फरवरी 2023 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहार

फरवरी 2023 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहार

हर हर महादेव!
लेखक: रवि शेखर सिन्हा उर्फ आचार्य मनमोहन,ज्योतिष मार्तंड एवं जन्म कुंडली विशेषज्ञ।

मैं आप सबको और आप सबके हृदय में विराजमान ईश्वर को प्रणाम करता हूं और धन्यवाद करता हूं। फरवरी का महीना हिंदू पंचांग के अनुसार फाल्गुन मास माना जाता है। फाल्गुन मास और फाल्गुन मास के अधिपति देवी देवताओं को नमन करते हुए आइए जानते हैं फरवरी 2023 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहारों के बारे में।

फाल्गुन मास, फाग अर्थात रंग उत्सव के लिए प्रसिद्ध महीना माना जाता है। इस महीने में भगवान शिव माता पार्वती के विवाह उत्सव को धूमधाम से मनाया जाता है।

1 फरवरी बुधवार को जया एकादशी का व्रत सभी के लिए मान्य होगा।

2 फरवरी गुरुवार को प्रदोष व्रत होगा।

4 फरवरी शनिवार को विश्व कैंसर दिवस के रूप में मनाया जाता है। आज के दिन कैंसर जैसी खतरनाक और जानलेवा बीमारी से बचने और उससे संबंधित उपचारों के बारे में लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए यह दिन मनाया जाता है।

5 फरवरी रविवार को स्नान दान और व्रत की पूर्णिमा है। इसे माघी पूर्णिमा के नाम से भी जानते हैं। आज के दिन 10 विद्याओं में से 1 महाविद्या राजराजेश्वरी माता ललिता त्रिपुर सुंदरी का जन्मोत्सव भी बड़े ही श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया जाएगा। भारतवर्ष के त्रिपुरा में स्थित माता त्रिपुरेश्वरी के मंदिर में यह जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ प्रतिवर्ष मनाया जाता है। आज ही महान संत श्री रविदास जी का जन्म उत्सव भी मनाया जाएगा। संत रविदास जी की जन्म स्थली काशी के सीरगोवर्धन नामक स्थान तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।

आज रवि पुष्य योग होगा। जो दिन के 12:13 तक रहेगा। रवि पुष्य योग तंत्र मंत्र की साधना के लिए सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त माना जाता है। रवि पुष्य योग में किए जाने वाले प्रत्येक कार्य शुभ परिणाम देने वाले होते हैं।

6 फरवरी सोमवार से फाल्गुन मास आरंभ होगा ।

9 फरवरी गुरुवार को संकष्टी श्री गणेश चतुर्थी का व्रत होगा।

13 फरवरी सोमवार को मां भगवती सीता माता का जन्म उत्सव श्री जानकी जन्मोत्सव दोपहर के समय मिथिलांचल में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। आज सूर्य संक्रांति भी है।

भगवान भास्कर सूर्यनारायण मकर राशि को छोड़कर कुंभ राशि में दोपहर 1:06 पर प्रवेश करेंगे।

14 फरवरी मंगलवार को समर्थ गुरु रामदास जी का जन्म उत्सव मनाया जाएगा।

ईसाई समुदाय के लोग आज के दिन वैलेंटाइंस डे के रूप में मनाते हैं।

15 फरवरी बुधवार को महर्षि दयानंद सरस्वती का जन्म उत्सव मनाया जाएगा।

16 फरवरी गुरुवार को विजया एकादशी का व्रत सभी के लिए मान्य होगा।

18 फरवरी शनिवार को शनि प्रदोष व्रत होगा। आज के ही दिन महाशिवरात्रि का वार्षिक त्यौहार धूमधाम से सभी शिव मंदिरों में मनाया जाएगा। भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह का उत्सव रात्रि काल में श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया जाता है।

आज के ही दिन भगवान श्री वैद्यनाथ जी का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। आज के ही दिन रावण ने श्री वैद्यनाथ भगवान के श्री विग्रह को स्थापित किया था।

19 फरवरी रविवार को रात्रि कालीन अमावस्या होगा। अर्थात व्रत की अमावस्या आज के दिन मान्य होगा।

महाशिवरात्रि व्रत का पारण भी आज प्रातः काल किया जाएगा।

20 फरवरी सोमवार को स्नान दान श्राद्ध की अमावस्या होगी। अमावस्या तिथि सोमवार को पड़ने के कारण सोमवती अमावस्या का त्योहार भी आज के दिन मनाया जाएगा।

21 फरवरी मंगलवार को दूज के चांद का दर्शन किया जाएगा।

22 फरवरी बुधवार को स्वामी रामकृष्ण परमहंस जी का जन्म उत्सव मनाया जाएगा।

23 फरवरी गुरुवार को वैनायकी श्री गणेश चतुर्थी का व्रत होगा। 26 फरवरी रविवार को भानु सप्तमी है।

27 फरवरी सोमवार से होलाष्टक आरंभ हो जाएगा। शास्त्रीय मान्यताओं के अनुसार 8 दिनों तक रहने वाले इस होलाष्टक में सारे शुभ कार्य वर्जित होते हैं। होलिका दहन के साथ ही होलाष्टक समाप्त हो जाता है। उसके बाद शुभ कार्य किया जा सकता है।

विशेष टिप्पणी: 6 फरवरी सोमवार को रात 11:43 पर भगवान सूर्य धनिष्ठा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। जिसके कारण गुड़, शक्कर, गेहूं, इमारती सामान, जैसे- बालू ,छड़, गिट्टी ,सीमेंट, ईट, चुना, गारा इत्यादि के भाव बढ़ जाएंगे।

13 फरवरी सोमवार की सूर्य संक्रांति, 20 फरवरी सोमवार की अमावस्या के कारण मौसम अचानक करवट लेगा। ओला पाला पड़ने की संभावना है। कहीं-कहीं बादल छाएंगे और हल्की बरसात भी होने की संभावना होगी।

19 फरवरी रविवार को रात 3:16 पर भगवान सूर्य धनिष्ठा नक्षत्र को छोड़कर शतभिषा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। राहु के इस नक्षत्र में सूर्य के प्रवेश करते ही किराने की वस्तुओं के मूल्यों में वृद्धि हो जाएगी।

इति शुभमस्तु !!

कल्याण मस्तु !!

नमः शिवाय!!
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ