Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

गंगा घाटों पर सिविल डिफेंस ने संभाला मोर्चा - रेस्क्यू कर बचाई कई जानें|

गंगा घाटों पर सिविल डिफेंस ने संभाला मोर्चा - रेस्क्यू कर बचाई कई जानें|

दिव्य रश्मि के उपसम्पादक  जितेन्द्र कुमार सिन्हा की कलम से |

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान जहां एक ओर श्रद्धालु गंगा तटों पर सूर्य उपासना में लीन थे, वहीं दूसरी ओर “पटना सिविल डिफेंस” के जवान घाटों पर सुरक्षा और सेवा का अहम दायित्व निभा रहे थे। 25 अक्टूबर से लेकर 28 अक्टूबर तक चले इस पर्व के दौरान “सिविल डिफेंस के वॉलिंटियर्स” ने अपनी सतर्कता और मानवता का परिचय देते हुए कई जिंदगियां बचाईं और सैकड़ों व्रतियों की मदद की।

राजधानी पटना से सटे मनेर से लेकर दानापुर, दीघा और पटना सिटी के दीदारगंज तक कुल 71 घाटों पर सिविल डिफेंस के 149 जवानों को तैनात किया गया था। यह तैनाती पटना के जिलाधिकारी सह सिविल डिफेंस नियंत्रक डॉ. त्याग राजन एस के निर्देश पर की गई। सिविल डिफेंस के इन जवानों ने न केवल घाटों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को दिशा-निर्देश दिया, बल्कि भीड़ नियंत्रण, गुमशुदा बच्चों की तलाश और आपात स्थितियों में तुरंत मदद पहुँचाने का काम भी किया।

पटना सिटी के संवेदनशील गायघाट पर तैनात सिविल डिफेंस के ऑफिसर कमांडिंग सह चीफ वार्डन विजय कुमार सिंह उर्फ श्यामनाथ सिंह ने सीनियर वार्डन हरेंद्र नाथ, प्रवीण प्रीतम और रंजन कुमार के सहयोग से एक बेहोश व्यक्ति की जान बचाई। जानकारी के अनुसार, टेनी बीघा गांव का रहने वाला शौकीन मांझी घाट पर बने बाथरूम में बेहोश होकर गिर पड़ा था। तत्काल मौके पर मौजूद वॉलिंटियर्स ने उसे रेस्क्यू किया और मेडिकल टीम तक पहुंचाकर उसकी जान बचाई।

घाटों पर भीड़ प्रबंधन के लिए डिवीजनल वार्डन डॉ. श्रवण कुमार सिंह और मयंक शेखर ने पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार लोगों को सचेत और निर्देशित किया। उनके प्रयासों से खोये हुए बच्चों और वृद्धों को उनके परिजनों से मिलवाया गया। दर्जनों खोये बच्चों और लाचार व्यक्तियों को सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया गया, जिससे घाटों पर राहत और संतोष का माहौल देखने को मिला।

सिविल डिफेंस की टीम ने जिला प्रशासन के मजिस्ट्रेट, पुलिस के सहायक अवर निरीक्षक और महिला आरक्षी बल के साथ मिलकर गंगा में मोटर बोट पेट्रोलिंग की। इससे घाटों के आस-पास किसी भी संभावित दुर्घटना या अफरातफरी पर तुरंत नियंत्रण रखा गया।

जिलाधिकारी सह सिविल डिफेंस नियंत्रक डॉ. त्याग राजन एमएस ने घाटों पर सिविल डिफेंस की सक्रिय भूमिका की सराहना की। उन्होंने चीफ वार्डन विजय कुमार सिंह (श्यामनाथ सिंह), डॉ. श्रवण कुमार सिंह, अरुण कुमार, हरेंद्र नाथ, मयंक शेखर, राज किशोर सिंह, प्रवीण प्रीतम और रंजन कुमार सहित सभी वॉलिंटियर्स की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उन्हें छठ पर्व की सफलता का असली प्रहरी बताया।

छठ पूजा के इस पावन अवसर पर सिविल डिफेंस ने न केवल प्रशासनिक सहयोग दिया, बल्कि मानवीय सेवा की मिसाल पेश की। यह दिखाते हुए कि लोक आस्था के इस पर्व में सुरक्षा और सेवा, दोनों का संगम ही श्रद्धा का सच्चा रूप है। 
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews #Divya Rashmi News, #दिव्य रश्मि न्यूज़ https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ