बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 11460 हो गई है। शनिवार को 349 नए कोरोना मरीज मिले। कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 91 हो गई है। वहीं, 8488 मरीज स्वस्थ्य हुए हैं। शनिवार को बिहार के पहले बड़े अधिकारी की कोरोना से मौत हो गई। समस्तीपुर के जिला कायक्रम पदाधिकारी सुनील कुमार तिवारी की मौत हुई। वे 58 साल के थे। 2 जून को एम्स में भर्ती हुए थे। उसी दिन से वेंटिलेटर पर थे। डॉक्टरों ने 32 दिन उनका इलाज किया पर कोरोना से उनकी मौत हो गई। जानकारों का कहना है कि तिवारी देश के पहले ऐसे कोरोना मरीज हैं जो इतने दिन वेंटिलेटर पर रहे पर उनकी मौत हो गई। उन्हें डायबिटीज की बीमारी थी। उनका शूगर लेवल कम नहीं हुआ। तिवारी आलमगंज के बजरंगपुरी में रहते थे। संक्रमित होने से पहले वे समस्तीपुर से आए थे।
आईजीआईसी में मिला संक्रमित, कैथ लैब तीन दिन के लिए बंद
इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान पटना में एक दिल का मरीज कोरोना संक्रमित मिला है। इसके बाद कैथ लैब को शनिवार से 3 दिन के लिए सील कर दिया गया। उसे पेसमेकर लगाने वाले दो चिकित्सक और एक नर्स को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। निदेशक डॉ. अरविंद कुमार ने भी इसकी पुष्टि की। उधर, पीएमसीएच के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में कोरोना जांच शुरू हो गई है। शुक्रवार से यहां जांच बंद थी। यहां हर दिन करीब 500 सैंपल की जांच होती है। प्राचार्य डॉ. विद्यापति चौधरी के मुताबिक लैब को सेनेटाइज करा दिया गया है। आरएमआरआई में सोमवार से जांच होगी।
सचिवालय कर्मी मास्क नहीं लगाने, खैनी खाने पर सस्पेंड
सचिवालय के वित्त विभाग में खैनी खाना एक उच्च वर्गीय लिपिक (यूडीसी) विवेक कुमार को महंगा पड़ा। विभाग ने खैनी खाकर थूकने और बिना मास्क के दफ्तर आने के आरोप में उन्हें निलंबित कर दिया। विभाग के उप सचिव द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा है कि यूडीसी को पहले हिदायत भी दी गई थी। उसके बाद भी वे कार्यालय बिना मास्क के आ रहे थे।
पटना सिटी की सड़कें सूनीं, दुकानें बंद, वाहन परिचालन ठप
पटना सिटी में शनिवार को भी नौ संक्रमित मिले हैं। गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के प्रबंधक शब्बीर अहमद ने बताया कि पाटली ग्राम की 36 व 45 वर्षीय महिला, पश्चिम दरवाजा के 32 वर्षीय युवक, सदर गली के 28 वर्षीय युवक, डंकाकुचा खाजेकलां की 55 वर्षीया महिला, खाजेकलां नीम घाट के 20 वर्षीय युवक व 50 वर्षीय महिला, जलवाचक के 55 वर्षीय अधेड़ और 60 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उधर एनएमसीएच में भर्ती 31 संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें पटना के 21 हैं। कोरोना का कहर राजधानी में सबसे अधिक पटना सिटी में दिख रहा है। जिंदगी घरों में कैद है। थोक और खुदरा बाजारों में ताला लटक रहे हैं। लोगों में भी जागरुकता है। खुद अपनी गलियों व मोहल्लों के आगे घेराबंदी कर रहे हैं। बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं।
अशोक राजपथ में शहीद भगत सिंह चौक मोड़, खाजेकलां सब्जी मंडी, सदर गली मोड़, पश्चिम दरवाजा, बौली मोड़, शेरशाह पथ में आंबेडकर गोलंबर तक, महावीर घाट मोड़, सुदर्शन पथ में रानीपुर, नून के चौराहा समेत अन्य जगहों पर बांस-बल्ला लगा है। कंटेनमेंट व बफर जोन में केवल आवश्यक सामग्री की दुकानें ही खुली हैं। एसडीओ राजेश रौशन ने बताया कि संक्रमण रोकने के लिए 18 कंटेनमेंट जोन बना कर 12 सेक्टरों में बांटा गया है। आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों को बफर जोन में शामिल किया गया है।
- राज्य में 11460 संक्रमित: पटना 1045, भागलपुर 568, सीवान 552, बेगूसराय 497, मुजफ्फरपुर 497, मधुबनी 473, मुंगेर 382, रोहतास 377, समस्तीपुर 361, कटिहार 350, नालंदा 340, नवादा 337, गोपालगंज 337, दरभंगा 334, पूर्णिया 310, खगड़िया 321, औरंगाबाद 293, गया 291, प. चंपारण 284, जहानाबाद 276, सारण 270, सुपौल 268, भोजपुर 267, सहरसा 256, पू. चंपारण 246, बांका 240, बक्सर 234, कैमूर 215, मधेपुरा 216, वैशाली 216, किशनगंज 187, शेखपुरा 167, सीतामढ़ी 148, लखीसराय 133, अररिया 131, अरवल 116, शिवहर 95 और जमुई में 92 मरीज मिले हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/bihar/news/11460-infected-in-the-state-figure-of-close-to-century-bihar-patna-127479958.html

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews