जो शेष है, वो ही विशेष है
कुमार महेंद्र
जो बीत गया, वह छाया थी,
स्वप्नों की एक माया थी।
उसका अब शोक मनाना क्या,
बीते पल पर पछताना क्या?
वर्तमान को सँवारकर जियो,
हाथों में जो अब भी शेष है।
जो शेष है, वो ही विशेष है।।
टूटे पत्तों की पीड़ा में,
मत भूलो नव-किसलय को तुम।
पतझड़ के सूने आँगन में,
पहचानो मधुमय लय को तुम।
हर अंत नया आरंभ लिए,
सृजन का यही उन्मेष है।
जो शेष है, वो ही विशेष है।।
अँधियारा कितना गहरा हो,
दीपक फिर भी जलता है।
सौ बार गिरे जो राहों में,
वह फिर उठकर चलता है।
आशा के रंग भर लो मन में,
जीवन का यही आदेश है।
जो शेष है, वो ही विशेष है।।
सब कुछ लुट जाने पर भी,
जो मन में विश्वास जगाता है।
खंडहर की बिखरी ईंटों से,
नव महल वही बनाता है।
जीवन अद्भुत प्रहेलिका है,
हर मोड़ नया परिवेश है।
जो शेष है, वो ही विशेष है।।
मत गिनो कि क्या छूट गया,
किस मोड़ पे छूटा किनारा है।
इस पल की मुट्ठी खोलो,
देखो कितना उजियारा है।
अंधकार से मत घबराओ,
हर भोर नया संदेश है।
जो शेष है, वो ही विशेष है।।
कुमार महेंद्र
(स्वरचित मौलिक रचना)
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें|
हमारे फेसबुक पेज से जुड़े
https://www.facebook.com/divyarashmimag
हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें
https://www.youtube.com/divyarashminews
हमें ट्विटर पर फॉलो करे :-
https://x.com/DivyaRashmi8
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews