प्रेमचंद जयंती समारोह 2026 का जिला स्कूल में भव्य समापन, 196 प्रतिभागी हुए पुरस्कृत

मुजफ्फरपुर। प्रेमचंद जयंती समारोह समिति द्वारा तीन चरणों में आयोजित प्रेमचंद जयंती समारोह-2026 का सोमवार को जिला स्कूल में भव्य समापन हुआ। समारोह के अंतिम चरण में गत 30 अगस्त को विभिन्न विधाओं में आयोजित प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित 196 सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
समारोह की शुरुआत सुप्रसिद्ध कवि दुष्यंत कुमार की चर्चित ग़ज़ल की प्रस्तुति से हुई। डॉ. आरती कुमारी ने “तुम्हारे पाँवों के नीचे कोई जमीन नहीं, कमाल ये है कि फिर भी तुम्हें यकीन नहीं...” ग़ज़ल प्रस्तुत कर कार्यक्रम का साहित्यिक वातावरण निर्मित किया। वहीं डॉ. पंकज कर्ण ने “ये रोशनी है हकीकत में एक छल लोगो, कि जैसे जल में झलकता हुआ महल लोगो...” गीत प्रस्तुत कर समकालीन व्यवस्था की विसंगतियों और सामाजिक यथार्थ को रेखांकित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. नंद किशोर नंदन ने कहा कि प्रेमचंद ने अपने साहित्य में मानवीय संवेदना के साथ-साथ श्रम की महत्ता को भी प्रमुखता से रेखांकित किया। उनकी लेखनी समाज में व्याप्त अन्याय और असमानता के विरुद्ध लगातार मुखर रही। उन्होंने कहा कि प्रेमचंद ऐसे महत्वपूर्ण साहित्यकार थे, जिन्होंने हिंदी साहित्य को केवल तिलिस्मी और मनोरंजनपरक कथानकों तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि उसे आम जनता के जीवन, संघर्ष, पीड़ा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ा।
उन्होंने कहा कि प्रेमचंद का साहित्य आज भी इसलिए प्रासंगिक है, क्योंकि उसमें किसान, मजदूर, स्त्री, वंचित और सामान्य जन के जीवन की वास्तविक तस्वीर दिखाई देती है। उनकी रचनाएँ समाज को केवल मनोरंजन नहीं देतीं, बल्कि पाठक को अपने आसपास की परिस्थितियों पर विचार करने के लिए भी प्रेरित करती हैं।
समारोह की अध्यक्षता प्रेमचंद जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने की, जबकि मंच का संचालन समिति के सचिव अमन कुमार झा ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कवि महफूज अहमद आरिफ ने प्रेमचंद पर रचित अपने शेर प्रस्तुत किए। डॉ. कुमार विरल ने गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं किलकारी के छात्र-छात्राओं ने बी. प्रशांत के लोकप्रिय गीत “लंबी करो कतार साथी, लंबी करो कतार” को समूहगान के रूप में प्रस्तुत किया।
समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रभात तारा बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शील्ड प्रदान की गई, जबकि प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक प्रतिभागिता के लिए नॉर्थ प्वाइंट चिल्ड्रेन्स स्कूल को भी शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में समिति के मुख्य संरक्षक डॉ. विजय कुमार जायसवाल, प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह, वीरेन नंदा, रविंद्र कुमार सिंह, उदय नारायण सिंह, विजय शंकर शाही, डॉ. श्यामल श्रीवास्तव, डॉ. रचना मिश्रा, डॉ. सिंधुबाला, रामप्रीत राय, डॉ. मनोज कुमार, अर्जुन कुमार, डॉ. सुमन कुमार मिश्रा, शिक्षा सिंह, रानी कुमारी, सविता राज, वीरेंद्र कुमार, अनिल कुमार अनल, श्रवण कुमार, चंदन कुमार, सुमित्रा कुमारी, डॉ. ज्ञान गौरव, निर्मल कुमार, शिवा चौधरी, डॉ. दीपमाला एवं कुंदन कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।
आयोजकों ने कहा कि प्रेमचंद जयंती समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों और नई पीढ़ी को साहित्य, रचनात्मकता तथा सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनकी अभिव्यक्ति और सृजनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने का प्रयास किया गया। तीन चरणों में आयोजित इस आयोजन में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने यह साबित किया कि आज भी साहित्य नई पीढ़ी के बीच अपनी प्रासंगिकता बनाए हुए है।
समारोह को सफल बनाने में आशुतोष कुमार, अरविंद कुमार, शिव कुमार, अभिषेक कुमार, अली अख्तर, कंचन कुमारी, रूपा कुमारी, शिवचंद्र पासवान, कुमोद राम एवं नरेश राम सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews