देख तेरे हाथों की मेहंदी, मेरा मनवा झूम रहा
कुमार महेंद्रयुग-युग के अटूट प्रणय का,
यह गहरा अमिट सुहाग है।
तेरी कोमल हथेली में ही,
बस रहा सारा अनुराग है।
धड़कनों की मधुर ताल पर,
प्रणय-वृक्ष फल-फूल रहा।
देख तेरे हाथों की मेहंदी, मेरा मनवा झूम रहा।।
समीप आते हो जब प्रिय,
श्वासों में कंपन भर जाता।
तेरे मृदुल स्पर्श की चाह में,
रोम-रोम मेरा अकुलाता।
खोकर तेरी बाहों में,
जग का बंधन टूट रहा।
देख तेरे हाथों की मेहंदी, मेरा मनवा झूम रहा।।
यह सौरभ स्मरण कराता है,
प्रथम मिलन की अठखेलियाँ।
क्षण भर में ही सुलझा देता,
चंचल विरही मन-पहेलियाँ।
लाज भरे झुके नयनों पर,
मधु-चुंबन फूट रहा।
देख तेरे हाथों की मेहंदी, मेरा मनवा झूम रहा।।
संसार की आपाधापी में,
यह रंग सहारा बन जाता।
जीवन के तपते मरुस्थल में,
प्रेम-सुधा बरसा जाता।
तेरे नयनों के दर्पण में,
मैं स्वयं को ढूँढ रहा।
देख तेरे हाथों की मेहंदी, मेरा मनवा झूम रहा।।
जब-जब फीकी पड़ती आशा,
यह रंग नया विश्वास भरे।
मन के सूने आँगन में फिर,
सपनों के मधुमास उतरे।
तेरे संग के हर क्षण में,
जीवन खुशियों को चूम रहा।
देख तेरे हाथों की मेहंदी, मेरा मनवा झूम रहा।।
कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews