उत्पाद विभाग ने सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के डंडारी वार्ड एक में नदी के समीप सड़क किनारे से ट्रक से अनलोड की जा रही शराब की एक बड़ी खेप को जब्त कर लिया। मामला गुरुवार देर रात लगभग डेढ़ बजे का है। इस दौरान टीम ने एक बंगाल नंबर का 10 चक्का वाला ट्रक और एक पिकअप को भी जब्त करते हुए सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लतौना का ड्राइवर संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अंधेरे का लाभ उठाकर शराब तस्करी का मुख्य सरगना डंडारी का मुकेश मंडल, उसका सहयोगी कुमारखंड का विक्की सिंह, ट्रक ड्राइवर, पिकअप का मालिक त्रिवेणीगंज का संजीव चौधरी फरार हो गए।
सिंहेश्वर थाने में शराब की गिनती की गई तो छोटे-बड़े साइज के 11886 बोतल जिसका वजन 2648.97 लीटर आंका गया। जब्त की गई शराब की कीमत 15 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में सात लोगों के खिलाफ सिंहेश्वर थाने में केस दर्ज हुआ है। उत्पाद विभाग के कर्मियों ने जुगाड़ लगाकर शराब सहित ट्रक को थाना लाए। तस्करों ने ट्रक पर शराब के कार्टन के आगे छोटे-छोटे बोरों में धान की भूसी भी रख दी थी। सूचना सही के कारण उत्पाद विभाग की टीम सफल हुई। जब्त शराब मेघालय और अरुणाचल प्रदेश निर्मित है। अगर ट्रक का ड्राइवर गिरफ्तार हुआ होता तो इस बात का भी खुलासा होता कि ट्रक बंगाल के रास्ते सीधे सारे थानों की सीमा को क्रास कर सिंहेश्वर के डंडारी आया या फिर सूबे के किसी जिले में दूसरे वाहन से पकड़े गए ट्रक में लोड किया गया। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार यादव ने बताया कि उत्पाद विभाग के आवेदन पर मामला दर्जकर लिया गया है।
सिंहेश्वर में बड़े पैमाने पर हो रही है शराब की तस्करी
शराब तस्करी में डंडारी के जिस मुकेश मंडल का नाम आया है, पूर्व में वह मंदिर रोड में मनिहारी की दुकान चलाता था। मुरलीगंज थाना क्षेत्र में मवेशी की चोरी करने में भी उसका नाम आया था। कई महंगी गाड़ियां भी वह चलवाता है। सूत्रों की माने तो सिंहेश्वर क्षेत्र में अन्य कुछ बड़े शराब के तस्कर सक्रिय हैं, जो बाहर से ज्यादा मात्रा में शराब की खेप मंगाते हैं। हालांकि इनमें से कई लोग अब तक पुलिस या उत्पाद विभाग की गिरफ्त में नहीं आ पाए हैं।
बोला चालक- पिकअप इंद्रादेवी के नाम से है रजिस्टर्ड
उत्पाद अधीक्षक सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि गुरुवार की रात लगभग 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि तस्कर मुकेश मंडल और विक्की सिंह की शराब की एक बड़ी खेप डंडारी में आ रही है। इसके बाद इंस्पेक्टर भिखारी कुमार, दारोगा प्रभुनाथ सिंह, नीतीश कुमार, अविनाश कुमार, राज किशोर, संतोष कुमार व पुरुषोत्तम कुमार के साथ जब करीब डेढ़ बजे डंडारी वार्ड-एक में नदी के पास पहुंचे, तो देखा कि डब्ल्यूबी- 23-बी- 0450 नंबर के एक ट्रक से बोलेरो पिकअप पर शराब का कार्टन लोड किया जा रहा है। हालांकि टीम को समीप पहुंचता देख तस्कर और उसके सहयोगी फरार हो गए। लेकिन टीम ने पिकअप पर बैठे संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। चालक सुपौल जिले के लतौना त्रिवेणीगंज वार्ड संख्या-एक का रहने वाला है। जब्त की गई शराब में सबसे अधिक विदेशी शराब मैक्डोवेल और रॉयल चैलेंजर्स की लगभग 2651.97 लीटर है। जिसमें से ट्रक पर 2435.97 लीटर और पिकअप पर 216 लीटर था। शराब अरुणाचल प्रदेश और मेघायल में बनी है। पिकअप के चालक ने बताया कि गाड़ी त्रिवेणीगंज वार्ड संख्या- 10 निवासी संजीव चौधरी की है। गाड़ी उसकी मां इंद्रा देवी के नाम से रजिस्टर्ड है। गाड़ी संजीव ही चला रहा था। बगल में बैठ कर वह गाड़ी चलाना सीख रहा था। दूसरी ओर, त्रिवेणीगंज से मिली जानकारी के अनुसार, संजीव अपने अन्य रिश्तेदार के साथ लंबे समय से शराब की तस्करी में संलिप्त है। त्रिवेणीगंज पुलिस ने उसे कई बार पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह बच निकलता था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/bihar/bhagalpur/singheswar/news/arunachal-and-meghalaya-made-liquor-worth-rs-15-lakh-truck-driver-absconding-pickup-arrested-127473642.html

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews