प्रो. रामेश्वर मिश्र पंकज
वर्तमान में कलिवर्ष 5122 (मतान्तर से 5123) चल रहा है। कलियुग के 4400 वर्षों के उपरांत सन्यास को वर्जित किया गया था। यह बात प्रायः उठाई जाती है। परंतु स्मृतिमुक्ताफल एवं यतिधर्मसंग्रह के अनुसार जब तक वर्णाश्रम धर्म की परंपरा चलती रहेगी तब तक सन्यास और अन्य परंपरायें भी चलती रहंेगी -
अग्न्याधेयं गवालम्भं संन्यासं पलपैतृकम्।
देवरेण सुतोत्पत्तिं कलौ पन्च विवर्जयेत्।।
तस्यापवादमाह स एव।
यावद्वर्णविभागोऽस्ति यावद्वेदः प्रवर्तते।
तावन्न्यासोऽग्निहोत्रं च कर्तव्यं तु कलौ युगे।।
(स्मृतिमुक्ताफल, वर्णाश्रम, पृष्ठ 176 तथा यतिधर्मसंग्रह, पृष्ठ 2 एवं 3, पांडुरंग वामनकाणे कृत धर्मशास्त्र का इतिहास, उत्तरप्रदेश हिन्दी संस्थान, लखनऊ द्वारा प्रकाशित, प्रथम भाग, चतुर्थ संस्करण 1992 में पृष्ठ 501 एवं 502 में उद्धृत)
अर्थात् अग्न्याधेय, यज्ञ में स्पर्श पूर्वक गाय को मुक्त छोड़ देना (वृषभ छोड़ने या वृषोत्सर्ग से यह भिन्न है। इसमें गायों को मुक्त छोड़ने की बात है।), सन्यास, पल-पैतृक तथा पति के नहीं रहने पर अथवा पति की अनुमति से देवर से पुत्र की उत्पत्ति - ये पांच बातें कलि के 4400 वर्ष बीतने के बाद वर्जित हैं। परंतु इसका अपवाद भी शास्त्र में निर्दिष्ट है। जब तक समाज के एक बड़े हिस्से में वर्ण व्यवस्था एवं आश्रम व्यवस्था प्रवर्तित है और वेदों का पठन-पाठन प्रवर्तित है, तब तक यज्ञ, अग्निहोत्र एवं सन्यास कलियुग में भी कर्तव्य है।
हेमाद्रि (13वीं शताब्दी ईस्वी) ने 7 कलिवर्ज्य गिनाये हैं और कुछ अन्य विद्वानों ने (17वीं शताब्दी ईस्वी में) 26 कलिवर्ज्यों का उल्लेख किया है। इसमें मुख्य हैं - बड़े बेटे को पैतृक सम्पत्ति का अधिकांश या सम्पूर्ण देना, नियोग, औरस तथा दत्तक पुत्र को छोड़कर अन्य पुत्रों की परम्परा चलाना, विधवा विवाह, भूख की स्थिति में तीन दिन तक भूखे रहने पर शूद्रों या नीच लोगों से भी अन्न ग्रहण करना, समुद्र यात्रा, दीर्घकालीन यज्ञ सत्रों का आयोजन, कमन्डलु धारण, वानप्रस्थ आश्रम, पतित की संगति से प्राप्त अपवित्रता, वर्जित स्त्रियों के साथ रतिसंबंध रखने पर प्रायश्चित के उपरांत जाति संसर्ग, दूसरे के लिये अपने जीवन का परित्याग, भोजन से बचे हुये पदार्थ का दान, अपने चरवाहे (गौरक्षक) या अपने दास या किसी भी वर्ण के अपने वंशानुगत मित्र अथवा किसी भी वर्ण के साझेदार के यहां ब्राह्मण द्वारा भोजन करना, दूर-दूर तक तीर्थों की यात्रा पर जाना, स्त्रियों द्वारा तीर्थयात्रा, आपत्ति की स्थिति में ब्राह्मणों द्वारा क्षत्रिय एवं वैश्य की वृत्तियों को धारण करना, ब्राह्मणों द्वारा भविष्य के लिये धन या अन्न का संग्रह ना करना, ब्राह्मणों द्वारा लगातार यात्रायें करना, अपवित्र स्त्रियों के साथ शास्त्र से अनुमोदित सामाजिक संसर्ग की अनुमति, सन्यासी द्वारा सभी वर्णों के सदस्यों से भिक्षा लेना, ब्राह्मणों द्वारा अपने घर में शूद्र के द्वारा भोजन बनवाना, वृद्ध लोगों द्वारा आत्महत्या करना, सन्यास ग्रहण, दीर्घअवधि का ब्रह्मचर्य आदि।
परंतु इन कलिवर्ज्यों का सम्पूर्ण पालन कभी देखने को नहीं मिलता। इसका अर्थ है कि विभिन्न धर्मशास्त्रकारों ने इन कलिवर्ज्यों की उपेक्षा की अनुमति अवश्य दी होगी। क्यांेकि 15 अगस्त 1947 ईस्वी तक सम्पूर्ण हिन्दू समाज में धर्मशास्त्रों के पालन पर सर्वानुमति थी। अतः इन कलिवर्ज्य की उपेक्षा तब तक असंभव है, जब तक धर्मशास्त्र में ही इस उपेक्षा की अनुमति ना हो। इसी संदर्भ में हमने स्मृतिमुक्ताफल और यतिधर्मसंग्रह के श्लोकों को उद्धृत किया है। ऐसा लगता है कि जब तक वेदों के प्रति आदरपूर्ण पठन-पाठन विद्यमान है और वर्णव्यवस्था के प्रति आदरभाव विद्यमान है, तब तक ये कलिवर्ज्य उपेक्षणीय माने गये हैं। क्योंकि 18वीं शताब्दी ईस्वी तक मराठे एवं गुजराती तथा दक्षिण भारत के सभी प्रतापी हिन्दू सम्राट निरंतर समुद्र यात्रा करते रहे हैं और अत्यंत समृद्ध नौसेना रखते रहे हैं एवं भारतीय व्यापारी 20वीं शताब्दी ईस्वी के मध्य तक समुद्री मार्गों से व्यापार करते रहे हैं और वे पूर्णतः धर्मनिष्ठ माने जाते रहे हैं।
20वीं शताब्दी ईस्वी के उत्तरार्द्ध के बाद भी भारतीय व्यापारी समुद्री मार्ग से व्यापार करते रहे हैं, परंतु उसका उल्लेख इस संदर्भ में सम्यक नहीं है। क्योंकि 15 अगस्त 1947 ईस्वी के बाद तो हिन्दू धर्मशास्त्रों को वर्तमान भारतीय राज्य ने कोई विधिक मान्यता ही नहीं दे रखी है और हिन्दू धर्म को कोई वैसा राजकीय संरक्षण भी नहीं दिया है, जैसा कि विश्व के सभी राष्ट्रराज्यों में बहुसंख्यकों को प्राप्त है।
अतः धर्मशास्त्रों को समाज व्यवस्था का अंग नहीं रहने देने वाला वर्तमान भारतीय राज्य सनातन धर्म से उदासीन राज्य है और शक्तिशाली तथा सम्पन्न हिन्दुओं ने इस पर कोई प्रभावपूर्ण आपत्ति भी विगत 75 वर्षों में नहीं की हैै। अपितु विचित्र वाग्जाल से युक्त चर्चायें ही वे लोग भी इन विषयों पर करते रहे हैं। धर्मशास्त्रों को अस्वीकृत करने वाली शासन व्यवस्था के प्रति सक्षम विरोध के अभाव में वर्तमान सामाजिक कार्यों को धर्मशास्त्रों की निरंतरता में नहीं देखा जा सकता।
परंतु तीर्थयात्रा, पूजापाठ, मठ-मंदिर, यज्ञ-हवन, दान-पुण्य आदि अभी भी धर्मशास्त्रों को ही प्रमाण मानते हुये किये जाते हैं। अतः उस संदर्भ में धर्मशास्त्र ही महत्वपूर्ण हैं।
प्रो. रामेश्वर मिश्र पंकज
दिव्य रश्मि केवल समाचार पोर्टल ही नहीं समाज का दर्पण है |www.divyarashmi.com
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com