पटना। बापू टावर (Bapu Tower) और प्लैनेट पटना (Planet Patna) के संयुक्त प्रयास से आज सुबह पटना में एक विशेष हेरिटेज वॉक "बापू मार्च: वाकिंग इन द फुटप्रिंट्स ऑफ महात्मा गांधी" का सफल आयोजन किया गया। इस हेरिटेज वॉक का मुख्य उद्देश्य युवाओं और शहरवासियों को महात्मा गांधी के विचारों, उनके जीवन मूल्यों तथा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों से अवगत कराना था।
इस हेरिटेज वॉक में बापू टावर के निदेशक श्री विनय कुमार (भा.प्र.से.), उप निदेशक श्री ललित कुमार सिंह, प्लैनेट पटना के निदेशक डॉ. अजफर अहमद तथा पटना के जाने-माने डाक टिकट संग्रहकर्ता श्री प्रदीप जैन सहित कुल 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही, जिन्हें बापू के जीवन और उनके विचारों को करीब से जानने व समझने का अवसर मिला।
ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण एवं विस्तृत जानकारी
लगभग साढ़े चार घंटे तक चले इस वॉक के दौरान प्रतिभागियों ने पटना के ऐतिहासिक व महात्मा गांधी से जुड़े प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया:
1. राजेंद्र स्मृति संग्रहालय: देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को समर्पित संग्रहालय।
2. बिहार विद्यापीठ: राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता संग्राम का प्रमुख केंद्र।
3. सदाकत आश्रम: बिहार के स्वतंत्रता आंदोलन का मुख्य केंद्र बिंदु।
4. गांधी कुटीर (ए. एन. सिन्हा संस्थान): वह ऐतिहासिक स्थान जहाँ महात्मा गांधी पटना प्रवास के दौरान ठहरे थे।
5. गांधी संग्रहालय: अहिंसा के सिद्धांतों और बापू की जीवनी पर आधारित संग्रहालय।
6. गांधी घाट (एनआईटी घाट): वह स्थान जहाँ बापू की अस्थियों का विसर्जन किया गया था।
हेरिटेज वॉक का अंतिम पड़ाव बापू टावर रहा। वॉक के दौरान कृति सेन और श्याम प्रिया ने सभी प्रतिभागियों को विभिन्न स्थलों के इतिहास और महत्व की विस्तार से जानकारी दी।
बिहार विद्यापीठ के संयुक्त सचिव श्री अवधेश कुमार नारायण ने बापू मार्च में आए तमाम प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए हर्ष जताया। उन्होंने राजेंद्र स्मृति संग्रहालय, झंडा चौक, मौ. मज़हरूल हक स्मारक पुस्तकालय के इतिहास के साथ-साथ उनसे जुड़े किस्से भी सुनाए।
वहीं गांधी संग्रहालय के संयुक्त सचिव श्री आसिफ वसी ने विस्तार से अपने संस्थान और बापू के बारे में विस्तृत जानकारी दी और इस मार्च का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को बापू के मूल्यों से अवगत कराने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का लगातार होना चाहिए और वह ऐसे कार्यक्रमों के लिए हमेंशा तत्पर हैं।
इस आयोजन को सफल बनाने में बापू टावर की ओर से अजय कुमार सिंह (अवर सचिव), अरुण कुमार पाठक (अवर सचिव) व अजय कुमार (सहायक प्रशाखा पदाधिकारी) तथा प्लैनेट पटना से राहुल कुमार ने अहम भूमिका निभाई।
अनुभव एवं विचार साझा
• श्री विनय कुमार (आई.ए.एस.), निदेशक, बापू टावर: अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा, "मैंने बिहार विद्यापीठ स्थित हाई स्कूल से ही अपनी पढ़ाई पूरी की है। आज यहाँ पुनः वापस आकर ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो मेरे बचपन के दिनों की पुरानी और सुनहरी यादें फिर से ताजा हो गई हैं।"
• श्री ललित कुमार सिंह, उप निदेशक, बापू टावर: भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, "जिस प्रकार पूज्य बापू ने अपना मार्च पटना से शुरू कर चंपारण तक किया था, उसी तर्ज पर निकट भविष्य में बापू टावर और प्लैनेट पटना के सम्मिलित प्रयास से हम भी अपने हेरिटेज वॉक को चंपारण तक ले जाने का प्रयास करेंगे।"
धन्यवाद ज्ञापन एवं समापन
कार्यक्रम के अंत में वापस बापू टावर पहुँचने के बाद निदेशक श्री विनय कुमार और डॉ. अजफर अहमद ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके साथ ही उन्होंने सभी से बापू के जीवन मूल्यों का पालन करने और उनके दिखाए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर 'करियर लॉन्चर' की छात्राओं ने भी हेरिटेज वॉक के अपने बेहतरीन अनुभव साझा किए और इस प्रकार के ज्ञानवर्धक आयोजन पर अत्यंत हर्ष व्यक्त किया।
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews