
बखरी थाना क्षेत्र के डरहा गांव में शनिवार की रात गोलीबारी में एक महादलित की मौत हो गई, पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही गांव पहुंचा, आक्रोशित लोगों ने शव को आरोपित के घर के सामने बीच सड़क पर रख दिया और वहीं शव जलाने पर अड़ गए। जिसके बाद धीरे-धीरे माहौल खराब होता चला गया। देखते ही देखते आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित हरिनारायण महतो के घर का ताला तोड़ घर में घुसकर घर में तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया।
इस दौरान आरोपी के घर पर खड़ी पुलिस बल मूक दर्शक बनी रही। लोग घर के साथ-साथ घर में रखे समानों को तोड़फोड़ करने लगे। वहीं आगजनी कर कपड़े और फर्नीचर को जलाना शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर आक्रोशित लोगों को रोकना चाहा, जिससे माहौल और बिगड़ता चला गया। लोगों ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया।जिस कारण कुछ देर के लिए पुलिस को पीछे हटना पड़ा।थानाध्यक्ष सहित दर्जनों पुलिस कर्मी जान बचाने के लिए पावर हाउस के बगल स्थित खेत की ओर भागे।
बाबजूद लोग खदेड़ कर पुलिस पर रोड़े बरसाते रहे। घटना में तीन से चार पुलिस के घायल होने की सूचना है। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा तीन से चार राउंड हवाई फायरिंग करने की बात सामने आई है। फायरिंग के बाद घटनास्थल पर जुटे लोग तितर बितड़ हो गए। फिर पुलिस द्वारा परिजनों को शव उठाने के लिए बाध्य करते हुए सड़क जाम खाली कराया गया।
पुलिस के सामने आरोपित के घर तांडव मचाते रहे लोग, मूक दर्शक बनी रही पुलिस
जिसके बाद आक्रोशित लोग आरोपित के घर घुसकर तांडव मचाते रहे और करीब एक घंटे तक पुलिस मूक दर्शक बनी रही।लोगों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया और घर में घुसकर तोडफ़ोड़ व आगजनी करने लगे।इस दौरान समझाने बुझाने गई पुलिस को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।लोग पुलिस से धक्कामुक्की करते उलझ गए।जिस दौरान पुलिस टीम बैकफुट पर दिखी और बेबस नजर आई।
बच्चों के विवाद ने लिया विस्फोटक रूप
घटना का कारण बताया जाता है कि शनिवार की सुबह लकड़ी काटने के विवाद में बच्चों के बीच झगड़ा हो गया। जिसके बाद दोनों के परिजन हरिनारायण महतो व योगेन्द्र सदा आपस में भीड़ गए। बात बढ़कर मारपीट में तब्दील हो गई।लोगों ने दोनों पक्ष को शांत करा दिया। एक बार फिर रात में दोनों पक्ष उलझ गए और मारपीट होने लगी।
जिसमें दोनों पक्ष के तीन लोग वीरन सदा, इन्दल सदा और टुनटुन महतो घायल हो गए। सूत्र बताते हैं कि मारपीट के क्रम में ही हरिनारायण महतो पक्ष के द्वारा गोलीबारी की गई। जिसमें योगेन्द्र सदा को गोली लगी। इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। तब आरोपित के भाई टुनटुन महतो को हिरासत में लिया गया था।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ डरहा गांव
पुलिस पर हमला और हवाई फायरिंग के बाद पूरा डरहा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। मौके पर एसडीओ अनिल कुमार, एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में गढ़पुरा, नावकोठी, परिहारा, डंडारी, चेरियाबरियारपुर व मंझौल थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।जिसके बाद पुलिसिया तांडव शुरू हो गया।
पुलिस महादलितों के घर में घुसकर खींचते हुए महिलाओं पर डंडे बरसाने लगे। महिलाओं और बच्चों की चीख चीत्कार से हाहाकार मच गया। लोग घर को छोड़ इधर-उधर खेत खलिहान की ओर भागने लगे। पुलिस की बर्बरता में करीब आठ से दस महिला-पुरुषों के चोटिल होने की सूचना प्राप्त हो रही है। इस पूरे वारदात के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
बवाल के बाद सवालों के घेरे में पुलिस
इतनी बड़ी वारदात व बवाल के बाद पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। आखिर जब शनिवार की सुबह से ही झड़प शुरू थी। फिर रात में गोलीबारी की घटना में 40 वर्षीय योगेन्द्र सदा को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। तब इन घटनाओं से पुलिस ने सबक क्यों नहीं लिया। सूत्र बताते हैं कि हरिनारायण महतो की छवि आपराधिक किस्म की रही है।
वर्ष 2016 के एक मामले में भी उसका नाम सामने आया था। तब वह महादलित गोपाल सदा की हत्या का नामजद अभियुक्त बना था। जिस वजह से उसके प्रति महादलित समुदाय का आक्रोश चरम पर था। फिर भी शव आने के बाद पुलिस फीलगुड में रही और बगैर तैयारी के परिहारा ओपी की पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंची।
इस पूरे प्रकरण पर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने हवाई फायरिंग की घटना से इंकार करते हुए हंगामा में शामिल दस लोगों के हिरासत में लिए जाने की बात बताई है। -ओमप्रकाश, एसडीपीओ
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/bihar/patna/bkhri/news/one-killed-by-a-bullet-in-a-childrens-dispute-outrageous-people-vandalized-the-house-of-the-accused-127531072.html
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com