Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है अपना सहयोग हमारे इस खाते में जमा करने का कष्ट करें | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए राज्यपाल ने दिये 2 लाख 1 हजार रूपये

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए राज्यपाल ने दिये 2 लाख 1 हजार रूपये 


पटना, 18 जनवरी। अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि मंदिर के नवनिर्माण के लिए बिहार के राज्यपाल फागू चैहान ने 2,01,000/- (दो लाख एक हजार) रूपये की समर्पण राशि अर्पित की। उन्होंने अपना समर्पण चेक से प्रदान किया। महामहिम राज्यपाल से उक्त चेक विश्व हिन्दू परिषद् के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद्मश्री डाॅ. आर. एन. सिंह ने प्राप्त किया। पद्मश्री डाॅ. आर. एन. सिंह श्री राम जन्मभूमि समर्पण निधि समिति के बिहार प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक (बिहार-झारखंड) रामदत्त चक्रधर, श्री राम जन्मभूमि समर्पण निधि समिति के प्रदेश मंत्री डाॅ. मोहन सिंह, रा.स्व.संघ के दक्षिण बिहार प्रांत प्रचारक राणा प्रताप, बिहार भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री नागेन्द्र एवं विश्व हिन्दू परिषद् के क्षेत्रीय संगठन मंत्री (बिहार-झारखंड) केशव राजू भी उपस्थित थे। महामहिम राज्यपाल से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विश्व हिन्दू परिषद् के क्षेत्र संगठन मंत्री केशव राजू ने बताया कि महामहिम अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। राम मंदिर निर्माण में ही राष्ट्र नवनिर्माण के बीज छिपे हैं। गत वर्ष अयोध्या से जनकपुर के लिए एक यात्रा निकली थी। उस यात्रा का स्मरण करते हुए महामहिम ने कहा कि नेपाल की एक प्रमुख महिला राजनेता यात्रा को देखकर भावुक हो गयी थी। उन्होंने कहा कि उनके यहां भगवान श्रीराम को पहुना कहा जाता है। लेकिन, दुर्भाग्य है कि पहुना का अपना घर नहीं है। ऐसे में वे लोग जनकपुर से अपनी बेटी को कैसे विदा कर सकते हैं? माता जानकी का जन्म स्थान जनकपुर है, जो नेपाल में पड़ता है। उन्होंने केन्द्र सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि राम सर्किट में अयोध्या से जनकपुर तक एक अच्छी सड़क बनवाई जा रही है। इससे श्रद्धालुओं को दोनों स्थान की यात्रा करने में सुविधा होगी।
दिव्य रश्मि केवल समाचार पोर्टल ही नहीं समाज का दर्पण है |www.divyarashmi.com

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ