(लोकतंत केवल एक व्यवस्था नहीं,यह जन-जन की चेतना, अधिकारों की आवाज़ और राष्ट्र की आत्मा है। इसी संदर्भ में कुछ पंक्तियां सादर निवेदित हैं_)
मैं भारत का अजर अमर लोकतंत्र हूं
कुमार महेंद्रमैं केवल कागज़ का टुकड़ा,
या शब्दों का विधान नहीं।
जन-जन की जाग्रत चेतना,
मैं भारत की पहचान सही।
गंगा की निर्मल धारा में,
हिमगिरि का दिव्य महामंत्र हूं।
मैं भारत का अजर अमर लोकतंत्र हूं।।
संसद की ऊंची चौखट से,
खेतों के हर खलिहान तलक।
मैं श्रमिकों की श्रम-साधना हूं,
सीमाओं पर डटे वीरों की ललक।
कतारों में खड़े जनमन के,
अधिकारों का पावन तंत्र हूं।
मैं भारत का अजर अमर लोकतंत्र हूं।।
मैं मजदूरों के पसीने में,
किसानों के विश्वास में हूं।
मैं सैनिक का अमर उद्घोष,
राष्ट्र के हर एक श्वास में हूं।
कश्मीर से कन्याकुमारी तक,
एकता का जीवंत मंत्र हूं।
मैं भारत का अजर अमर लोकतंत्र हूं।।
मैं रील्स, ट्वीट्स और जनमत की,
अदम्य डिजिटल परवाज हूं।
सड़कों से लेकर संसद तक,
उठती जनता की आवाज़ हूं।
मैं चाय-चौपालों की चर्चा,
युवा स्वप्नों का नवतंत्र हूं।
मैं भारत का अजर अमर लोकतंत्र हूं।।
मुझमें जाति-धर्म की दीवारें,
कभी स्थायी हो पातीं नहीं।
जनता ही मेरी शक्ति रही,
मुझ पर सत्ता चल पाती नहीं।
अन्यायों के काले तम पर,
जनक्रांति का प्रखर मंत्र हूं।
मैं भारत का अजर अमर लोकतंत्र हूं।।
जब-जब सत्ता मद में डूबी,
मैं परिवर्तन बन आया हूं।
सत्य-संघर्षों की अग्नि लिए,
हर बार नया इतिहास रचाया हूं।
संविधान की अमिट शपथ का,
मैं जन-जन का प्रज्वलित यंत्र हूं।
मैं भारत का अजर अमर लोकतंत्र हूं।।
आंधी हो या घोर अंधेरा,
मैं दीपक बन जल जाऊंगा।
हर नागरिक के अधिकारों हित,
सदैव अलख नई जगाऊंगा।
भारत की माटी का गौरव,
अजेय तिरंगे का मूलमंत्र हूं।
मैं भारत का अजर अमर लोकतंत्र हूं।।
कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews