राहुल की यात्रा की असली परीक्षा

राहुल की यात्रा की असली परीक्षा

(अशोक त्रिपाठी-हिन्दुस्तान फीचर सेवा)
भारत जोड़ो यात्रा कर रहे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी तीन जनवरी को उत्तर प्रदेश में पहुंच गये हैं। इससे पहले उनके बयानों ने यूपी में नई हलचल पैदा कर दी है। एक तरह से यूपी में राहुल गांधी की यात्रा की असली परीक्षा होने को है। भारत जोड़ो में वह कितने सफल होते हैं यह उत्तर प्रदेश में ही पता चलेगा। राजनीति में राहुल गांधी की ट्रेनिंग अधूरी दिखती है। वह महाराष्ट्र में भाजपा के खिलाफ शिवसेना का सदुपयोग नहीं कर पाये। इसके विपरीत भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ शिवसेना का सदुपयोग किया और उद्धव ठाकरे की सरकार गिराकर सत्ता भी हथिया ली। भाजपा ने एकनाथ शिन्दे गुट को कांग्रेस के सावरकर विरोध के चलते बगावत के लिए तैयार किया था। अब यूपी में भाजपा सांसद वरुण गांधी के माध्यम से राहुल भाजपा को छोटी ही सही शिकस्त दे सकते हैं । यूपी मे में अपनी यात्रा के प्रवेश से पहले राहुल ने पीलीभीत से बीजेपी सांसद वरुण गांधी को लेकर हुए सवाल पर जिस प्रकार जवाब दिया उसके बाद उनके बयान ने नई राजनीतिक हलचल पैदा कर दी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से वरुण गांधी के कांग्रेस में शामिल होने पर सवाल किया गया था जिसके बाद कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘वरुण गांधी के पार्टी में शामिल होने या नहीं होने का सवाल खरगे जी से करिये। वैसे तो भारत जोड़ो यात्रा में उनका या सबका स्वागत है लेकिन वो बीजेपी में हैं, उनको दिक्कत हो जाएगी। हालांकि राहुल गांधी का ये बयान ऐसे वक्त में आया, जब भारत जोड़ो यात्रा यूपी में तीन जनवरी से प्रवेश कर रही थी। राहुल गांधी इसी सवाल का जवाब इस तरह भी दे सकते थे जिससे वरुण गांधी को कांग्रेस के निकट आने में सहूलियत होती।
भाजपा में अपनी और अपनी माँ मेनका गांधी की एक तरह से उपेक्षा झेल रहे वरुण गांधी बीजेपी सरकार के खिलाफ खुलकर बयानबाजी कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है जिसके बाद उनके बीजेपी से नाराजगी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि राहुल गांधी के बयान के बाद अभी तक वरुण गांधी का कोई बयान नहीं आया है लेकिन बीते दिनों वरुण गांधी का एक वीडियो वायरल था जिसमें वे कह रहे थे कि न मैं कांग्रेस के खिलाफ हूं और न ही पंडित नेहरू के खिलाफ। हमारे देश की राजनीति देश को जोड़ने की होनी चाहिए, न कि गृहयुद्ध पैदा करने की राजनीति। हमें वो राजनीति नहीं करनी है जो लोगों को दबाए बल्कि ऐसी राजनीति करनी है जो लोगों को उठाए। इसके बाद उनके कांग्रेस में जाने को लेकर अटकलें और तेज हो गई। इतना सब देख कर भी राहुल गांधी वहीं खडे़ नजर आ रहे हैं जहां वह मनमोहन सिंह सरकार का सरेआम अध्यादेश फाड रहे थे।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कई दिलचस्प तस्वीरें देखने को मिली हैं। इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ उनकी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुई हैं। इस दौरान मां-बेटे, भाई-बहन की कई प्यारी फोटो-वीडियो सामने आई हैं। ऐसा ही कुछ मंगलवार 3 जनवरी को भी देखने को मिला। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा नौ दिनों के विश्राम के बाद फिर आरंभ हुई और उत्तर प्रदेश में दाखिल हुई। गाजियाबाद में इस यात्रा के प्रवेश करने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और अन्य भारत यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी स्टेज पर साथ बैठे दिखे जहां राहुल गांधी अपनी बहन पर प्यार लुटाते दिखे। ये देख कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तालियां बजानी शुरू कर दीं। कांग्रेस ने ट्विटर पर ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘भाई बहन का निश्छल प्रेम’, इस वीडियो में ‘चार दिशाओं जैसी तुम हो...’ गाना भी चल रहा था। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हालांकि राहुल गांधी काफी अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। इससे पहले वे दिल्ली में अपनी मां सोनिया गांधी पर भी स्टेज पर खूब प्यार लुटाते नजर आए थे। ‘चार दिशाओं जैसी तुम हो...’ यह गाना भी सुनाई पड रहा था । प्रियंका गांधी ने अपने भाई का स्वागत करते हुए जोरदार भाषण भी दिया और राहुल गांधी को योद्धा बताया। उन्होंने राहुल गांधी की तरफ मुखातिब होते हुए कहा कि मेरे बड़े भाई, सबसे ज्यादा गर्व तुम पर है। सत्ता की ओर से पूरा जोर लगाया गया, सरकार ने हजारों करोड़ रुपये खर्च किए ताकि इनकी छवि खराब की जा सके, लेकिन वह सच्चाई से पीछे नहीं हटे। एजेंसियां लगाई गईं, लेकिन वह डरे नहीं, वह योद्धा हैं। प्रियंका गांधी ने दावा किया कि अडाणी और अंबानी ने देश के बड़े से बड़े नेता खरीद लिए, पीएसयू खरीद लिए, मीडिया खरीद लिया, लेकिन मेरे भाई को खरीद नहीं पाए और कभी खरीद भी नहीं सकते।
राहुल गांधी के ठंड में टी-शर्ट में घूमने पर प्रियंका गांधी ने कहा कि किसी ने मुझसे कहा कि क्या आपके भाई को ठंड नहीं लगती क्योंकि वह केवल एक टी-शर्ट पहनकर चल रहे हैं। किसी ने कहा कि इन्हें ठंड से बचाओ, जैकेट तो पहनवाओ। किसी ने कहा कि अब कश्मीर जा रहे हैं, क्या उनकी सुरक्षा को लेकर डर नहीं लगता? मेरा जवाब यह है कि वह सत्य का कवच पहने हुए हैं। भगवान इनको सुरक्षित रखेगा।
उत्तर प्रदेश में ये यात्रा पांच जनवरी तक रहेगी। छह जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में प्रवेश करेगी जहां यह 10 जनवरी तक रहेगी। इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी और एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुजरेगी। आगामी 20 जनवरी को ये यात्रा जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी और 30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी तिरंगा फहराएंगे और वहीं यह यात्रा संपन्न होगी। प्रियंका जी की कवच वाली बात अच्छी लगी लेकिन महाभारत की याद आ गयी महारथी सूर्यपुत्र कर्ण तो कवच के साथ अजेय कूण्डल भी पहने हुए था फिर भी पराजित हो गया। राजनीति के महाभारत भी सिर्फ कवच से नहीं जीते जाते कवच से ज्यादा कूटनीति विजय दिलाती है।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ