वह लड़की हरसिंगार-सी
कुमार महेंद्रबिन श्रृंगार सँवरती है,
सादगी में निखरती है।
मन के सूने आँगन में,
सुरभि बनकर बिखरती है।
ओस-स्नात पंखुड़ियों-सी,
भोर की प्रथम फुहार-सी।
वह लड़की हरसिंगार-सी।।
रूप-रंग का गर्व नहीं,
मन में कोई विकार नहीं।
अधरों पर सौम्य मुस्कान,
बातों में अहंकार नहीं।
नयनों में सागर-सी गहराई,
प्रीत की निर्मल धार-सी।
वह लड़की हरसिंगार-सी।।
उसकी सादगी के आगे,
फीके पड़ते सोलह श्रृंगार।
रूप-सौंदर्य के उपमान भी,
मानें उसके रूप से हार।
चाल में लय, वाणी में माधुर्य,
शालीनता की मिसाल-सी।
वह लड़की हरसिंगार-सी।।
प्रणय-वसंत बन महक उठी,
मेरे जीवन-उपवन में।
प्रेम-सुधा बन घुलती जाती,
मेरे मन के कण-कण में।
मन-मंदिर में बसी हुई,
प्रीत की मूरत साकार-सी।
वह लड़की हरसिंगार-सी।।
कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews