Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

जद(यू) राष्ट्रीय एवं राज्य परिषद की बैठक संपन्न, राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार और प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उमेश सिंह कुशवाहा के निर्वाचन का सर्वसम्मति से अनुमोदन

जद(यू) राष्ट्रीय एवं राज्य परिषद की बैठक संपन्न, राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार और प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उमेश सिंह कुशवाहा के निर्वाचन का सर्वसम्मति से अनुमोदन

  • 'न्याय के साथ विकास’ की लड़ाई लड़कर जदयू ने जनता के दिलों में जगह बनाई – नीतीश कुमार

रविवार को जद (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद एवं राज्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के प्रथम चरण में राज्य परिषद की बैठक संपन्न हुई, जिसमें श्री उमेश सिंह कुशवाहा के लगातार तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने पर राज्य परिषद द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। वहीं, द्वितीय चरण में आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठक में श्री नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर राष्ट्रीय परिषद ने सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया। इस बैठक में 19 राज्यों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया जिसकी संख्या 223 है।

राज्य परिषद की बैठक में मंत्री श्री अशोक चौधरी ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका समर्थन मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने किया। बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन मंत्री श्री श्रवण कुमार ने किया। वहीं, राष्ट्रीय परिषद की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव श्री चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने प्रस्तुत किया, जिसका समर्थन पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री श्याम रजक ने किया। संगठनात्मक प्रस्ताव राष्ट्रीय महासचिव श्री अफाक अहमद ने प्रस्तुत किया, जिसका समर्थन श्रीमती लेसी सिंह ने किया। धन्यवाद प्रस्ताव बिहार जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने प्रस्तुत किया।

राष्ट्रीय परिषद द्वारा उनके निर्वाचन के अनुमोदन पर श्री नीतीश कुमार ने सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जद (यू) ने न्याय के साथ विकास’ की लड़ाई लड़कर जदयू जनता के दिलों में जगह बनाई, जिसके परिणामस्वरूप आज पार्टी के प्राथमिक सदस्यों की संख्या एक करोड़ से अधिक हो चुका है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार अनेक बदहाल था और पिछड़ेपन से जूझ रहा था, लेकिन 2005 के बाद सरकार बनने के बाद हमनें समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों के विकास के लिए ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया। हर तबके को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया गया, जिसका परिणाम है कि पिछले दो दशकों से जनता का निरंतर आशीर्वाद और समर्थन प्राप्त होता रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि बिहार में एनडीए सरकार ‘सात निश्चय- 3’ सहित जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ा रही है तथा केंद्र सरकार का भी निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य और केंद्र के समन्वित प्रयासों से बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और देश के अग्रणी विकसित राज्यों में अपनी पहचान बनाएगा।

कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संजय कुमार झा ने कहा कि हमारे सर्वमान्य नेता श्री नीतीश कुमार ने अपने अथक परिश्रम, संघर्ष और समर्पण से जद (यू) को मजबूत पहचान प्रदान की है। उनकी नीतियों और दूरदर्शी नेतृत्व की बदौलत आज हर बिहारवासी देश-दुनिया में गर्व के साथ अपनी पहचान प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की जो मजबूत नींव बनी है, वह श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व का ही परिणाम है। श्री झा ने कहा कि आदरणीय नीतीश कुमार की विकासवादी सोच और राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में श्री निशांत कुमार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनकी सक्रियता से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि श्री निशांत कुमार की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे बोलते कम हैं और काम अधिक करते हैं, अपनी इसी कार्यशैली की बदौलत आने वाले समय में श्री निशांत बिहार की राजनीति के क्षितिज पर सबसे चमकते हुए सितारे बनकर उभरेंगे।

श्री राजीव रंजन सिंह ‘ललन सिंह’ ने कहा कि साल 2005 में जब श्री नीतीश कुमार ने बिहार की बागडोर संभाली, तब राज्य भारी आर्थिक बदहाली और कई बड़ी चुनौतियों से जूझ रहा था। लेकिन उनके नेतृत्व में बिहार ने इस तंगी से बाहर निकलकर विकास और सुशासन की एक नई पहचान बनाई। उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार की बेहतर आर्थिक और सामाजिक नीतियों के कारण ही आज जनता दल (यू0) एक मजबूत नींव पर खड़ा संगठन है। इसके साथ ही पूरी पार्टी में इस बात पर पूरी एकमत है कि श्री नीतीश कुमार की इस विकासवादी विरासत को निशांत कुमार ही बढ़ाएंगे।

श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह उनका परम सौभाग्य है कि शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें पुनः संगठन की सेवा करने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि वे श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कार्य कर रहे हैं, जिन्होंने महात्मा गांधी, डॉ. अंबेडकर, जननायक कर्पूरी ठाकुर, डॉ. राममनोहर लोहिया तथा लोकनायक जयप्रकाश नारायण के समाजवादी आदर्शों को धरातल पर साकार किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और समर्पण की बदौलत पार्टी ने सदस्यता अभियान में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उनके प्रथम कार्यकाल में 30 लाख प्राथमिक सदस्यों से शुरू हुई यात्रा दूसरे कार्यकाल में 70 लाख तक पहुंची और आज पार्टी एक करोड़ से अधिक सदस्यों के विशाल परिवार के रूप में विकसित हो चुकी है। साथ ही आज बिहार के प्रत्येक बूथ पर 10 सक्रिय कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ संगठन को मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं।

श्री निशांत कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों में श्री नीतीश कुमार ने बिहार के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा ‘जल-जीवन-हरियाली’ जैसे अभियानों ने बिहार को विकास के नए प्रतिमान दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के रूप में जिला स्तर की चिकित्सा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाना तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पार्टी की सदस्यता अभियान की सफलता को जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक बताते हुए कहा कि युवाओं को सम्मानजनक रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता तथा बुजुर्गों को सुरक्षित सामाजिक जीवन उपलब्ध कराना हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में एक नए एवं सशक्त बिहार के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाएं। साथ ही उन्होंने जोड़ा कि श्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में जदयू बिहार की नंबर 1 पार्टी बनेगी।

श्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि 2005 के बाद मा0 श्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक विकासकार्यों के लिए मैं उनका आभार प्रकट करता हूँ तथा उन्हें बधाई देता हूँ, उनके मार्गदर्शन में पार्टी सफलता के नित-नए आयाम सथापित कर रही है।

श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने श्री नीतीश कुमार के ऐतिहासिक नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा किसान, गरीब, महिला और युवाओं के हित में कार्य किया है। उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों को बिहार सदैव स्मरण रखेगा।

श्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि वर्ष 2003 में पार्टी के गठन और 2005 में सरकार बनने के बाद से लेकर आज तक श्री नीतीश कुमार की लोकप्रियता और जनस्वीकार्यता में निरंतर वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत सुखद है कि श्री निशांत अब सक्रिय भूमिका में सामने आए हैं, जिससे संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा प्राप्त होगी।
वहीं राज्य परिषद में पेश प्रस्ताव पर आभार जताते हुए मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि श्री निशांत कुमार के पार्टी में आने से लाखों कार्यकर्ताओं के दिलों में एक नई उम्मीद जगी है और वो निशांत कुमार को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हैं।

बाद में पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री राजीव रंजन प्रसाद ने बैठक में पेश प्रस्तावों की जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने कहा कि माननीय नीतीश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री पद का त्याग राजनीतिक शुचिता, विश्वास और सहयोग की भावना का सर्वोत्तम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इतनी सहजता और गरिमा के साथ सत्ता का हस्तांतरण भारतीय राजनीति के इतिहास में एक अद्वितीय घटना है। नीतीश कुमार के समावेशी विकास मॉडल का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है।

बैठक में पेश सांगठनिक प्रस्ताव की चर्चा करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी संगठन को निरंतर मजबूत, सक्रिय और अनुशासित बनाए रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने अल्प समय में एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य हासिल कर संगठनात्मक विस्तार का नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जो कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का प्रमाण है।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि संगठनात्मक प्रस्ताव में कार्यकर्ताओं के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर विशेष बल दिया गया है। साथ ही जिला स्तर पर सोशल मीडिया सेल को अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। प्रत्येक जिले में सक्षम सोशल मीडिया टीम के गठन तथा सोशल मीडिया गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का भी प्रस्ताव में उल्लेख किया गया है।


बैठक में पार्टी की चल एवं अचल संपत्तियों से संबंधित तीसरे प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि ट्रस्ट से जुड़े निर्माण के संबंध में निर्णय लेने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय नीतीश कुमार को अधिकृत किया गया है। वहीं चौथे प्रस्ताव के तहत समय-समय पर आवश्यकतानुसार पार्टी संविधान में संशोधन करने के लिए भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को अधिकृत किया गया है।


उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नेतृत्व के प्रति व्यापक समर्थन व्यक्त किया गया। राष्ट्रीय परिषद ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि पार्टी उनके नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूत एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

इस बैठक में राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनिल हेगड़े, प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी श्री अशोक कुमार मुन्ना, लोकसभा में संसदीय दल के नेता श्री दिलेश्वर कामैत, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता श्री ललन सर्राफ, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’, राष्ट्रीय महासचिव श्री गुलाम रसूल बलियावी, मंत्री श्री जमा खान, मुख्यालय प्रभारी श्री अनिल कुमार, श्री वासुदेव कुशवाहा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्रिगण, सांसदगण, विधानमंडल के सदस्यगण, राज्य परिषद एवं राष्ट्रीय परिषद के सम्मानित सदस्यगण उपस्थित रहे।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ