उन्नत किस्म, गुणवत्तापूर्ण बीज और क्षेत्र विस्तार से दलहन-तिलहन में आत्मनिर्भर होगा बिहार

योजनाओं की स्वीकृति से किसानों तक लाभ पहुंचाने की तय होगी समयसीमा
*~ श्री विजय कुमार सिन्हा*
01 अक्टूबर 2026
*पटना।* राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन–रबी अभियान 2026 के उपरांत आज माननीय कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के विभिन्न संयुक्त सचिवों द्वारा किए गए प्रस्तुतिकरण की समीक्षा की। इस दौरान बिहार में संचालित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कमियों एवं सुधार की आवश्यकताओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कृषि मंत्री ने आगामी वासंतिक (रबी) मौसम की फसलों के तैयारियों के साथ-साथ राज्य में दलहन एवं तिलहन के उत्पादन और क्षेत्र विस्तार को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से कार्य करने का निदेश दिया।
*दलहन-तिलहन के क्षेत्र विस्तार के लिए विशेष रणनीति*
माननीय कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार में दलहन एवं तिलहन के क्षेत्र विस्तार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। खरीफ एवं रबी दोनों मौसमों में इन फसलों के क्षेत्र को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विशेष रूप से धान की कटाई के बाद खाली रहने वाली भूमि में दलहन एवं तिलहन की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि फसल सघनता बढ़ाने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि की जा सके।उन्होंने कहा कि राज्य के प्रगतिशील किसानों को दलहन एवं तिलहन उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा तथा उनके सफल अनुभवों को अन्य किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
*उन्नत किस्मों के ट्रायल एवं अनुसंधान को बढ़ावा*
माननीय कृषि मंत्री ने कहा कि अन्य राज्यों की अधिसूचित एवं उपयुक्त किस्मों का बिहार की कृषि-जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप ट्रायल कराया जाएगा। सफल पाई जाने वाली किस्मों को राज्य के किसानों के लिए उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय एवं डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के साथ राज्य की आवश्यकता के अनुरूप नई एवं उन्नत किस्मों के विकास तथा अनुसंधान कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने दलहन एवं तिलहन के गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सीड हब विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया।
*जिलों में लक्ष्य निर्धारित कर तैयार होगी कार्ययोजना*
माननीय मंत्री ने कहा कि सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने प्रखंड कृषि पदाधिकारियों के साथ बैठक कर दलहन एवं तिलहन के क्षेत्र विस्तार के लिए अनुकूल क्षेत्रों की पहचान करेंगे। चिन्हित क्षेत्रों के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे तथा संबंधित नोडल पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपकर कार्य की नियमित निगरानी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि फसल क्षेत्र एवं उत्पादन से संबंधित आंकड़ों के संग्रहण के दौरान जिला स्तर पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सही एवं प्रमाणिक आंकड़ों का संग्रहण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि राज्य में दलहन एवं तिलहन के वास्तविक क्षेत्रफल, उत्पादन एवं उत्पादकता की सही तस्वीर सामने आ सके।
*योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए टाइमलाइन तैयार करने का निर्देश*
कृषि मंत्री ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी निदेशालयों के निदेशकों को योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए स्पष्ट टाइमलाइन तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजना की स्वीकृति से लेकर उसके क्रियान्वयन एवं किसानों तक लाभ पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया समयबद्ध होनी चाहिए, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ सही समय पर मिल सके।
उन्होंने सभी नोडल पदाधिकारियों को केंद्र प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता एवं तत्परता के साथ कार्य करने तथा योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे फेसबुक पेज से जुड़े https://www.facebook.com/divyarashmimag हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews हमें ट्विटर पर फॉलो करे :- https://x.com/DivyaRashmi8

0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com
#NEWS,
#hindinews