एक करोड़ से अधिक युवाओं ने ली 'नशा मुक्त युवा' की शपथ, प्रधानमंत्री मोदी ने किया स्वस्थ भारत का आह्वान.jpeg)
.jpeg)
पटना। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के 'नशा मुक्त भारत अभियान' के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए नशा-मुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से स्वयं को दूर रखकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे 'नशा मुक्त युवा' अभियान के अंतर्गत देशभर के एक करोड़ से अधिक युवाओं ने नशा-मुक्ति की शपथ लेकर इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया। युवाओं की अभूतपूर्व सहभागिता ने इसे देश के सबसे बड़े सामाजिक जागरूकता अभियानों में शामिल कर दिया।
राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात माई भारत की निदेशक ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री का स्वागत किया। अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही सफल हो सकती है।
मुख्यमंत्री बोले-जनभागीदारी से बनेगा नशा-मुक्त बिहार
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार सरकार नशे के विरुद्ध चल रहे इस राष्ट्रीय अभियान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग से बिहार नशा-मुक्त, स्वस्थ और समृद्ध राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

राज्यपाल ने युवाओं को दिया आत्मबल और अनुशासन का संदेश
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा आज विद्यार्थियों और युवाओं के सामने सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक है। यह केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज की नींव को भी कमजोर करता है। उन्होंने युवाओं से आत्मबल, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ नशे के खिलाफ संघर्ष करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज का संकल्प आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला बनेगा।
नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना पर दिया गया जोर
कार्यक्रम में बी.के. वर्णिका ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नैतिक मूल्य, आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक जीवन-दृष्टि ही नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आग्रह किया।

500 से अधिक स्वयंसेवकों की रही सक्रिय भागीदारी
इस अवसर पर माई भारत के राज्य निदेशक कपिल देव राम, जिला युवा अधिकारी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य अतिथि तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में माई भारत के 500 से अधिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह के दौरान सभी प्रतिभागियों ने 'नशा मुक्त युवा' अभियान की शपथ दोहराई। बिहार राज्य गीत की प्रस्तुति के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसने उपस्थित युवाओं में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और नशा-मुक्त जीवन के प्रति नई ऊर्जा एवं जागरूकता का संचार किया।
नशा-मुक्त भारत के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापनकार्यक्रम का समापन इस सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि युवाओं की शक्ति, जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश को नशा-मुक्त बनाने के लिए यह अभियान निरंतर जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से "नशा मुक्त भारत" का लक्ष्य अवश्य साकार होगा।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews