संवाददाता सुरेन्द्र कुमार रंजन की खबर।
"देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के संयुक्त प्रयास से महिला सशक्तीकरण को एक गति मिली है जिसका परिणाम है कि बिहार ही नहीं देश के विकास में महिलाओं को योगदान देने का सुनहरा मौका मिला है" - उक्त उद्गार अधिवेशन भवन, पटना में भारतीय लोक प्रशासन संस्थान ,नई दिल्ली एवं बिहार ग्रामीण जीवकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका), बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित "महिला सहभागिता से विकसित बिहार की परिकल्पना "विषय पर एक दिवसीय सम्मेलन में केन्द्र सरकार के पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने व्यक्त किए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुआ। सभी अतिथियों को मां लक्ष्मी की प्रतिमा और शॉल देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद केन्द्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय एवं भू विज्ञान मंत्रालय विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)डॉ जीतेन्द्र सिंह , केन्द्र सरकार के कपड़ा मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री श्री गिरिराज सिंह, केन्द्र सरकार के पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, बिहार सरकार के विकास आयुक्त श्री अमृत प्रत्यय सहित जीविका समूह के उच्च अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इसके बाद अतिथियों द्वारा जीविका समूह द्वारा तैयार किया गया पत्रिका "सशक्त महिला समृद्ध बिहार "पुस्तक का लोकार्पण किया गया।
डॉ जीतेन्द्र सिंह ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ रही सहभागिता पर बोलते हुए कहा कि महिलाओं का योगदान इस क्षेत्र में काफी बढ़ गया है। अंतरिक्ष से जुड़े जितने भी मिशन हुए हैं उनमें अग्रगणी महिलाएं ही हैं।यह महिला सशक्तिकरण का ही परिणाम है।
कपड़ा मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने बिहार के विकास में जीविका दीदी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज बिहार के विकास में इनकी भूमिका सराहनीय हैं। इन्होंने अपनी कर्मठता और ईमानदारी के बल पर बिहार के विकास को गति प्रदान की है। श्री नीतीश कुमार जी का लक्ष्य था कि कम से कम 10 लाख जीविका समूह हो लेकिन जीविका दीदियों ने अपनी अथक प्रयास से इस संख्या को 11 लाख तक पहुंचा दिया। आज इससे करीब 1.40 करोड़ महिलाएं लाभान्वित हैं। उन्होंने जीविका दीदियों के लिए अलग से बैंक खोलने की भी घोषणा की।
पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के मंत्री ललन सिंह जी ने महिला के उत्थान के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज पंचायती राज में महिलाओं को 50% आरक्षण देकर उन्हें आगे बढ़ने और राज्य के विकास में सहयोग करने का सुनहरा मौका प्रदान किया है। यही नहीं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से निकलने वाली नौकरियों में 35 % आरक्षण देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है।
बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार ने बिहार के विकास में जीविका दीदियों की भूमिका को सराहा। महिलाओं के सशक्तिकरण में मुख्यमंत्री मंत्री श्री नीतीश कुमार के प्रयासों को सराहते हुए कहा कि इनके प्रयास से ही जीविका समूह की स्थापना हुई। बिहार के जीविका मॉडल की सफलता से प्रभावित होकर ही केन्द्र की मनमोहन सरकार ने आजीविका समूह की स्थापना की थी।
इस अवसर पर बिहार सरकार के कई पदाधिकारी, हजारों की संख्या में जीविका दीदियां और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकार बंधु मौजूद थे।
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com