मुख्यमंत्री ने पटना म्यूजियम के विस्तारीकरण तथा उन्नयनीकरण कार्य का लिया जायजा, अधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

मुख्यमंत्री ने पटना म्यूजियम के विस्तारीकरण तथा उन्नयनीकरण कार्य का लिया जायजा, अधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

पटना, 08 फरवरी 2023 को मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज पटना म्यूजियम जाकर वहां विस्तारीकरण तथा उन्नयनीकरण कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिषा-निर्देश दिये।
भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने मैप के माध्यम से साइट प्लान की जानकारी दी। उन्होंने एग्जिस्टिंग बिल्डिंग और निर्माण किए जा रहे भवनों की भी जानकारी दी।
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की सचिव श्रीमती बंदना प्रेयसी ने पटना म्यूजियम में प्रदर्श योजना के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पटना म्यूजियम के विस्तारीकरण को लेकर जो कार्य किए जा रहे हैं उसकी प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने ऑडिटोरियम, पाथ-वे, गंगा गैलरी, पाटली गैलरी आदि के निर्माण कार्य को देखा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पटना म्यूजियम का विस्तारीकरण और उन्नयनीकरण का कार्य जल्द से जल्द पूरा करें। कार्य पूर्ण होने के बाद बिहार म्यूजियम की तरह ही पटना म्यूजियम भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा और यह देखने में काफी सुंदर लगेगा। इसके बन जाने के बाद बिहार के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी और बेहतर ढंग से जानेगी और समझेगी। पटना म्यूजियम और बिहार म्यूजियम को आपस में इंटरकनेक्ट किया जा रहा है ताकि जो भी लोग यहां पर आएंगे वे दोनों संग्रहालय जाकर वहां के प्रदर्शों को आसानी से देख सकते हैं और कई प्रकार की जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रदर्शों के बारे में हिंदी और अंग्रेजी में बड़े अक्षरों में लिखवा दें और उससे संबंधित बातें भी बेहतर ढंग से लिखवा दें ताकि लोग उसे ठीक से पढ़कर समझ सकें। हम छात्र जीवन से ही पटना म्यूजियम आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंगा गैलरी बन जाए तो यहां पर एक पात्र में गंगाजल रखवाने की भी व्यवस्था करें। पाटली दीर्घा में पाटलिपुत्र के ऐतिहासिक और पौराणिक चीजों को रखवाएं। उन्होंने कहा कि यहां पर सोलर प्लेट भी लगवाएं ताकि सौर ऊर्जा से भी बिजली की आपूर्ति हो सके।
मुख्यमंत्री ने पटना म्यूजियम के परिसर में किए जा रहे खुदाई कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि खुदाई कार्य और तेजी से एवं बेहतर ढंग से कराएं। खुदाई कार्य से जो सामग्री मिलेगी उससे बिहार के पौराणिक इतिहास के बारे में जानकारी मिलेगी।
इस अवसर पर भवन निर्माण मंत्री श्री अशोक चैधरी, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री श्री जितेंद्र कुमार राय, मुख्यमंत्री के परामर्शी श्री अंजनी कुमार सिंह, मुख्य सचिव श्री आमिर सुबहानी, विकास आयुक्त श्री विवेक कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव श्री आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की सचिव श्रीमती बंदना प्रेयसी, भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के अपर सचिव श्री दीपक आनंद, पटना के जिलाधिकारी श्री चंद्रशेखर सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री मानवजीत सिंह ढिल्लो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
पटना म्यूजियम का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम पटना म्यूजियम में स्टूडेंट लाइफ के समय से ही आते रहे हैं। बाद के दिनों में जब बिहार में काम करने का मौका मिला तो हमने तय किया कि पटना म्यूजियम का विस्तार करेंगे। हमने अंतरराष्ट्रीय स्तर का बिहार म्यूजियम बनवाया। बिहार म्यूजियम की तरह देश में ऐसा कोई दूसरा म्यूजियम नहीं है। पटना म्यूजियम का भी विस्तार किया जा रहा है। इस म्यूजियम में भी सभी चीजों को सुरक्षित रखा जायेगा। यह बहुत ही पौराणिक स्थल है। इसके लेकर मुझे जानकारी मिली तो हमने कहा कि इसका विकास करना जरुरी है। इसके विकास का काम चल रहा है। हमने इसी साल तक सभी कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया है। काफी संख्या में लोग बिहार म्यूजियम देखने आते हैं, उनको जब पता चलेगा कि पटना म्यूजियम में भी काफी कुछ देखने लायक हैं तो वे लोग यहां भी आयेंगे। इससे इसकी भी पहचान बनेगी। हमलोग चाहते हैं कि पटना म्यूजियम के विस्तार का काम भी जल्दी पूरा हो जाये। इसी को लेकर हमलोग आज पटना म्यूजियम का निरीक्षण करने आये हैं।

हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ