दरभंगा में आरओबी एवं एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण में आएगी तेजी : संजय सरावगी

- लोहिया चौक से पंडासराय आरओबी में जुड़ेगा एलिवेटेड कॉरिडोर
- भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी की उपस्थिति में एलिवेटेड कॉरिडोर व निर्माणाधीन छह आरओबी के प्रगति की समीक्षा की गई
- पटना में उद्योग सह पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई सड़कों को लेकर समीक्षा की गई

- ऐतिहासिक तीनों तालाब के एकीकरण सहित कई प्रमुख सड़कों का होगा कायाकल्प : संजय सरावगी
दरभंगा, 10 मार्च। दरभंगा शहर की सड़क जाम को दूर करने के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर और निर्माणाधीन आरओबी के निर्माण कार्य में अब तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि शहर के तीनों ऐतिहासिक तालाब हराही, दिग्घी और गंगासागर के एकीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी अब बिहार पुल निर्माण निगम द्वारा किया जाएगा। इन तीनों तालाबों के एकीकरण का कार्य शीघ्र आरंभ होगा।
यह जानकारी बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने दी। पटना में उद्योग सह पथ निर्माण विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में आज एक बैठक हुई, जिसमें पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव पंकज पाल सहित पुल निर्माण विभाग के वरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि बैठक में 1868 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत दरभंगा रेलवे स्टेशन से आमस–दरभंगा एक्सप्रेस-वे तक (भाया दोनार चौक, कर्पूरी चौक) तथा कर्पूरी चौक से एकमी चौक तक (भाया लहेरियासराय टावर, लोहिया चौक) मार्ग के अपग्रेडेशन एवं एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण को लेकर विशेष चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि बैठक में एलिवेटेड कॉरिडोर लोहिया चौक होते हुए पंडासराय में बन रहे आरओबी से भी जुड़ेगा, जिसके लिए सहमति बनी है।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण की प्रगति जमीनी स्तर पर आमजन को दिखाई देने लगेगी। इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर में यातायात की बड़ी समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी तथा लोगों को सुगम आवागमन के साथ तेज कनेक्टिविटी की सुविधा प्राप्त होगी।
सरावगी ने बताया कि मंत्री दिलीप जायसवाल ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने तथा निर्माण की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता न करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान शहर में निर्माणाधीन छह आरओबी यथा दिल्ली मोड़, दोनार चौक, पंडासराय, चट्टी चौक तथा कंगवा गुमटी के दोनों आरओबी के निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। दरभंगा के विधायक संजय सरावगी ने कहा कि शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए इन सभी आरओबी का निर्माण दरभंगा की बहुप्रतीक्षित मांग रही है। उन्होंने बताया कि दोनार आरओबी का निर्माण फोर-वे कनेक्टिविटी के साथ किया जा रहा है। दोनार चौक से सोनकी, भठियारीसराय, कर्पूरी चौक तथा दरभंगा रेलवे स्टेशन की ओर चार दिशाओं में रास्ते उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि यह टू-लेन आरओबी होगा, जिसके ऊपर से एलिवेटेड कॉरिडोर भी गुजरेगा। यह आरओबी दरभंगा के सबसे व्यस्त इलाके में स्थित है, जहां हर दिन जाम की समस्या बनी रहती है। आरओबी के निर्माण से प्रतिदिन हजारों लोगों को राहत मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।
उन्होंने बताया कि शहर के तीनों ऐतिहासिक तालाब हराही, दिग्घी और गंगासागर के एकीकरण व सौंदर्यीकरण का कार्य भी अब बिहार पुल निर्माण निगम द्वारा किया जाएगा। बैठक में इन तीनों तालाबों के एकीकरण का कार्य शीघ्र आरंभ कराने की बात कही गई। उन्होंने बताया कि तीनों तालाब के चारों तरफ नई तकनीक के साथ निर्माण कार्य होगा। वहीं शिवधारा से हरपुर तक जाने वाली 4.40 किमी लंबी सड़क के चौड़ीकरण का कार्य भी जल्द शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि बैठक में दरभंगा टावर सहित शहर की कई अन्य प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण को लेकर भी समीक्षा की गई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि दरभंगा का सर्वांगीण विकास, शहर को जाम से मुक्ति दिलाना तथा आधुनिक, सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था से सुसज्जित करना उनका वर्षों पुराना संकल्प रहा है। जनता के सहयोग से आज इन परियोजनाओं को गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं की प्रगति पर वह स्वयं व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहे हैं, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न शेष रहे और दरभंगा को जल्द से जल्द बेहतर यातायात व्यवस्था का लाभ मिल सके।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ , https://www.facebook.com/divyarashmimag

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews