूत बोला, देवों के प्रिय आप व्याकरण को जानने वाले से निष्पन्न होने वाले केवल शब्दों की ही जानकारी रखते हैं, किन्तु व्यवहार में कौन-सा शब्द इष्ट है, वह नहीं जानते । "प्राजिता" प्रयोग शास्त्रकारों को मान्य है ।"
इस पर वैयाकरण चिढकर बोला, "यह दुरुत (दुष्ट सारथि) तो मुझे पीडा पहुँचा रहा है ।"
सूत ने शान्त भाव से उत्तर दिया, "महोदय ! मैं सूत हूँ । सूत शब्द "वेञ्" धातु के आगे क्त प्रत्यय और पहले प्रशंसार्थक "सु" उपसर्ग लगाकर नहीं बनता, जो आपने प्रशंसार्थक "सूत" निकालकर कुत्सार्थक "दुर्" उपसर्ग लगाकर "दुरुत" शब्द बना लिया । सूत तो "सूञ्" धातु (प्रेरणार्थक) से बनता है और यदि आप मेरे लिए कुत्सार्थक प्रयोग करना चाहते हैं, तो आपको मुझे "दुःसूत" कहना चाहिए, "दुरुत" नहीं ।
उपर्युक्त उद्धरण से यह स्पष्ट है कि सारथि, सूत और प्राजिता तीनों शब्दों का प्रचलन हाँकने वाले के लिए था । व्याकरण की दृष्टि से प्रवेता शब्द शुद्ध माना जाता था । इसी प्रकार "सूत" के विषय में भी वैयाकरणों में मतभेद था । इत्यलयम् 🌺 संलग्न कथानक के लिये "वैदिक संस्कृत" पृष्ठ के प्रति कृतज्ञ हूँ।💐
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com