बच्चों के सर्वांगीण विकास में माताओं की भूमिका अहम : निवेदिता सिन्हा

पटना मातृ दिवस के पावन अवसर पर राजधानी के एजी कॉलोनी स्थित आर सी सेन्ट्रल स्कूल के तत्वावधान में “मातृशक्ति संगोष्ठी” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुविख्यात शिक्षाविद्, समाजसेविका एवं राष्ट्र सेविका समिति की सह कार्यवाहिका श्रीमती निवेदिता सिन्हा, भारतीय जनता पार्टी शास्त्री नगर पटना की महामंत्री श्रीमती गुड़िया झा तथा समाजसेविका श्रीमती चिंतामणि देवी द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका सुश्री ऋचा कुमारी ने किया, जबकि अतिथियों का परिचय शिक्षिका श्रीमती अमृता सिन्हा ने कराया। कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राकेश कुमार मिश्र ने कहा कि माताएं शक्ति स्वरूपा हैं और बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार आज के दिन सभी माताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करता है।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसमें छात्राओं की सुमधुर प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद भाषण प्रतियोगिता, समूह नृत्य, एकल गीत एवं माताओं के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी माताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर माताओं ने अपने अनुभव भी साझा किए। सक्षम आर्या की माता एवं केशव मिश्र की माताजी ने बच्चों के संस्कार, शिक्षा और पारिवारिक वातावरण पर अपने विचार रखते हुए कहा कि माता-पिता के सकारात्मक मार्गदर्शन से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य संभव है।
मुख्य अतिथि श्रीमती निवेदिता सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने उपस्थित माताओं से आह्वान किया कि वे बच्चों को अधिक समय दें, उनकी भावनाओं को समझें और उनके व्यक्तित्व विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि माता ही बच्चे की प्रथम गुरु होती है और उसके संस्कारों की आधारशिला भी।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका श्रीमती ज्योति कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि अल्प सूचना के बावजूद बड़ी संख्या में माताओं की गरिमामयी उपस्थिति विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर श्रीमती सविता कुमारी, श्रीमती निशा कुमारी, श्रीमती गुंजा सिंह, सुश्री अन्नु कुमारी, श्री राकेश कुमार, श्री नरेश प्रसाद, श्री शिव कुमार साहू, सुश्री दीक्षा कुमारी, श्री धर्मेन्द्र कुमार सुधांशु सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews