Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

जिलाधिकारी ने गाँधी मैदान का किया निरीक्षण, ईद की तैयारियों का लिया जायजा

जिलाधिकारी ने गाँधी मैदान का किया निरीक्षण, ईद की तैयारियों का लिया जायजा

पटना, रविवार, दिनांक 15.03.2026ः- जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने आज वरीय पदाधिकारियों के साथ गाँधी मैदान, पटना का निरीक्षण किया तथा ईद के नमाज की तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर ही उन्होंने समीक्षात्मक बैठक भी की।जिलाधिकारी ने नमाज-ए-इदैन कमिटी के प्रतिनिधियों से भी विमर्श किया। उन्होंने पदाधिकारियों को कमिटी के साथ समन्वय स्थापित कर मानकों के अनुसार त्रुटिहीन प्रशासनिक तैयारी करने एवं उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, अचूक सुरक्षा व्यवस्था, सुचारू यातायात संचालन तथा सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर, नगर पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्त्ता आपदा प्रबंधन, अपर जिला दण्डाधिकारी विधि-व्यवस्था, अपर समाहर्त्ता, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, अध्यक्ष नमाज-ए-इदैन कमिटी, कार्यपालक पदाधिकारी पटना नगर निगम, विद्युत कार्यपालक अभियंता, कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी सहित अनेक पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी ने कहा कि ईद के त्योहार के अवसर पर गाँधी मैदान में नमाज अदा की जाती है जिसमें काफी संख्या में लोग भाग लेते हैं। अतः मानकों के अनुरूप सारी तैयारी की जा रही है। इसके लिए पदाधिकारियों को निदेशित किया गया है। गाँधी मैदान में साफ-सफाई, पार्किंग, विधि-व्यवस्था, जलापूर्ति, प्रकाश की व्यवस्था सहित विभिन्न बिन्दुओं पर विधिवत तैयारी हेतु पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिया गया है।

  • नूतन राजधानी अंचल, पटना नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी गाँधी मैदान की ससमय एवं समुचित सफाई सुनिश्चित करेंगे। कार्यपालक पदाधिकारी, पटना नगर निगम, नूतन राजधानी अंचल, पटना गाँधी मैदान स्थित नमाज स्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई/अधिष्ठापित हाईमास्ट लाईट को ऊर्जान्वित कराना/ पशुओं के गांधी मैदान में प्रवेश को रोकना सुनिश्चित करेंगे।
  • कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, यांत्रिकी नमाज-ए-इदैन कमिटी से समन्वय स्थापित कर नमाज अदा करने के दिन गाँधी मैदान में चिन्हित स्थलों पर समुचित संख्या में वाटर टैंकर/वाटर एटीएम का प्रबंध करते हुए जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
  • पुलिस अधीक्षक, यातायात वाहनों के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित करते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
  • भवन कार्यपालक अभियंता बैरिकेडिंग कराना एवं गड्ढों को भरना, समतलीकरण सुनिश्चित करेंगे।
  • जिला नजारत उप समाहर्ता/प्रबंधक, गांधी मैदान में अधिष्ठापित सभी सीसीटीवी कैमरा चालू हालत में रखेंगे।
  • ईद के नमाज के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु गाँधी मैदान में डॉक्टर, पारा मेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ एम्बुलेंस सिविल सर्जन प्रतिनियुक्त करेंगे।
  • जिला अग्निशाम पदाधिकारी, पटना को निर्देशित किया गया कि नमाज के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु गाँधी मैदान में फायर दस्ता प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे।
  • अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था ससमय पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दण्डाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करेंगे। गाँधी मैदान में सुरक्षा के दृष्टिकोण से अस्थायी थाना भी क्रियाशील रहेगा।


जिलाधिकारी ने कहा कि इस साल बिहार दिवस समारोह एवं ईद त्योहार का समय लगभग एक ही है। इसे देखते हुए त्रि-दिवसीय बिहार दिवस (22-24 मार्च, 2026) और ईद की तैयारी साथ-साथ चल रही है। अधिकारियों को सारी प्रशासनिक तैयारी एवं अन्य व्यवस्था ससमय पूरी कर लेने का निदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस एवं ईद की प्रशासनिक तैयारियों के मद्देनजर 17 मार्च से ईद के पूर्व दिवस तक गाँधी मैदान, पटना आम जनता के लिए बंद रहेगा। इस दौरान आम लोगों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।


ईद के अवसर पर गाँधी मैदान, पटना में नमाजियों का आगमन गेट नं. 4, 5, 6, 7, 8, 9 एवं 10 से होगा। वाहन के साथ आने वाले नमाज़ी अपने वाहनों के साथ गेट नं. 5, 7 एवं 10 से प्रवेश करेंगे।
ज़िलाधिकारी ने कहा कि पूरे गाँधी मैदान में निर्धारित मानकों के अनुसार प्रशासनिक तैयारी की जा रही है। सीसीटीवी के माध्यम से सम्पूर्ण क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा गाँधी मैदान परिसर में तथा आस-पास समुचित संख्या में कैमरा संस्थापित किया गया है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत संस्थापित 128 सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। ये फिक्स्ड बुलेट, पीटीजेड एवं एनालिटिक कैमरा है। 128 कैमरा में 61 फिक्स्ड कैमरा, 22 पैन टिल्ट जूम (पीटीजेड) कैमरा तथा 45 एनालिटिक कैमरा है। इसमें गाँधी मैदान के चारों तरफ 49 कैमरा तथा गाँधी मैदान के अंदर 79 कैमरा क्रियाशील है। इंटिग्रेटेड कमांड एण्ड कंट्रोल सेन्टर (आईसीसीसी) से गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। 34 प्रकाश मीनारों से 136 एलईडी मेटल लाईट, 229 पोल लाईट एवं 15 हाईमास्ट लाईट के द्वारा गाँधी मैदान एवं उसके चारों ओर प्रकाश की उत्कृष्ट व्यवस्था रहेगी। पाथवे लाईट की भी बेहतर व्यवस्था रहेगी। गाँधी मैदान में कुल 15 हाईमास्ट लाईट, 56 डेकोरेटिव लाईट, 98 पोल लाईट तथा गाँधी मूर्ति के पास 28 पार्क लाईट क्रियाशील है। गाँधी मैदान के चारों तरफ पटना नगर निगम द्वारा अधिष्ठापित 131 पोल लाईट भी क्रियाशील है। प्रकाश की सुदृढ़ व्यवस्था हेतु प्रकाश मीनारों, हाईमास्ट लाईट के स्थलों पर अभियंताओं एवं तकनीशियनों की प्रतिनियुक्ति रखने का निदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि पदाधिकारीगण सजग रहकर उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, अचूक सुरक्षा व्यवस्था, सुचारू यातायात संचालन तथा सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करेंगे। कोई भी व्यक्ति आवश्यकता पड़ने पर कोई भी सूचना 24x7 जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810/ 2219234) या डायल-112 पर दे सकते हैं।


हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ , https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ