दीन दयाल स्पर्श योजना के छात्रवृत्ति विजेताओं को किया गया सम्मानित

पटना, 06 जून 2026। डाक विभाग की महत्वाकांक्षी योजना ‘दीन दयाल स्पर्श (SPARSH) योजना’ के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के छात्रवृत्ति विजेताओं के सम्मान में शनिवार को पटना जी.पी.ओ. में एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित चीफ पोस्टमास्टर श्री रंजय कुमार सिंह ने सफल एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और छात्रवृत्ति राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री रंजय कुमार सिंह ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि डाक टिकट संग्रह (फिलाटेली) केवल एक शौक नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति, विज्ञान और सामाजिक चेतना को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि डाक टिकट देश और दुनिया की विरासत को संजोए हुए जीवंत दस्तावेज हैं, जो बच्चों के ज्ञान और रचनात्मकता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि दीन दयाल स्पर्श योजना का उद्देश्य कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह की रुचि को पुनर्जीवित करना तथा उन्हें इस ज्ञानवर्धक गतिविधि से जोड़ना है। इस योजना के तहत विद्यार्थियों का चयन उनके शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ-साथ फिलाटेली क्विज एवं परियोजनाओं में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। चयनित विद्यार्थियों को डाक विभाग द्वारा वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने इस विशेष शौक को आगे बढ़ा सकें।

समारोह के दौरान छात्रवृत्ति और पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले विजेता विद्यार्थियों में आयुष सिंह, अनुभव रॉय, प्रज्ञा मिश्रा एवं श्रेयश सिंह शामिल रहे। विद्यार्थियों ने डाक विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान से उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावक, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं डाक विभाग के अधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप मुख्य डाकपाल (प्रशासन) श्री विनय कुमार दूबे, फिलाटेली इंचार्ज अखिलेश कुमार सहित पटना जी.पी.ओ. के कई कर्मचारी मौजूद थे।समारोह के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। डाक विभाग के अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि दीन दयाल स्पर्श योजना के माध्यम से बच्चों में फिलाटेली के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा वे ज्ञान और रचनात्मकता के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेंगे।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews